ब्रेकिंग न्यूज़
धर्मवीर गांधी के खिलाफ पुलिस शिकायत…सनातन प्रेमियों की भावनाएं भड़काने का आरोप

लुधियाना / सत्ता संदेश

सनातन सेवा समिति मालवा जोन के संगठन महासचिव वरुण मेहता ने पटियाला से कांग्रेस के लोकसभा सांसद धर्मवीर गांधी पर करोड़ों सनातन धर्म प्रेमियों की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा को लिखित शिकायत दी। इस अवसर पर समिति के हल्का कॉर्डिनेटर भरत शर्मा नैनी, अश्वनी कन्नौजिया, पुनीत कत्याल सनातन रक्षा मंच से अवनीश मित्तल, गगन अरोड़ा श्री हिंदू मोर्चा से मुकेश शर्मा, स्वप्न तानी व अन्य भी उपस्थित थे।

वरुण मेहता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि पंजाब के इतिहास में दर्जनों सरकार बनी। कभी कांग्रेस कभी अकाली भाजपा गठबंधन की लेकिन किसी भी सरकार ने सनातनी समाज के लिए कुछ नहीं किया। भगवान के नाम पर वोट मागने वालों ने भी हिंदू समाज को सिर्फ वोटबैंक के लिए इस्तेमाल किया हकीकत में किसी ने कभी भी हिंदू समाज की बेहतरी या धार्मिक स्थानों के रख रखाव के लिए कुछ नहीं किया।

लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने पार्टी कन्वीनर अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया व पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली तथा समिति के राष्ट्रीय प्रमुख विजय शर्मा द्वारा प्रदेश भर में हनुमान चालीसा का आयोजन आरम्भ किया। पंजाब सरकार द्वारा दर्जन से ज्यादा शहरों में एक शाम शिव के नाम के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए और अब हमारे प्राचीन ग्रन्थ रामायण पर बने हमारे राम के मंचन सरकार द्वारा हो रहे हैं। सनातनी नव वर्ष पर पठानकोट में भव्य आयोजन किया जिसमें खुलकर मुख्यमंत्री भगवंत मान सनातनी समाज के लिए कार्य कर रहे है पटियाला के प्राचीन कालीमाता मंदिर के जीर्णोद्वार हो रहा है जिसको लेकर पंजाब के हिंदू समाज में खुशी की लहर है जिसको लेकर विरोधी दलों में हड़बड़ाहट है उसी को लेकर पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी ने कांग्रेस पार्टी की हिंदू विरोधी सोच को पुख्ता करते हुए सनातनी कार्यक्रमों के खिलाफ दुष्प्रचार किया है जबकि गांधी की सरकार में हेलीकॉप्टर लेकर केप्टन अमरेंद्र अरूसा आलम को घुमाते रहे जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान सनातनियों को श्री खाटू श्याम, वृंदावन , बाला जी , मां चिंतपूर्णी व अन्य तीर्थों की यात्रा करवा रहे है

मेहता ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मवीर गांधी ने साजिशन पंजाब के करोड़ो सनातनियों की भावनाओं को आहत किया है जिसको लेकर समाज में रोष व्याप्त है कांग्रेसी सांसद की घटिया मानसिकता के खिलाफ सनातन सेवा समिति डटकर आवाज बुलंद करते हुए प्रदेश भर में कांग्रेस पार्टी का विरोध करेगी और हम पंजाब सरकार से धर्मवीर गांधी के खिलाफ सनातन धर्म की बेअदबी करने पर कानूनी धाराओं के अनुसार पुलिस केस दर्ज करने की मांग करते है

मेहता ने पंजाब के करोड़ो हिंदुओं से कांग्रेस पार्टी की हिंदू विरोधी सोच को देखते हुए इनका बहिष्कार करने का आह्वान किया है।

एच.एस. फुल्का का कांग्रेस पर हमला, सज्जन कुमार को राजनीतिक संरक्षण देने का लगाया आरोप

लुधियाना / सत्ता संदेश

भाजपा के वरिष्ठ नेता और एडवोकेट एच.एस. फुल्का ने सज्जन कुमार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। लुधियाना में पार्टी की ऑर्गनाइज़ेशनल मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए फुल्का ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सज्जन कुमार को सजा मिलने से पहले लंबे समय तक राजनीतिक संरक्षण दिया।

एच.एस. फुल्का ने कहा कि कांग्रेस ने सज्जन कुमार को दो बार लोकसभा चुनाव का टिकट दिया था। उनके मुताबिक, कांग्रेस के सत्ता में रहते सज्जन कुमार और उनके भाई को सांसद बनाया गया। फुल्का ने आरोप लगाया कि जब मोदी सरकार के दौरान मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ी और सज्जन कुमार को सजा हुई, तो कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई पर सवाल उठाए जाने लगे।

फुल्का ने कहा कि इस पूरे मामले में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठते हैं और पार्टी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने सज्जन कुमार को राजनीतिक समर्थन क्यों दिया।

विधानसभा चुनाव लड़ने पर क्या बोले फुल्का?

वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर एच.एस. फुल्का ने कहा कि चुनाव लड़ने के संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान की ओर से लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बारे में निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा।

भाई जगतार सिंह हवारा की पैरोल का समर्थन

एच.एस. फुल्का ने भाई जगतार सिंह हवारा को पैरोल दिए जाने का भी समर्थन किया। उन्होंने दावा किया कि गवर्नर की ओर से भी हवारा की पैरोल एप्लीकेशन को मंजूरी दे दी गई है।

फुल्का के बयान के बाद सज्जन कुमार मामले में कांग्रेस की भूमिका और भाई जगतार सिंह हवारा की पैरोल का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है।

पुराने और नए कार्यकर्ताओं को साथ मिलाकर मजबूत करेंगे संगठन : विक्रमजीत साहनी

लुधियाना / सत्ता संदेश

वरिष्ठ बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि पार्टी की ओर से संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लुधियाना में आयोजित संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए साहनी ने कहा कि पुराने और नए कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

वार्ड और बूथ स्तर पर गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी

विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि पंजाब के प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं को लामबंद किया गया है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी बूथ या वार्ड में पार्टी की कोई गतिविधि आयोजित होगी, उसकी जानकारी और तस्वीरें सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में संगठन के साथ-साथ सोशल मीडिया भी जनता तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए कार्यकर्ताओं को स्थानीय स्तर पर होने वाली गतिविधियों को सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय किया जा रहा है।

सरकार के अच्छे और खराब काम जनता तक पहुंचाने पर जोर

साहनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार के अच्छे और खराब दोनों कार्यों को जनता के सामने रखने के लिए भी सक्रिय किया जा रहा है। उनका कहना था कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव और नए कार्यकर्ताओं की ऊर्जा को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन ही पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ा सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने की रणनीति तैयार की जा रही है।

कर्मचारियों के DA मुद्दे पर भी की बात

बैठक के दौरान विक्रमजीत सिंह साहनी ने सरकारी कर्मचारियों के डीए (महंगाई भत्ते) से जुड़े मुद्दे पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से संबंधित मामलों को गंभीरता से उठाया जा रहा है और उनके मुद्दों को उचित मंच पर रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

साहनी ने बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और पार्टी को बूथ एवं वार्ड स्तर पर मजबूत करने की रणनीति को लेकर भी जानकारी साझा की।

शिरोमणि अकाली दल को लगा झटका, पूर्व पार्षद सुरजीत राणा कांग्रेस में हुए शामिल

विधायक राणा गुरजीत सिंह ने शेखूपुर पहुंचकर करवाया पार्टी में शामिल, अकाली नेता सबी लंकेश भी कांग्रेस में आए

कपूरथला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : गगन बहल

पंजाब की राजनीति में कपूरथला से जुड़ी एक अहम राजनीतिक गतिविधि सामने आई है। करीब 30 साल से शिरोमणि अकाली दल के साथ जुड़े पूर्व नगर पार्षद (MC) सुरजीत सिंह राणा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनके साथ अकाली नेता सबी लंकेश और करीब 100 परिवारों के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया है।

कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह शेखूपुर स्थित सुरजीत सिंह राणा के घर पहुंचे, जहां उन्होंने सुरजीत सिंह राणा समेत अन्य लोगों को कांग्रेस में शामिल करवाया।

1996 से अकाली दल के साथ थे सुरजीत सिंह राणा

कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व MC सुरजीत सिंह राणा ने अकाली दल छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि वह 1996 से लगातार शिरोमणि अकाली दल के लिए काम करते आ रहे थे। उन्होंने पार्टी के साथ अपने करीब तीन दशक लंबे जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए मेहनत की।

सुरजीत सिंह राणा ने आरोप लगाया कि जो लोग पहले उनका विरोध करते थे, वे बाद में दूसरी पार्टी में चले गए और उनकी पुरानी पार्टी से जीते तीन पार्षदों को समर्थन दिया गया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से आहत होकर उन्होंने शिरोमणि अकाली दल को अलविदा कहने का फैसला किया।

बोले- मैं अकेला नहीं, वार्ड के 100 परिवार भी कांग्रेस में आएंगे

सुरजीत सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस में उनका शामिल होना व्यक्तिगत फैसला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उनके वार्ड से करीब 100 परिवार कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह के नेतृत्व में उन्हें नई राजनीतिक दिशा मिली है और अब वह कांग्रेस के साथ मिलकर क्षेत्र में काम करेंगे।

इस मौके पर अकाली नेता सबी लंकेश के भी कांग्रेस में शामिल होने की बात सामने आई है। कांग्रेस की ओर से इसे कपूरथला क्षेत्र में पार्टी के आधार को मजबूत करने वाली राजनीतिक घटना के तौर पर देखा जा रहा है।

पंजाब में सड़कों का इतना बड़ा नेटवर्क पहले कभी नहीं था: हरभजन सिंह ETO

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ETO ने राज्य में चल रहे सड़क निर्माण और विकास कार्यों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ETO ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में बड़े स्तर पर सड़क निर्माण करवा रही है और पंजाब में सड़कों का इतना बड़ा नेटवर्क पहले कभी नहीं था।

मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर विकास कार्यों की अधूरी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों की ओर से सरकार के खिलाफ गलत प्रचार तेज किया जा रहा है।

बठिंडा की सड़क को लेकर विपक्ष पर निशाना

हरभजन सिंह ETO ने बठिंडा में निर्माणाधीन सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क का काम अभी चल रहा था, लेकिन इसी दौरान कुछ नेताओं ने सोशल मीडिया पर सड़क की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

ETO ने आरोप लगाया कि हरसिमरत कौर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए। उन्होंने कहा कि संबंधित नेता उस समय मौके पर पहुंचे जब सड़क का काम पूरा भी नहीं हुआ था।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन सड़क को देखकर उसकी अंतिम गुणवत्ता का आकलन करना उचित नहीं है। सड़क का काम पूरा होने के बाद ही उसकी गुणवत्ता की सही तरीके से जांच की जा सकती है।

ETO की चुनौती- सुबह 11 बजे मौके पर पहुंचकर करेंगे निरीक्षण

हरभजन सिंह ETO ने हरसिमरत कौर बादल और सुखबीर सिंह बादल को चुनौती देते हुए कहा कि वह अगले दिन सुबह 11 बजे खुद बठिंडा में संबंधित सड़क के मौके पर पहुंचेंगे और निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने कहा कि अगर सड़क की गुणवत्ता में कोई कमी पाई जाती है या निर्माण में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए और सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर सड़कें और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

झूठी अफवाहें फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी

ETO ने आरोप लगाया कि अकाली दल के कुछ नेता सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से खुश नहीं हैं और इसी वजह से लोगों के बीच गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जानबूझकर झूठी अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने या सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों की ओर से सरकार को बदनाम करने की कोशिशें तेज हो रही हैं। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि विकास कार्यों पर राजनीति करने के बजाय मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखें।

रेप केस के आरोपों पर भी दी सफाई

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ETO ने रेप केस को लेकर सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी को बचाने की कोशिश नहीं की है। संबंधित मामले में 15 दिन का समय मांगा गया है और सरकार तय समय के भीतर अपना जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि सरकार तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष रखेगी और जांच व कार्रवाई के बाद सच्चाई सामने आएगी।

चंडीगढ़ प्रोटेस्ट से बंदी सिखों की रिहाई को लेकर सिमरनजीत सिंह ने की पीसी, 21 अगस्त को पंजाब बंद का किया समर्थन

अमृतसर / सत्ता संदेश

शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रमुख और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चंडीगढ़ में हुए विरोध प्रदर्शन, आंसू गैस ड्रोन के इस्तेमाल, बंदी सिखों की रिहाई, फतेहगढ़ साहिब की घटना, पंथिक एकता, सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले और आगामी चुनावों समेत कई मुद्दों पर सरकारों को घेरा।

चंडीगढ़ प्रदर्शन और ड्रोन से आंसू गैस छोड़ने पर सवाल

15 अगस्त को चंडीगढ़ में हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए सिमरनजीत सिंह मान ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR और ड्रोन के जरिए आंसू गैस छोड़े जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निहत्थे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए थी।

मान ने कहा कि वह इस मामले को लेकर कानूनी स्तर पर भी अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने ड्रोन के इस्तेमाल की जांच की मांग करते हुए सवाल किया कि प्रदर्शन के दौरान ड्रोन से आंसू गैस छोड़ने का फैसला किसके आदेश या सलाह पर लिया गया।

फतेहगढ़ साहिब की घटना पर भी उठाए सवाल

सिमरनजीत सिंह मान ने फतेहगढ़ साहिब की घटना को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि संगत को दर्शन करवाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन आखिरी समय में सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया।

मान ने आरोप लगाया कि मौके पर संगत पर लाठीचार्ज किया गया और पाइपों के जरिए गंदा पानी छोड़ा गया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की।

बंदी सिखों की रिहाई की मांग

जेलों में लंबे समय से बंद सिखों की रिहाई के मुद्दे पर मान ने कहा कि कई बंदी सिख लंबे समय से जेलों में हैं और उनके मामलों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने भाई हवारा समेत अन्य बंदी सिखों का जिक्र करते हुए कहा कि परिवारों को अपने बुजुर्गों और माता-पिता से मिलने का अधिकार मिलना चाहिए। मान ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, RAW और खुफिया एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने सवाल किया कि जब अन्य कैदियों को पैरोल और कानूनी राहत मिल सकती है तो बंदी सिखों के मामलों में अलग रवैया क्यों अपनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने SGPC की भूमिका पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बंदी सिखों की रिहाई के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए।

21 अगस्त के पंजाब बंद का समर्थन

बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर 21 अगस्त को किए गए पंजाब बंद के आह्वान का सिमरनजीत सिंह मान ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बंदी सिखों की रिहाई गंभीर मुद्दा है और इस मांग को लेकर की जा रही शांतिपूर्ण कोशिशों का समर्थन किया जाना चाहिए।

पंथिक एकता और सुखबीर बादल पर हमले का मुद्दा

पंथिक एकता को लेकर मान ने कहा कि वह एकता के पक्ष में हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसी एकता नहीं चाहते। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और BJP के साथ उनके राजनीतिक संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए।

वहीं, सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा करते हुए मान ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं करते। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों का समाधान लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से होना चाहिए।

SGPC चुनाव जल्द कराने की मांग

SGPC चुनावों को लेकर सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि चुनाव जल्द होने चाहिए और धार्मिक संस्थाओं का प्रबंधन लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने फतेहगढ़ साहिब में भाई दीत सिंह जी की पुण्यतिथि मनाने का भी ऐलान किया।

आगामी चुनावों के लिए तैयार SAD अमृतसर

आगामी चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल अमृतसर चुनावों के लिए तैयार है और पार्टी की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी सिख मुद्दों, पंजाब के अधिकारों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना राजनीतिक अभियान आगे बढ़ाएगी। आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने और पार्टी के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने की बात भी उन्होंने कही।

उत्तराखंड कांग्रेस नेता अमित तलवार का सूरज सिंह बागड़ी ने किया जोरदार स्वागत, टीम ने जताया स्नेह

लुधियाना / सत्ता संदेश

उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित तलवार के पंजाब आगमन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूरज सिंह बागड़ी एवं उनकी टीम ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने आपसी भाईचारे, स्नेह और राजनीतिक सौहार्द की भावना के साथ तलवार जी का अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह के दौरान डॉ. सधीश सैनी, अवनीश चौहान, विक्की बोहत, राहुल चौहान, अजय तोमर एवं सार्थक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने अमित तलवार का फुलदस्ता एवं गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके साथ अपने आत्मीय संबंधों को और मजबूत करने की भावना व्यक्त की।

