पाकिस्तान को कुछ वर्षों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर किया जाए
पाकिस्तान को मिलने वाली आई.सी.सी. ग्रांट पर रोक लगाई जाए-अनुराग ठाकुर
नेशनल डेस्क (सत्ता संदेश)-भारत के खिलाफ मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नई बहस छेड़ दी है। इस मुद्दे पर भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आई.सी.सी.) से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत ने अब तक जितने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामैंट आयोजित किए हैं, उनमें सुरक्षा, व्यवस्था और सुविधाओं के लिहाज से कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय आयोजन हमेशा खिलाडिय़ों और टीमों के लिए सुरक्षित और विश्व स्तरीय रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत वैश्विक क्रिकेट की रीढ़ है, जो न सिर्फ खेल के स्तर पर बल्कि आर्थिक रूप से भी सबसे बड़ा योगदान देता है। ऐसे में अगर कोई देश राजनीतिक कारणों का हवाला देकर भारत में खेलने से इनकार करता है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए, लेकिन जब राजनीति को जानबूझकर मैदान में लाया जाए, तो आई.सी.सी. को कड़ा कदम उठाना चाहिए। गौरतलब है कि आगामी टी-20 वल्र्ड कप भारत और श्रीलंका के तीन अलग-अलग शहरों में खेला जाना है। लेकिन टूर्नामैंट से पहले ही खेल से ज्यादा राजनीति हावी होती दिख रही है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में खेलने से इनकार कर दिया है, वहीं पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। इन फैसलों से आई.सी.सी. और ब्रॉडकास्टर्स को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है और पाकिस्तान पर संभावित कड़े प्रतिबंधों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
* पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग
अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान के खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने मांग की कि पाकिस्तान को मिलने वाली आई.सी.सी. ग्रांट पर रोक लगाई जाए और कुछ वर्षों के लिए उसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर किया जाए, ताकि वह अन्य देशों के साथ भी मुकाबले न खेल सके। उनका कहना था कि ऐसा करने से भविष्य में किसी भी देश को राजनीतिक दबाव बनाकर खेल आयोजनों को प्रभावित करने से रोका जा सकेगा।

