बैकॉक में बड़ा हादसा, पब में आग लगने से 27 लोगों की मौत , थाईलैंड पीएम ने जताया दुख
वर्ल्ड डेस्क / सत्ता संदेश
बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बचाव कर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली थी। सबसे पहले मौके पर पहुंचने वालों के ऑनलाइन शेयर किए गए फुटेज में थाई राजधानी में स्थित पब के सामने के दरवाजे से आग की भीषण लपटें निकलती और आसमान में घना काला धुआं उठता दिख रहा है, जबकि लोग वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि 27 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण की अभी जांच की जा रही है.
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
अधिकारियों ने बताया कि फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में लगभग आधा घंटा लगा। घटना के बाद की तस्वीरों में जले हुए टेबल-कुर्सियां और पब का क्षतिग्रस्त अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। थाईलैंड में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। साल 2022 में, देश के पूर्वी हिस्से में एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी।
आग लगने से 66 लोगों की मौत
उससे एक दशक से भी पहले, 1 जनवरी 2009 को थाईलैंड की राजधानी के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान आग लगने से 66 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे। वह आग कथित तौर पर घर के अंदर आतिशबाजी के प्रदर्शन के कारण लगी थी।

