ब्रेकिंग न्यूज़
भुवनेश्वर में तेज रफ्तार कार ओवरब्रिज से गिरी, दो लोग घायल

भुवनेश्वर, नौ फरवरी (भाषा) ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ओवरब्रिज की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए नीचे स्थित एक झुग्गी बस्ती में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना तड़के शिशु भवन छक स्थित पुल पर हुई।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन पहले ओवरब्रिज की दीवार से टकराया और फिर नीचे एक पेड़ से टकराते हुए केदारपल्ली झुग्गी बस्ती में जा गिरा, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान एक घर में सो रहे एक युवक के ऊपर कथित तौर पर ईंटें गिरने से उसके सिर में चोट आई हैं।

पुलिस के अनुसार, कार में केवल चालक सवार था और उसे भी चोटें आईं हैं लेकिन उसकी जान को खतरा नहीं है। कार गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।

हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने बताया कि घटना के कारण ओवरब्रिज की दीवार का लगभग 10 फुट का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है तथा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को संदेह है कि चालक शराब के नशे में था। पुरी निवासी कार के मालिक को कैपिटल थाना ले जाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *