कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के पास फिर हुई फायरिंग: सोशल मीडिया पर मिली धमकी के बाद एजेंसियां हाई अलर्ट पर
इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा के सरे (Surrey) शहर में बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े ‘कैप्स कैफे’ (Caps Cafe) के पास एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। यह घटना 120 स्ट्रीट क्षेत्र में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बन गया है।
जांच और सुरक्षा के कड़े इंतजाम: स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को लेकर काफी सक्रिय हो गई हैं। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का पता लगाया जा सके। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी का सीधा निशाना कौन सा प्रतिष्ठान था।
धमकी भरे पोस्ट और पिछला इतिहास: रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ धमकी भरे पोस्ट भी सामने आए हैं, जिनमें कपिल शर्मा और उनके कैफे को लेकर चेतावनी दी गई है। हालांकि, इन पोस्ट्स की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी इसी प्रतिष्ठान के पास फायरिंग हुई थी, जिसमें खिड़कियों के शीशे टूटे थे और संपत्ति को नुकसान पहुँचा था।फिलहाल कपिल शर्मा की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, और वह अपने आगामी नेटफ्लिक्स शो और अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं।

