वैष्णो देवी यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब 10 लाख का मिलेगा मुफ्त बीमा, बोर्ड ने सुविधाओं पर लगाई मुहर
नेशनल डेस्क : माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने रविवार को तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इनमें सबसे प्रमुख बीमा कवर की राशि को दोगुना करना है।
बीमा राशि हुई दोगुनी: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक तीर्थयात्री का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया जाएगा। इस कदम से भवन आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
बुनियादी ढांचे में होगा बड़ा सुधार: बैठक के दौरान तीर्थयात्रा सेवाओं में सुधार के लिए 25 महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई। बोर्ड ने कई प्रमुख परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई है, जिनमें शामिल हैं:मंदिर परिसर (भवन) में एक नए निकास मार्ग का निर्माण।सांझीछत से भवन तक जाने वाले यात्रा मार्ग का चौड़ीकरण।कटरा में श्री शंकराचार्य मंदिर और संबंधित सुविधाओं का निर्माण।जम्मू के चैतन्य आश्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए एक स्कूल का निर्माण।
हेलीकॉप्टर सेवा और पर्यावरण पर जोर: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अब हट्ट गाँव में नवनिर्णित हेलीपैड का उपयोग किया जाएगा। खास बात यह है कि वैष्णो देवी और श्री शिव खोरी, दोनों धामों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा अब एक ही हेलीपैड से संचालित की जाएगी। इसके अलावा, उपराज्यपाल ने कटरा और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं ताकि पर्यावरणीय स्थिरता बनी रहे।

