PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…31-05-2026
पंजाब डेस्क: आज पंजाब और चंडीगढ़ में राजनीतिक सरगर्मियों के साथ-साथ कई दुखद घटनाएं भी सामने आईं। जहाँ केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने विवादित बयान पर सिर झुकाकर माफी मांगी, वहीं अमृतसर में एक छात्रा ने स्कूल फीस के दबाव में अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इसके अलावा, पंजाब के मौसम में आए बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कुछ जगहों पर यह आफत बनकर भी टूटी।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने SC समाज से मांगी माफी: निकाय चुनाव के दौरान अनुसूचित जाति (SC) समुदाय के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि एक मंत्री के नाते उनके शब्द उचित नहीं थे। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने इस मामले में संगरूर के एसएसपी से 1 जून तक रिपोर्ट मांगी है।
फीस के तनाव में 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड: अमृतसर में 17 वर्षीय अमजोत कौर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मरने से पहले बनाए वीडियो में उसने आरोप लगाया कि स्कूल की फीस के लिए उसे मेंटल टॉर्चर किया गया और प्रिंसिपल उसे अलग कमरे में लेकर गई थी।
AAP विधायक पठानमाजरा को मिली जमानत: पटियाला के सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक पठानमाजरा दो महीने बाद बठिंडा जेल से बाहर आ गए हैं। हाईकोर्ट ने उन्हें रेप केस में जमानत दे दी है। जेल से बाहर आते ही उन्होंने दावा किया कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया था।
अकाली दल नेता हनी रोशा गिरफ्तार: लुधियाना के खन्ना में पुलिस ने शिरोमणि अकाली दल के नेता हरदीप सिंह उर्फ हनी रोशा और उनके भतीजे को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव जीत के जश्न के दौरान एक ‘आप’ नेता के घर के सामने हंगामा किया और उनकी गर्भवती भाभी से बदसलूकी की।
लुधियाना में बुजुर्ग दंपती की हत्या: जनता नगर इलाके में एक दंपती की हत्या कर दी गई। कनाडा में रह रही उनकी बेटी ज्योति ने 24 घंटे में करीब 100 बार फोन किया, लेकिन जब माता-पिता ने फोन नहीं उठाया तो उसे अनहोनी का शक हुआ। रिश्तेदारों के घर पहुंचने पर शव बरामद हुए।
बारिश से मकान की छत गिरी, दो भाई दबे: पंजाब और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि और बारिश से पारा 8.5 डिग्री तक गिर गया है। अबोहर में इस बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, जिसके मलबे में सो रहे दो सगे भाई दब गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है।
बोर्ड परीक्षा के नियमों में बड़ा बदलाव: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि अब बोर्ड परीक्षाओं में समान अंक प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को बराबर रैंक दी जाएगी। पहले जन्म तिथि (Date of Birth) के आधार पर रैंकिंग तय होती थी, जिसे एक छात्रा की शिकायत के बाद बदल दिया गया है।
गुरुद्वारा साहिब में आग, पावन स्वरूप को क्षति: फाजिल्का के जलालाबाद स्थित गांव बारेके के गुरुद्वारा साहिब में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस घटना में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का एक पावन स्वरूप अग्नि की भेंट चढ़ गया। पुलिस और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मामले की जांच कर रही है।
दोस्तों ने ही की 18 साल के युवक की हत्या: बठिंडा में 18 वर्षीय अमरीक सिंह की उसके ही दो दोस्तों ने हत्या कर दी और शव को मोटरसाइकिल सहित ड्रेन में फेंक दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
15 साल की किशोरी ने किया बच्चे का अपहरण: चंडीगढ़ के बुड़ैल में एक 15 साल की लड़की ने 10 साल के पड़ोसी बच्चे को जूस पिलाने के बहाने अगवा कर लिया और उसे हरिद्वार ले जाकर भीख मंगवाई। बच्चे के पिता ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे हरिद्वार के घाटों से ढूंढ निकाला।

