ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना: 9 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव; पुलिस की लापरवाही पर भड़का परिवार

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ 9 साल के मासूम बच्चे ‘अमन’ की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बीते तीन दिनों से लापता इस बच्चे का शव शनिवार शाम को कासाबाद गाँव के पास झाड़ियों से बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, बच्चे का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतारा गया है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल: इस मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे इंसाफ के लिए कई थानों (सलेम टाबरी, बस्ती जोधेवाल, मेहरबान और लाडोवाल) के चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस ‘इलाका हमारा नहीं है’ कहकर उन्हें टालती रही। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह से बच्चे का शव मिला, वह इलाका अंत में सलेम टाबरी थाने के अधीन ही निकला।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: मृतक अमन की माँ अनीशा ने बताया कि 5 फरवरी को घर के बाहर पतंग उड़ाते समय उनका बेटा अचानक गायब हो गया था। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते उनकी शिकायत सुनी होती और तलाश शुरू की होती, तो शायद बच्चा आज जिंदा होता।

बच्चे का शव घर से महज 50 मीटर की दूरी पर ही मिला। तीन दिनों तक कोई कार्रवाई न होने पर जब परिवार ने धरना दिया, तब जाकर पुलिस प्रशासन हरकत में आया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिवार ने लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *