ब्रेकिंग न्यूज़
IPL 2026 प्लेऑफ समीकरण: पंजाब और RCB की राह आसान, मुंबई-लखनऊ पर बाहर होने का खतरा

स्पोर्टस डेस्क : आईपीएल 2026 का सीजन अपने आधे से ज्यादा सफर को तय कर चुका है और अब प्लेऑफ की तस्वीर साफ होने लगी है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे चल रही हैं, जबकि पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए आगे का रास्ता बेहद कठिन नजर आ रहा है।

पंजाब और RCB का दबदबा : इस सीजन में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन बेमिसाल रहा है। टीम ने अब तक खेले अपने 7 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की है और 13 अंकों के साथ उनके प्लेऑफ में जाने की संभावना 95 प्रतिशत है। वहीं, आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 12 अंकों और +1.919 के शानदार नेट रन रेट के साथ आरसीबी के क्वालीफाई करने के 90 प्रतिशत चांस हैं।

बीच में फंसी टीमें : सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के पास 10-10 अंक हैं और उन्हें सुरक्षित 16 अंकों तक पहुँचने के लिए अगले 6 मैचों में से 3 और जीतने होंगे। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अपने बाकी बचे 6 में से कम से कम 5 मुकाबले जीतने होंगे।

मुंबई और लखनऊ के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति : अंक तालिका में सबसे नीचे मौजूद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) का खेल लगभग खत्म माना जा रहा है। इन दोनों टीमों के पास केवल 4-4 अंक हैं और अब एक भी हार इनके प्लेऑफ के सपने को आधिकारिक तौर पर तोड़ सकती है। हालांकि, अभी तक गणितीय रूप से कोई भी टीम आधिकारिक तौर पर बाहर नहीं हुई है और अगले कुछ मैच टॉप-4 की स्थिति तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *