लुधियाना में भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से डिवाइडर पार कर दूसरी कार से टकराई गाड़ी; 2 की मौत, 5 घायल
पंजाब डेस्क: लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर गांव शेखूपुरा के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में 2 लोगों की जान चली गई और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और मलबे में फंसे घायलों को निकालने के लिए लोगों को लोहे की रॉड से खिड़कियों को तोड़ना पड़ा।
कैसे हुआ हादसा? प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोगा की ओर से लुधियाना आ रही एक रिट्ज कार का पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जा टकराई।
मृतक और घायलों का विवरण: इस हादसे में स्विफ्ट कार के ड्राइवर गाऊदीन (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल सिरजदीं (30) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों के नाम: रिट्ज कार में सवार हरशदीप सिंह और देवकरण सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। स्विफ्ट कार में सवार लालदीन, मामूसैन और शानू को भी गंभीर चोटें आई हैं।स्विफ्ट कार में सवार सभी लोग लुधियाना के ताजपुर रोड के निवासी थे और वे मोगा में एक ‘भोग’ (अंतिम अरदास) कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
परिजनों का पोस्टमॉर्टम से इनकार: हादसे के बाद अस्पताल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब मृतकों के परिजनों ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शवों को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

