ब्रेकिंग न्यूज़
कपूरथला ट्रिपल डेथ केस: मां और दूसरी बेटी की भी मौत, गांव में छाया मातम

कपूरथला / सत्ता संदेश

काला संघिया क्षेत्र के गांव मल्लू कादराबाद में जहरीला पदार्थ पीने का मामला अब ट्रिपल डेथ में बदल गया है। सिविल अस्पताल कपूरथला में 6 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर की गई 28 वर्षीय संतोष कुमारी और उसकी 8 वर्षीय बेटी अमृता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में अब मृतकों की संख्या तीन हो गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात संतोष कुमारी और उसकी दोनों बेटियों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कपूरथला सिविल अस्पताल लाया गया था। यहां उपचार के दौरान 6 वर्षीय खुशी की मौत हो गई थी, जबकि मां और बड़ी बेटी को गंभीर हालत में अमृतसर रेफर किया गया था, जहां दोनों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मामले में घटना के कारण को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मृतका के पति का आरोप है कि घरेलू विवाद के चलते महिला ने कथित तौर पर खुद और अपनी दोनों बेटियों को कीटनाशक मिला पानी पिला दिया। वहीं, महिला के मायके पक्ष का कहना है कि खेत में काम करते समय कीटनाशक की खाली बोतल में रखा पानी गलती से पी लेने से यह हादसा हुआ।

परिवार का दो वर्षीय बेटा उस समय घर पर मौजूद होने के कारण सुरक्षित बच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस चौकी काला संघिया के प्रभारी एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतका के मायके पक्ष के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने खेत में काम करते समय कीटनाशक की खाली बोतल में रखा पानी स्वयं भी पी लिया और अपनी दोनों बेटियों को भी पिला दिया, जिसके कुछ समय बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *