फगवाड़ा पहुंचे CM मान: ‘शुक्राना यात्रा’ में बेअदबी कानून को बताया ऐतिहासिक
फगवाड़ा / सत्ता संदेश
संवाददाता : मनोज बैंस
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026’ लागू होने के बाद अकाल पुरख का धन्यवाद करने और संगत का आभार व्यक्त करने के लिए 6 मई 2026 से चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ की शुरुआत की। इसी क्रम में मुख्यमंत्री आज फगवाड़ा पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग उनकी जनसभा में शामिल हुए। इस यात्रा का उद्देश्य श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामलों में सख्त कानून लागू होने के बाद अकाल पुरख (वाहेगुरु) का कोटि-कोटि शुक्राना करना है। नए कानून के तहत बेअदबी के दोषियों के लिए उम्रकैद और 25 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस कानून को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह संगत की भावनाओं के अनुरूप है और इसका मकसद धार्मिक सौहार्द को मजबूत करना है। यात्रा के दौरान वे विभिन्न धार्मिक स्थलों पर नतमस्तक होकर संगत से संवाद भी कर रहे हैं।
यह ‘शुक्राना यात्रा’ तख्त श्री केसगढ साहिब से अरदास के साथ शुरू हुई, जो श्री हरिमंदिर साहिब, तख्त श्री दमदमा साहिब फरीदकोट, फगवाड़ा, मस्तुआना साहिब और पटियाला सहित कई स्थानों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा 6 मई से 9 मई 2026 तक जारी रहेगी। फगवाड़ा के गांधी चौक में आयोजित जनसभा में दोपहर 2 बजे बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए समर्थन जताया।

