ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप: फरीदकोट में पारा 45.2°C पहुँचा, चंडीगढ़ में ‘ऑरेंज अलर्ट’ के बीच बारिश की उम्मीद

पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जहाँ तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, फरीदकोट 45.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। पंजाब के 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुँच चुका है, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया है।

हीट वेव और वार्म नाइट का अलर्ट : चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने चंडीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहाँ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएँ चलने की संभावना है। इसके साथ ही, पंजाब के 12 जिलों (जैसे अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, और मानसा) में हीट वेव (लू) और 7 जिलों में ‘वार्म नाइट’ का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर निकलने से बचें।

पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी राहत : गर्मी के इस सितम के बीच राहत की खबर भी है। आसमान में एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 27 अप्रैल से 1 मई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और आंधी चलने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 दिनों के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *