लुधियाना में मिलावटखोरों पर शिकंजा: फूड सेफ्टी टीम ने 11 दुकानों से लिए दूध, पनीर और आइसक्रीम के सैंपल
पंजाब डेस्क: लुधियाना के निवासियों को शुद्ध और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया,। जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. संदीप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने पॉश इलाकों से लेकर बाहरी कस्बों तक कई दुकानों का निरीक्षण किया।
इन इलाकों में हुई छापेमारी और लिए गए सैंपल: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के बीआरएस नगर, सुनेत और पक्खोवाल रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जांच की। यहाँ से रोजमर्रा के आहार में इस्तेमाल होने वाले दूध, पनीर, मोजरेला चीज, शक्कर और आइसक्रीम के नमूने लिए गए। इसके अलावा, टीम ने माछीवाड़ा साहिब और कोहारा रोड पर भी विशेष चेकिंग की, जहाँ से सरसों का तेल, वेजिटेबल ऑयल, मसूर की दाल, गुड़ और शुगर-बॉइल्ड कन्फेक्शनरी के सैंपल भरे गए।
दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई: DHO डॉ. संदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है। कुल 11 सैंपलों को सील कर जांच के लिए लैब भेज दिया गया है,। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि रिपोर्ट में मिलावट, मिसब्रांडिंग या घटिया गुणवत्ता पाई जाती है, तो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भी हो सकती है।
व्यापारियों को निर्देश और जनता से अपील: स्वास्थ्य विभाग ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपनी दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखें, केवल अनुमति प्राप्त रंगों का उपयोग करें और बिना लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के काम न करें। साथ ही, उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सामान खरीदते समय लेबल जरूर चेक करें और मिलावट का अंदेशा होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।

