CBSE 10वीं सेशन-1 का रिजल्ट घोषित: 93.70% छात्र सफल, लड़कियों ने फिर मारी बाजी
नई दिल्ली: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने कक्षा 10वीं के सेशन-1 का परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें कुल 93.70% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इस साल भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है; लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99% रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 92.95% दर्ज किया गया। ट्रांसजेंडर छात्रों ने भी 91.30% रिजल्ट के साथ शानदार प्रदर्शन किया है।त्रिवेंद्रम रीजन रहा सबसे आगे देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में त्रिवेंद्रम रीजन का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहाँ 99.75% छात्र सफल रहे। इस साल लगभग 25 लाख छात्र सेशन-1 की परीक्षा में शामिल हुए थे।
छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in या उमंग (UMANG) ऐप पर अपना रोल नंबर डालकर चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।
नहीं जारी होगी मेरिट लिस्ट: सीबीएसई की नीति के अनुसार इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई है और न ही किसी टॉपर की घोषणा हुई है। बोर्ड ने सभी स्कूलों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी बच्चे को स्कूल या जिले का टॉपर घोषित न करें। पास होने के लिए छात्रों को थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट दोनों में न्यूनतम 33% अंक लाना अनिवार्य है।15 मई से सुधार का मौका (सेशन-2) नए ‘टू बोर्ड सिस्टम’ के तहत अब छात्रों के पास अपने अंकों में सुधार करने का विकल्प है।
सेशन-2 की परीक्षाएं 15 मई से 1 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षा उन छात्रों के लिए है जो अपने अंक बढ़ाना चाहते हैं या जो दो विषयों में फेल होकर ‘कंपार्टमेंट’ श्रेणी में आए हैं। यदि कोई छात्र दोनों परीक्षाओं में शामिल होता है, तो उसका बेहतर परिणाम (Best of Two) ही फाइनल माना जाएगा।

