अमृतसर पुलिस ने साइबर आतंकवाद के बड़े गिरोह का किया पर्दाफाश, पश्चिम बंगाल से मुख्य आरोपी गिरफ्तार: कुलदीप धालीवाल
अमृतसर / सत्ता संदेश
पंजाब का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, मान सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध: धालीवाल
NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग, लाखों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में डाला: धालीवाल
डीजल-पेट्रोल और CNG की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार, महंगाई की मार आम लोगों और किसानों पर: धालीवाल
अमृतसर में आम आदमी पार्टी के पंजाब मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य में अमन-कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब का माहौल खराब करने, दहशत फैलाने या साइबर अपराधों के जरिए लोगों में डर पैदा करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
धालीवाल ने अमृतसर पुलिस और पंजाब पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि हाल ही में साइबर आतंकवाद से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो विभिन्न राज्यों और कुछ विदेशी संपर्कों के जरिए ईमेल और सोशल मीडिया माध्यमों से धमकियां देकर दहशत फैलाने का काम करता था। उन्होंने कहा कि साइबर आतंकवाद से निपटना बेहद मुश्किल काम है, लेकिन पंजाब पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में ड्रोन के जरिए नशों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए बॉर्डर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम की जरूरत है। धालीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से इस संबंध में जरूरी तकनीकी सहायता नहीं दी गई, जबकि पंजाब सरकार और पुलिस नशा तस्करों, गैंगस्टरों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में धालीवाल ने NEET पेपर लीक मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की जाए और इस घोटाले की पूरी जांच हो।
इसके अलावा उन्होंने डीजल, पेट्रोल और CNG की बढ़ती कीमतों के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इसका सीधा असर किसानों, ट्रांसपोर्टरों और आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई में और बढ़ोतरी होगी।
बाइट: कुलदीप सिंह धालीवाल, पंजाब मुख्य प्रवक्ता, आम आदमी पार्टी (AAP)

