ब्रेकिंग न्यूज़
फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर पर फैसले से पहले सोना वायदा कीमतों में गिरावट

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) अमेरिकी फेडरल रिज़र्व के मौद्रिक नीति संबंधी फ़ैसले से पहले निवेशकों द्वारा सतर्कता का रुख बरतने से वायदा कारोबार में बुधवार को सोने की कीमत 256 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,729 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 256 रुपये यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,55,729 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 7,734 लॉट का कारोबार हुआ।

इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, जिगर त्रिवेदी ने कहा कि सोने की कीमतें दबाव में रहीं, क्योंकि निवेशक फेडरल रिजर्व के मौद्रिक नीति के फैसले से पहले, तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का महंगाई पर पड़ने वाले असर का आकलन करते रहे।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, अप्रैल अनुबंध वाले सोने के वायदा भाव कॉमेक्स में मामूली बढ़त के साथ 5,013.01 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे।

ऑगमोंट की शोध प्रमुख, रेनीशा चैनानी ने कहा, ‘‘अमेरिका-इजरायल-ईरान संघर्ष में तेज़ी, जिसमें ऊर्जा बुनियादी ढांचा पर हमले और होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावटें शामिल हैं, ने तेल बाजारों में आपूर्ति से जुड़ी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।’’

उन्होंने कहा कि बढ़ती ऊर्जा कीमतों का महंगाई पर पड़ने वाला असर मौद्रिक ढील की उम्मीदों में देरी कर रहा है, जिससे कीमती धातुओं के लिए मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं।

इंडसइंड सिक्योरिटीज के त्रिवेदी ने कहा कि कमजोरी के बावजूद, वैश्विक बाजार में इस साल अब तक सोने की कीमतें करीब 16 प्रतिशत ऊपर बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *