सुरक्षा बहाली के लिए पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह पहुंचे हाई कोर्ट
पंजाब डेस्क : राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी सुरक्षा बहाल करने और अपने घर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए हरभजन सिंह के जालंधर स्थित आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शनकारियों ने उनके घर की दीवारों पर काले पेंट से “गद्दार” लिख दिया था और उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। सूत्रों के अनुसार, पाला बदलने के बाद पंजाब पुलिस के सुरक्षाकर्मियों को वापस मुख्यालय रिपोर्ट करने के आदेश दिए गए थे, जिससे उनका सुरक्षा घेरा कम हो गया है।
इस मामले पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने केंद्र और पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही, अदालत ने सरकार को आदेश दिया है कि हरभजन सिंह और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मामले की अगली सुनवाई 12 मई को तय की गई है। यह विरोध प्रदर्शन केवल हरभजन सिंह तक सीमित नहीं रहा; लुधियाना में भी आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल होने वाले अन्य नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया और उन्हें “जनमत के साथ विश्वासघात” करार दिया है।