इस अवसर पर सूरज सिंह बागड़ी ने कहा कि कांग्रेस परिवार की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच आपसी प्रेम, सम्मान, विश्वास एवं सहयोग की भावना है। पंजाब और उत्तराखंड के कांग्रेस नेताओं के बीच इस प्रकार के आत्मीय मिलन से न केवल आपसी संबंध मजबूत होते हैं, बल्कि भविष्य में संगठनात्मक स्तर पर भी सकारात्मक सहयोग और बेहतर समन्वय की नई संभावनाएं बनती हैं।

अमित तलवार जी ने पंजाब में मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए सूरज सिंह बागड़ी तथा उपस्थित सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में विचारों के साथ-साथ आपसी संबंध, विश्वास और सद्भाव भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आत्मीय मिलन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं ने पंजाब और उत्तराखंड के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के आपसी संपर्क को और मजबूत करने, एक-दूसरे के साथ सहयोग बढ़ाने तथा भविष्य में भी ऐसे आत्मीय संवाद एवं मिलन जारी रखने पर जोर दिया।

पूरे कार्यक्रम का वातावरण स्नेह, सम्मान, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। इस आत्मीय मुलाकात ने यह संदेश दिया कि मजबूत राजनीतिक संबंध केवल संगठनात्मक सहयोग तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनमें विश्वास, अपनापन और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। आने वाले समय में यह आपसी जुड़ाव कांग्रेस संगठन के लिए नए संबंधों, बेहतर समन्वय और सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।

Kapurthala Politics: AAP को झटका, निकाय चुनाव लड़ चुके कई नेता कांग्रेस में शामिल

कपूरथला में AAP को राजनीतिक झटका लगा है। निकाय चुनाव लड़ चुके कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। पुराने वॉलंटियरों की अनदेखी का लगाया आरोप।

कपूरथला / सत्ता संदेश

निकाय चुनावों के बाद कपूरथला में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच आम आदमी पार्टी को झटका लगा है। नगर निगम चुनाव लड़ चुके AAP के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस नेताओं ने नए साथियों का स्वागत करते हुए इसे पार्टी के लिए मजबूती का संकेत बताया।

पुराने वॉलंटियरों की अनदेखी का आरोप

कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से आम आदमी पार्टी के लिए काम कर रहे थे, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पुराने और मेहनती वॉलंटियरों की अनदेखी हो रही है। इनमें कुछ ऐसे कार्यकर्ता भी शामिल हैं, जो वर्ष 2014 से पार्टी के साथ जुड़े होने का दावा कर रहे हैं।

उनका कहना है कि लगातार पार्टी के लिए काम करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और राजनीतिक महत्व नहीं मिल रहा था, जिसके चलते उन्होंने पार्टी बदलने का फैसला किया।

कांग्रेस से AAP में आए काउंसलरों को लेकर नाराजगी

नए कांग्रेसियों ने पार्टी के भीतर हुए राजनीतिक बदलावों पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि हाल के राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस के कई निर्वाचित काउंसलर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए, जिसके बाद पार्टी में इन नेताओं का प्रभाव बढ़ गया।

उन्होंने कहा कि इससे लंबे समय से AAP के लिए काम कर रहे पुराने वॉलंटियरों में असंतोष पैदा हुआ और उन्हें लगा कि उनकी मेहनत की अनदेखी की जा रही है।

कांग्रेस ने किया नए साथियों का स्वागत

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने AAP छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को हमेशा सम्मान देती है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि नए नेताओं और कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने से कपूरथला में कांग्रेस संगठन को और मजबूती मिलेगी।

राणा गुरजीत सिंह की नीतियों से प्रभावित होने का दावा

कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि वे कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह की नीतियों और कांग्रेस द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों से प्रभावित हैं। इसी वजह से उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में और भी नेता एवं कार्यकर्ता कांग्रेस के साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि, इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Kapurthala Politics: AAP को झटका, निकाय चुनाव लड़ चुके कई नेता कांग्रेस में शामिल

कपूरथला में AAP को राजनीतिक झटका लगा है। निकाय चुनाव लड़ चुके कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। पुराने वॉलंटियरों की अनदेखी का लगाया आरोप।

लालड़ू पहुंची श्री गुरु रविदास संकल्प यात्रा, डॉ. करिमपुरी ने भाजपा की कलश यात्रा पर साधा निशाना

