ब्रेकिंग न्यूज़
Barnala Police Action: नशे के खिलाफ बरनाला में स्पेशल सर्च ऑपरेशन, संदिग्ध ठिकानों पर रेड

बरनाला पुलिस ने नशे के खिलाफ स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध इलाकों में चेकिंग और घेराबंदी की। संदिग्ध लोगों की वेरिफिकेशन के साथ झाड़ियों और कच्चे रास्तों की सफाई भी करवाई गई।

बरनाला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : आशीष शर्मा की ।

पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरनाला पुलिस ने रविवार को शहर के कई संदिग्ध इलाकों में स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीमों ने उन स्थानों पर घेराबंदी कर चेकिंग की, जहां नशे की बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं।

सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को राउंडअप कर उनकी पहचान और वेरिफिकेशन की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और नियमों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने ऐसे स्थानों पर भी कार्रवाई की, जहां लोगों के छिपकर नशा करने की आशंका जताई जाती रही है। इन इलाकों में कच्चे रास्तों और झाड़ियों की सफाई के लिए जेसीबी की मदद ली गई, ताकि जगह को पूरी तरह विजिबल बनाया जा सके और पुलिस की चेकिंग के दौरान कोई व्यक्ति छिप न सके।

बरनाला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जिन इलाकों में नशे की बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, उन्हें विशेष रूप से अभियान में शामिल किया गया। पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि खाली प्लॉटों में उचित लाइटिंग और फेंसिंग की व्यवस्था करें।

पुलिस के मुताबिक, ऐसे स्थानों को रोशन करने के लिए विभाग की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा संदिग्ध इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई जा रही है।

बरनाला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की बिक्री और इससे जुड़ी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों को लगातार कवर किया जाएगा और शिकायत मिलने पर जांच के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *