ब्रेकिंग न्यूज़
CBC चंडीगढ़ ने साइबर जागरुकता और सोशल मीडिया के प्रभाव पर किया कार्यशाला का आयोजन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ द्वारा “साइबर जागरूकता एवं सोशल मीडिया का प्रभाव” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) के क्षेत्रीय कार्यालय तथा विभिन्न फील्ड कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्री प्रीतम सिंह, निदेशक, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रभावी जनसंचार के लिए साइबर जागरूकता और सोशल मीडिया का जिम्मेदार उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील सूचनाओं के साथ कार्य किया जाता है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को साइबर खतरों, फिशिंग, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहना चाहिए।

श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया जनसंचार और नागरिकों तक सरकारी सूचनाएं पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। हालांकि, इसकी प्रभावशीलता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता और स्रोत की पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय आधिकारिक जानकारी, व्यक्तिगत डेटा एवं संवेदनशील सूचनाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

सुश्री सपना, उप निदेशक, केंद्रीय संचार ब्यूरो, चंडीगढ़ ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के दौर में प्रत्येक सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए डिजिटल और साइबर जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी योजनाओं, नीतियों और जनहितकारी सूचनाओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है, लेकिन इसके साथ गलत सूचना और भ्रामक सामग्री के प्रसार की चुनौती भी मौजूद है। उन्होंने प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, संदिग्ध लिंक एवं अटैचमेंट से सावधान रहने तथा किसी भी असामान्य ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।

कार्यशाला में डॉ. सुमेधा सिंह, प्रोफेसर, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ ने “सोशल मीडिया का प्रभाव” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया के बदलते स्वरूप और समाज, संचार तथा जनमत पर इसके प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने सूचनाओं के आदान-प्रदान और लोगों से जुड़ने की प्रक्रिया को तेज एवं आसान बनाया है। इसके माध्यम से जागरूकता, जनभागीदारी और सूचना के व्यापक प्रसार को बढ़ावा दिया जा सकता है, लेकिन इसके साथ गलत सूचना, अपुष्ट सामग्री तथा सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग जैसी चुनौतियां भी सामने आई हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से सोशल मीडिया का संतुलित, विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग करने का आग्रह किया।

श्री गुरचरण सिंह, फैकल्टी सदस्य, केंद्रीय अन्वेषण प्रशिक्षण संस्थान (CDTI), चंडीगढ़ ने “साइबर जागरूकता” विषय पर प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न प्रकार के साइबर खतरों और उनसे बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संदिग्ध ई-मेल, संदेश, लिंक और ऑनलाइन अनुरोधों पर सावधानी बरतने तथा महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर घटनाओं की समय पर रिपोर्टिंग को साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित व्यवहारिक सावधानियों, डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग तथा सोशल मीडिया पर जिम्मेदार आचरण के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के प्रभाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा अपने अनुभव भी साझा किए।

कार्यशाला का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर खतरों एवं सोशल मीडिया से संबंधित चुनौतियों के प्रति अधिक जागरूक बनाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *