1 मई को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी जानकारी
पंजाब डेस्क: पंजाब कैबिनेट ने 1 मई 2026 को मजदूर दिवस के अवसर पर राज्य विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह एक दिवसीय सत्र देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान देने वाले मेहनतकश मजदूरों और श्रमिकों को समर्पित होगा।इस ऐतिहासिक पहल के तहत, विधानसभा सदन में मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
सत्र के दौरान मनरेगा (MNREGA) योजना में हुए बदलावों के श्रमिक वर्ग पर पड़ने वाले प्रभावों और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कार्य सलाहकार समिति (Business Advisory Committee) द्वारा तय किए गए अन्य आवश्यक विधायी कार्यों को भी इस दौरान निपटाया जाएगा ताकि राज्य के विकास और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी फैसले लिए जा सकें।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 13 अप्रैल 2026 को भी एक विशेष सत्र बुलाया गया था, जिसमें पवित्र ग्रंथों की बेअदबी से जुड़े संशोधन बिल को सर्वसम्मति से पारित किया गया था।

