टी20 वर्ल्ड कप 2026: सेमीफाइनल की राह हुई कठिन, नेट रन रेट सुधारने के लिए भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ करना होगा ‘विस्फोट’
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से मिली 76 रनों की करारी हार ने भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस हार के कारण टीम इंडिया का नेट रन रेट (NRR) गिरकर -3.800 हो गया है। अब सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित करने के लिए भारत को न केवल जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अगले मैच जीतने होंगे, बल्कि अपने नेट रन रेट में भी भारी सुधार करना होगा।
जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत का गणित: नेट रन रेट को ‘नेगेटिव’ से ‘पॉजिटिव’ जोन में लाने के लिए भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ बेहद आक्रामक खेल दिखाना होगा। इसके लिए कुछ मुख्य समीकरण सामने आए हैं:
150 रन का लक्ष्य: यदि जिम्बाब्वे पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाती है, तो भारत को यह टारगेट मात्र 11 ओवर के अंदर हासिल करना होगा।
छोटा लक्ष्य: अगर जिम्बाब्वे की टीम 90 रन पर सिमट जाती है, तो भारत को जीत के लिए सिर्फ 9 ओवर का समय मिलेगा।
बड़ा स्कोर: यदि जिम्बाब्वे 180-200 रन बनाती है, तो भारत को 12 से 15 ओवर के बीच मैच खत्म करना होगा।
पहले बल्लेबाजी करने पर चुनौती: अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है, तो नेट रन रेट सुधारना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। ऐसी स्थिति में भारत को कम से कम 220 से 250+ रन का विशाल स्कोर खड़ा करना होगा और फिर जिम्बाब्वे को 100-120 रन या उससे कम पर ऑलआउट करना होगा।
टीम इंडिया खुद पिछले मैच में ऑलआउट हुई थी, जिससे उसे नेट रन रेट में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।भारतीय टीम के लिए अब हर मैच नॉकआउट जैसा है, जहाँ सेमीफाइनल की उम्मीदें बनाए रखने के लिए आक्रामक शुरुआत और बड़ी जीत अनिवार्य है।

