कोटा में भीषण हादसा: भरभराकर गिरी निर्माणाधीन इमारत, 20 बच्चे दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नेशनल डेस्क : राजस्थान के कोटा शहर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार शाम करीब 8:45 बजे जवाहर नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा विहार में एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत अचानक गिर गई। इस इमारत में ‘मुरादाबादी नॉन वेज रेस्टोरेंट’ संचालित हो रहा था, जिसके कारण हादसे के समय वहां कई लोग मौजूद थे।
20 बच्चों के दबे होने की आशंका : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मलबे में 20 बच्चों के दबे होने की खबर है। जिला कलेक्टर ने अब तक सात लोगों के घायल होने की पुष्टि की है, जिनमें से दो बच्चों की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
राहत और बचाव कार्य : हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुँच गईं। स्थानीय निवासियों ने भी तुरंत मलबे से लोगों को निकालने में मदद की। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
देरी से पहुँची क्रेन, लोगों में आक्रोश : रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ गुस्सा देखा गया। निवासियों का आरोप है कि मलबे को हटाने के लिए जरूरी क्रेन करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुँची, जिससे शुरुआती बचाव कार्य की गति काफी धीमी रही। फिलहाल बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