श्री गुरु रविदास संकल्प यात्रा पंजाब के लालड़ू पहुंची। बसपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया। डॉ. अवतार सिंह करिमपुरी ने भाजपा की कलश यात्रा को लेकर सवाल उठाए।

डेरा बस्सी / सत्ता संदेश

Report : दीपक कुमार

श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और संदेश को घर-घर पहुंचाने तथा उनके 650वें प्रकाश दिवस को समर्पित बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ओर से शुरू की गई श्री गुरु रविदास संकल्प यात्रा मंगलवार को पंजाब पहुंची। पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर लालड़ू में यात्रा का बहुजन समाज पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

यात्रा का आयोजन श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकता, भाईचारे तथा समानता का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यात्रा का नेतृत्व बसपा के पूर्व सांसद डॉ. अवतार सिंह करिमपुरी कर रहे हैं।

दिल्ली के तुगलकाबाद से शुरू हुई यात्रा

श्री गुरु रविदास संकल्प यात्रा की शुरुआत दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित श्री गुरु रविदास जी के ऐतिहासिक मंदिर एवं तीर्थ स्थल से की गई है। पंजाब में प्रवेश करने के बाद यात्रा का पहला पड़ाव लालड़ू रखा गया, जहां बसपा पंजाब के महासचिव जगजीत सिंह छड़बड़ की अगुवाई में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।

स्वागत के बाद यात्रा डेरा बस्सी के लिए रवाना हुई।

यात्रा में लाई जा रही पवित्र मिट्टी

डॉ. अवतार सिंह करिमपुरी ने बताया कि दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित श्री गुरु रविदास जी के मंदिर से जुड़ी पवित्र मिट्टी भी यात्रा के साथ लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा पंजाब के विभिन्न शहरों से होकर गुजरेगी और श्री गुरु रविदास जी से संबंधित पवित्र स्थल पर इसका समापन होगा।

उन्होंने लोगों से श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांझ को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

भाजपा की कलश यात्रा पर डॉ. करिमपुरी का निशाना

इस दौरान डॉ. करिमपुरी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भाजपा की ओर से निकाली जा रही कलश यात्रा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में दिल्ली में श्री गुरु रविदास जी से संबंधित मंदिर को गिराए जाने के बाद अब चुनाव के समय ऐसी यात्राओं के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

डॉ. करिमपुरी ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता को समानता, भाईचारे और एकता का रास्ता दिखाती हैं।

हालांकि, भाजपा की कलश यात्रा को लेकर डॉ. करिमपुरी द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा की ओर से इस रिपोर्ट के समय तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पंजाब के कई शहरों से होकर गुजरेगी यात्रा

बसपा नेताओं के मुताबिक श्री गुरु रविदास संकल्प यात्रा पंजाब के अलग-अलग शहरों से होकर आगे बढ़ेगी। यात्रा के दौरान लोगों को श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके सामाजिक संदेश के प्रति जागरूक किया जाएगा।

लुधियाना में BJP का अनोखा प्रदर्शन: नगर निगम कार्यालय में लगाया डमी जनरल हाउस, विकास कार्यों पर उठाए सवाल

लुधियाना में बीजेपी ने नगर निगम के ज़ोन-डी कार्यालय में डमी जनरल हाउस लगाकर पानी, सीवरेज, सफाई और विकास कार्यों को लेकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगर निगम के खिलाफ अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और पार्षदों ने नगर निगम के ज़ोन-डी कार्यालय में डमी जनरल हाउस आयोजित कर शहर की खराब होती बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील मोदगिल की अगुवाई में आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के सभी पार्षद और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान मेयर और नगर निगम कमिश्नर की प्रतीकात्मक खाली कुर्सियां भी लगाई गईं, जिसके माध्यम से भाजपा ने प्रशासन के प्रति अपनी नाराज़गी जताई।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी उनके पार्षदों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से नहीं लेते। उनका कहना है कि जिन वार्डों में भाजपा के पार्षद चुने गए हैं, वहां विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।

नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में पीने के पानी की कमी, सीवरेज जाम, सफाई व्यवस्था की बदहाली और अधूरे विकास कार्य लोगों के लिए बड़ी परेशानी बने हुए हैं। बार-बार शिकायतें करने के बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील मोदगिल और अन्य नेताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शहरवासियों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।