पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: बठिंडा पुलिस ने 2 हैंड ग्रेनेड के साथ 2 गुर्गों को दबोचा
पंजाब डेस्क: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (बठिंडा) ने राज्य में बम धमाके करने की एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने फिरोजपुर जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई फाजिल्का की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) द्वारा की गई है।
स्कूटी पर डिलीवरी देने जा रहे थे आरोपी पकड़े गए आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी बुट्टा सिंह (उर्फ गोपू) और मोगा निवासी हरमंदर सिंह (उर्फ निक्का) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों अपनी स्कूटी पर सवार होकर तलवंडी से फिरोजपुर रोड स्थित एक गांव में हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।सीमा पार से जुड़े हैं तार डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये हैंड ग्रेनेड सीमा पार (Cross-border) से चल रही एक अवैध सप्लाई चेन का हिस्सा थे।
इन आरोपियों के संबंध विदेशों में सक्रिय आतंकी संगठनों से हैं और इनका उद्देश्य पंजाब की शांति और सुरक्षा को भंग कर अशांति फैलाना था।हैंडलर की तलाश जारी जांच में खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी तरनतारन निवासी हैंडलर जोधा उर्फ जोबन के इशारे पर काम कर रहे थे। फाजिल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मुख्य हैंडलर जोबन की तलाश कर रही है और पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

