ब्रेकिंग न्यूज़
लैम्बॉर्गिनी कार ने राहगीरों और दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी, छह घायल
    कानपुर (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) कानपुर के ग्वालटोली इलाके में रविवार को एक तेज रफ्तार लैम्बॉर्गिनी कार ने राहगीरों और दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक कार को कथित तौर पर एक जाने-माने तंबाकू व्यापारी का बेटा चला रहा था।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, ‘‘यह हादसा अपराह्न करीब तीन बजकर 15 मिनट पर रेव-3 मॉल के पास हुआ। तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लग्जरी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए कई गाड़ियों से टकरा गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।’’
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर एक खड़ी मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिससे उसपर सवार व्यक्ति करीब 10 फीट हवा में उछल गया। कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और एक बिजली के खंभे से टकराने और रुकने से पहले उसे कुछ दूर तक घसीटती रही।
इस घटना से नाराज स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और कार को घेर लिया, जिससे चालक को अंदर ही रहना पड़ा। चश्मदीदों ने आरोप लगाया कि आरोपी के साथ आए निजी बाउंसर ने भीड़ को पीछे धकेलने की कोशिश की और आक्रामक व्यवहार किया, जिससे तनाव बढ़ गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को बचाया और उसे और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। क्षतिग्रस्त लैम्बॉर्गिनी को जब्त कर लिया गया और थाने ले जाया गया।
श्रीवास्तव ने कहा कि कार जब्त कर ली गई है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *