जापान के आम चुनाव में प्रधानमंत्री ताकाइची की पार्टी को मिला दो तिहाई बहुमत : मीडिया
तोक्यो,सत्ता संदेश (एपी) जापान में रविवार को हुए आम चुनाव में प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी नीत गठबंधन ने संसद में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है। जापानी मीडिया ने यह जानकारी दी।
ताकाइची ने सरकारी टेलीविजन नेटवर्क एनएचके को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि ऐतिहासिक जीत के बाद अब वह अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
एनएचके ने मतगणना परिणामों का हवाला देते हुए बताया कि रविवार देर रात तक ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने अकेले 316 सीटें हासिल कर ली थीं, जिससे उसे संसद के 465 सदस्यीय निचले सदन में बहुमत मिल गया है। निम्न सदन में बहुमत का जादुई आंकड़ा 261 सीट है।
लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी का गठन 1955 में हुआ था और अबतक की यह उसकी सबसे बड़ी जीत है। पार्टी ने 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री यासुहिरो नाकासोन द्वारा जीती गई 300 सीट के पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है।