ब्रेकिंग न्यूज़
“खजुराहो में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का 25 दिवसीय काउंटडाउन शुरू”

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

आयुष मंत्रालय का मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) कल मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो स्थित पश्चिमी मंदिर समूह में योग महोत्सव आयोजित करेगा, जिसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की 25 दिनों की उलटी गिनती आरंभ हो जाएगी।

कार्यक्रम से पहले, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने आज खजुराहो में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इसमें खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा और राजनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री अरविंद पटेरिया भी उपस्थित रहे।

श्री प्रतापराव जाधव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि योग महोत्सव-2026 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 की राष्ट्रव्यापी तैयारियों का महत्वपूर्ण आयोजन है और यह देश भर में योग की व्यापकता बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले जागरूकता बढ़ाने और व्यापक जनभागीदारी प्रोत्साहित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन हेतु 100 स्थानों पर 100 संस्थानों के सहयोग से 100 दिनों का राष्ट्रव्यापी काउंट डाउन (उलटी गिनती) अभियान चला रहा है।

श्री जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के अभिन्न अंग योग को संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2014 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में अपनाने के बाद से यह समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के वैश्विक आंदोलन बन गया है। उन्होंने कहा कि योग 365 दिन पहल के तहत, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय के सहयोग से, 21 जून तक 100 दिनों का निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान चला रहा है, जिसमें दो लाख से अधिक प्रतिभागी पहले ही योग मित्र के रूप में पंजीकृत हुए हैं।

केंद्रीय आयुष मंत्री ने इस आयोजन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अनमोल उपहार है, जिसने पूरी दुनिया को संतुलित, समग्र और स्वस्थ जीवनशैली का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि जीवनशैली से जुड़ी बढ़ती चुनौतियों के वर्तमान समय में योग एक प्रभावी और वैज्ञानिक तौर पर प्रमाणित स्वास्थ्य समाधान के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि खजुराहो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है, और ऐसे ऐतिहासिक स्थल पर 25 दिवसीय योग महोत्सव आयोजित किया जाना भारतीय परंपरा और आधुनिक स्वास्थ्य के बीच के सामंजस्य को सुंदरता से दर्शाता है। केंद्रीय आयुष मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव योग की वैश्विक स्वीकृति को और बढ़ाने तथा लोगों के बीच इसके व्यापक प्रसार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *