नसीम शाह को महंगा पड़ा विवादित पोस्ट: PCB ने ठोका 2 करोड़ का जुर्माना, साल की आधी से ज्यादा सैलरी कटेगी
स्पोर्टस डेस्क : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नसीम शाह को सोशल मीडिया पर किया गया एक पोस्ट बहुत भारी पड़ गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरयम नवाज के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के आरोप में नसीम शाह पर 2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग 68 लाख भारतीय रुपये) का भारी जुर्माना लगाया है।
क्या था पूरा विवाद? वर्तमान में PSL 2026 में ‘रावलपिंडी पिंडीज’ के लिए खेल रहे नसीम शाह ने हाल ही में PCB के एक पोस्ट पर सवाल उठाया था। उस पोस्ट में मरयम नवाज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मैच देखने पहुंची थीं।
नसीम ने तंज कसते हुए लिखा था कि “उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है, जैसे लॉर्ड्स में महारानी हों?”। नसीम की नाराजगी इस बात पर थी कि PCB ने टूर्नामेंट का आयोजन बिना दर्शकों के करने का फैसला किया था, लेकिन मुख्यमंत्री को स्टेडियम में आने की अनुमति दी गई।
सैलरी में कटौती: 2 करोड़ का यह जुर्माना नसीम शाह की सालाना सैलरी के आधे से भी ज्यादा है। वे सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट के ग्रेड-C में हैं, जहाँ उनकी सालाना फीस करीब 2.5 मिलियन पाकिस्तानी रुपये है।
माफी भी नहीं आई काम: 30 मार्च को अनुशासन समिति के सामने पेश होकर नसीम ने बिना शर्त माफी मांगी और दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था, लेकिन बोर्ड ने उनकी दलील स्वीकार नहीं की।
एडवाइजर ब्लैकलिस्ट: नसीम ने अपने सोशल मीडिया एडवाइजर को हटा दिया है, वहीं PCB ने भी उस एडवाइजर को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।

