ब्रेकिंग न्यूज़
रूस के हवाई हमले में यूक्रेन के एक व्यक्ति की मौत
 कीव, आठ फरवरी (एपी) पूर्वी यूक्रेन के एक आवासीय क्षेत्र पर रूसी हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
  यह घटना यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के उस बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका ने यूक्रेन और रूस को शांति समझौते पर पहुंचने के लिए जून की समय सीमा दी है।
 यूक्रेन की ‘स्टेट इमरजेंसी सर्विस’ के अनुसार, यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में स्थित क्रामाटोर्स्क शहर पर हुए हमले के कारण एक नौ मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक में आग लग गई।
 यूक्रेन की सरकारी गैस कंपनी नाफ्टोगाज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेरही कोरेत्स्की ने कहा कि रूस ने रविवार की सुबह यूक्रेन के पोल्टावा क्षेत्र में ऊर्जा अवसंरचना पर भी हमला किया।
 लगभग चार साल से जारी इस युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड को लगातार नुकसान पहुंचाया है, खासकर सर्दियों के मौसम में। इसका उद्देश्य यूक्रेन के प्रतिरोध के संकल्प को कमजोर करना है, जिसे कीव के अधिकारी "सर्दियों का हथियार के रूप में इस्तेमाल" करने की रणनीति कहते हैं।
 जेलेंस्की ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन और रूस को युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने के लिये जून तक की समय सीमा दी है। उन्होंने कहा कि यदि जून की समय सीमा का पालन नहीं किया जाता है, तो ट्रंप प्रशासन दोनों पक्षों पर दबाव डालेगा।
 जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी पक्ष इस गर्मी की शुरुआत तक युद्ध समाप्त करने का प्रस्ताव दे रहे हैं और संभवतः इसी कार्यक्रम के अनुसार दबाव डालेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *