ब्रेकिंग न्यूज़
कुत्ते की पिटाई पर दुल्हन का कड़ा फैसला: फतेहपुर में बारातियों ने पालतू कुत्ते को मारा, तो युवती ने ठुकराया दूल्हा

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक दुल्हन ने अपने पालतू कुत्ते की पिटाई से नाराज होकर शादी करने से इनकार कर दिया। इस विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग लहूलुहान हो गए।

जेवर की रस्म के दौरान हुआ विवाद: घटना बुधवार रात की है, जब प्रयागराज से एक बारात बस और कारों में सवार होकर खागा के एक गेस्ट हाउस पहुंची थी। जयमाल समेत अन्य रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हो गईं, लेकिन सुबह करीब 4 बजे जब मंडप में दुल्हन को जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी, तभी पास में बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता भौंकने लगा। आरोप है कि कुत्ते के भौंकने से नाराज होकर वर पक्ष के एक युवक ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी।

लाठी-डंडों और कुर्सियों से हमला : कुत्ते की पिटाई को लेकर वधू पक्ष ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते गेस्ट हाउस में कुर्सियां और लाठी-डंडे चलने लगे। इस हिंसा में वधू पक्ष के शुभम गुप्ता, ऋषभ केसरवानी और संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में गहरी चोटें आईं।

थाने में हुआ समझौता, टूटी शादी : सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखकर वर पक्ष के कई लोग भाग खड़े हुए। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई, जहाँ घायलों का इलाज कराया गया। पुलिस ने जब दुल्हन से उसकी मंशा पूछी, तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया, जिसमें एक-दूसरे को दिए गए उपहार और लेन-देन वापस कर दिए गए और शादी रद्द कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *