ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब के अमृतसर से 25 किलोग्राम हेरोइन बरामद की, दो लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) पंजाब के अमृतसर में दो लोगों को गिरफ्तार कर  उनके कब्जे से 25 किलोग्राम हेरोइन के साथ ही हथियार व कारतूस जब्त किये हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
  अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल, अमृतसर (बीएसएफ) के साथ एक संयुक्त अभियान में कीं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक पोस्ट में कहा, "सीमा पार मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान में 25 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और 60 कारतूस की खेप बरामद की है।"
  यादव ने बताया कि इस अभियान के दौरान घोघा इलाके के दो निवासियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा, “बरामद सामग्री से ड्रोन का इस्तेमाल करके सीमा पार संगठित तस्करी का संकेत मिलता है।”
 उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं कि यह खेप किसने और किसके लिये भेजी थी। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *