IDFC फर्स्ट बैंक घोटाला: मास्टरमाइंड रिभव ऋषि समेत 4 गिरफ्तार, 590 करोड़ रुपये के गबन का आरोप
नेशनल डेस्क : हरियाणा विजिलेंस की टीम ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) में हुए 590 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले के मामले में देर रात एक बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत विजिलेंस ने घोटाले के मास्टरमाइंड रिभव ऋषि समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी: विजिलेंस टीम द्वारा पकड़े गए आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता रिभव ऋषि के साथ अभय, स्वाति सिंगला और अभिषेक सिंगला के नाम शामिल हैं।
घोटाले का असर और भारी वित्तीय नुकसान: यह घोटाला आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की चंडीगढ़ शाखा से जुड़ा है। इस धोखाधड़ी की खबर सार्वजनिक होने के बाद निवेशकों की संपत्ति में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई। शेयर बाजार में भी इसका गहरा असर दिखा, जहाँ सोमवार को बैंक के शेयर 20% गिरकर लोअर सर्किट तक पहुंच गए। हैरान करने वाली बात यह है कि गबन की गई राशि बैंक की पूरी तिमाही आय से भी अधिक है।
कैसे हुआ इस बड़े घोटाले का खुलासा? इस गबन का पता तब चला जब हरियाणा सरकार से जुड़ी कुछ संस्थाओं ने बैंक खातों में दर्ज वास्तविक राशि और रिकॉर्ड में दर्ज राशि के बीच भारी विसंगति की शिकायत की। इसके बाद विजिलेंस ने जांच तेज की और आरोपियों को धर दबोचा।

