ब्रेकिंग न्यूज़
WPL 2026 Final: RCB ने रचा इतिहास, दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार जीता खिताब

स्पोर्ट्स डेस्क : महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डब्ल्यूपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी किया।

मंधाना और वॉल का तूफान: लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत धीमी रही, लेकिन कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने मोर्चा संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों पर 165 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की। यह डब्ल्यूपीएल के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है।

स्मृति मंधाना: ने 41 गेंदों पर 87 रन बनाए (12 चौके, 3 छक्के), जो WPL फाइनल का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

जॉर्जिया वॉल: ने 54 गेंदों पर 79 रनों की शानदार पारी खेली।

दिल्ली कैपिटल्स की लगातार चौथी हार: दिल्ली कैपिटल्स की टीम चारों सीजन फाइनल में पहुंची है, लेकिन इस बार भी उसे निराशा ही हाथ लगी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के 57 रनों और चिनेले हेनरी के नाबाद 35 रनों की बदौलत 4 विकेट पर 203 रन बनाए थे। आरसीबी की ओर से नादिन डिक्लर्क, सयाली सतघरे और अरुंधति रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया।

आखिरी ओवर का रोमांच: मैच के आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 10 रनों की दरकार थी। राधा यादव ने इस ओवर में दो चौके लगाकर अपनी टीम को चौथी गेंद पर जीत दिला दी। इससे पहले आरसीबी ने 2024 में भी यह खिताब जीता था, जबकि 2023 और 2025 का खिताब मुंबई इंडियंस ने अपने नाम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *