विवेक विहार अग्निकांड: AC ब्लास्ट के बाद 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत
नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।तड़के हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी : जानकारी के अनुसार, आग रविवार सुबह करीब 3:15 बजे लगी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग की शुरुआत एक फ्लैट से हुई, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं और आग की लपटों के कारण इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। दमकल विभाग की गाड़ियां सूचना मिलने के बाद करीब 3:35 बजे मौके पर पहुँचीं और बचाव कार्य शुरू किया।AC ब्लास्ट की आशंका : शुरुआती जांच और स्थानीय चश्मदीदों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण एयर कंडीशनर (AC) में हुआ धमाका बताया जा रहा है। हालांकि, फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग के अधिकारी अभी भी आग लगने के सटीक कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।प्रशासनिक कार्रवाई और राहत कार्य : शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीना ने पुष्टि की है कि अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें इमारत के हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रही हैं। आग में झुलसे 12 लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

