ब्रेकिंग न्यूज़
शुक्राना यात्रा का तीसरा दिन: सीएम मान ने बंठिडा में बीजेपी पर साधा निशाना

बठिंडा / सत्ता संदेश

मुख्यमंत्री भगवंत मान की शुकराना यात्रा का आज तीसरा दिन है। जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट अमेंडमेंट 2026 के लागू होने के बाद सीएम पूरे पंजाब में यात्रा कर रहे हैं।

यात्रा के दाैरान बठिंडा में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने बठिंडा में अमरीक सिंह रोड पर लोगों को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद वहां के हालात बुरे हो चुके है।

सीएम मान ने कहा कि पंजाब में कुछ पार्टियां आपसी भाईचारक सांझ को तोड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब के लोग बहुत समझदार हैं। फिर भी राज्य के लोग ऐसी पार्टियों से सचेत रहें। मान ने कहा कि परमात्मा ने उन्हें हिम्मत दी, जिस कारण वे बेअदबी का इंसाफ देने के लिए कानून बनाने में कामयाब हुए। 

शिवराज सिंह चौहान का बड़ा फैसला: लीची संकट पर विशेषज्ञ कमेटी गठित

नई दिल्ली/सत्ता संदेश

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के लीची किसानों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और संवेदनशील पहल की है। किसानों द्वारा लीची स्टिंग बग से फसल को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाए जाने के बाद श्री शिवराज सिंह के निर्देश पर तुरंत एक विशेषज्ञ कार्यबल (टास्क फोर्स) गठित किया गया, जो प्रभावित इलाकों का दौरा कर रिपोर्ट और समाधान देगा।

केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ में 7 मई को आयोजित कृषक संवाद कार्यक्रम के दौरान किसानों ने लीची स्टिंग बग के कारण फसल को हो रहे भारी नुकसान का मुद्दा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष उठाया था। इस पर चौहान ने तत्काल संज्ञान लिया और विशेषज्ञ कार्यबल के गठन का निर्देश दिया।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर द्वारा 7 मई को जारी आदेश के अनुसार, यह टास्क फोर्स लीची स्टिंग बग की वर्तमान स्थिति का आकलन करेगा, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा, फसल क्षति का वैज्ञानिक अध्ययन करेगा और किसानों को राहत पहुंचाने के लिए तात्कालिक तथा दीर्घकालिक उपाय सुझाएगा। साथ ही यह कार्यबल किसानों के लिए जरूरी परामर्श, विस्तार गतिविधियों और राज्य व केंद्र स्तर पर आवश्यक हस्तक्षेप संबंधी सुझाव भी देगा। आदेश के अनुसार, इस विशेषज्ञ कार्यबल का गठन विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिकों, अधिकारियों और विशेषज्ञों को शामिल कर किया गया है। इसमें राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के निदेशक को अध्यक्ष बनाया गया है।

इसमें निम्न सदस्य लिए गए हैं – उद्यान-सह-बिहार राज्य बागवानी मिशन के निदेशक, बिहार सरकार द्वारा नामित प्रतिनिधि, पौधा संरक्षण, कृषि विभाग, बिहार सरकार के निदेशक द्वारा नामित प्रतिनिधि, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के कीट वैज्ञानिक द्वारा नामित प्रतिनिधि, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर के प्रधान वैज्ञानिक (कीट विज्ञान) द्वारा नामित प्रतिनिधि, एकीकृत बागवानी विकास मिशन द्वारा नामित प्रतिनिधि, पूर्वी क्षेत्र के लिए भाकृअनुप-अनुसंधान परिसर और पहाड़ी एवं पठारी क्षेत्र के लिए कृषि प्रणाली अनुसंधान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक डॉ. जयपाल सिंह चौधरी, राष्ट्रीय कृषि कीट संसाधन ब्यूरो, बेंगलुरु के डॉ. एम. सम्पत कुमार, भाकृअनुप-राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर वैज्ञानिक (कीट विज्ञान) डॉ. इप्सिता सामल तथा प्रधान वैज्ञानिक (कीट विज्ञान) डॉ. विनोद कुमार (सदस्य सचिव)।

आदेश के मुताबिक, यह कार्यबल बिहार के लीची उत्पादक जिलों के मुख्य प्रभावित प्रखंडों का जल्द दौरा करेगा। इसके बाद यह टीम एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष प्रस्तुत करेगी ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

DRDO और IAF ने TRA हथियार का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन और भारतीय वायु सेना ने गुरुवार को ओडिशा के तट पर सामरिक उन्नत रेंज संवर्धन हथियार का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। टीएआरए एक मॉड्यूलर रेंज एक्सटेंशन किट है, जो भारत की पहली स्वदेशी ग्लाइड हथियार प्रणाली है। टीएआरए अनिर्देशित वारहेड को सटीक निर्देशित हथियारों में बदल देती है।

टीएआरए को हैदराबाद स्थित इमारात अनुसंधान केंद्र (RCI) ने DRDO की अन्य प्रयोगशालाओं के सहयोग से डिज़ाइन और विकसित किया है। इसका उद्देश्य ज़मीनी लक्ष्यों को नष्ट करने के लिए कम लागत वाले हथियार की मारक क्षमता और सटीकता को बढ़ाना है। यह अत्याधुनिक कम लागत वाली प्रणालियों का उपयोग करने वाला पहला ग्लाइड हथियार है। इस किट का निर्माण विकास सह उत्पादन साझेदारों (DCPP) और अन्य भारतीय उद्योगों के सहयोग से किया गया है। इसका उत्पादन कार्य शुरू कर दिया गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रथम उड़ान परीक्षण के लिए DRDO, IAF, DCPP और उद्योग जगत को बधाई दी है और इसे भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने भी इस सफल उड़ान परीक्षण से जुड़ी टीमों को बधाई दी।

अमृतसर में फ्लाइओवर से गिरा युवक, हुई दर्दनाक मौत

अमृतसर / सत्ता संदेश

पत्रकार: विक्रमजीत सिंह / कैमरामैन : तरजिंदर सिंह

अमृतसर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां 100 फीट रोड के पास माल मंडी पुल से गिरकर एक युवक की मौत की दुखद खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक पुल से गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक युवक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही युवक की पहचान हो जाएगी, उसके बारे में सारी जानकारी शेयर की जाएगी।

CM मान ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका; बेअदबी कानून में बदलाव को गुरु का आशीर्वाद बताया

अमृतसर / सत्ता संदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘शुकराना यात्रा’ के तहत सचखंड श्री दरबार साहिब में माथा टेका। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब में गुरु के चरणों में अरदास की और राज्य की तरक्की और खुशहाली के लिए शुक्रिया अदा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेअदबी के मामलों में सख्त सजा वाले कानून में बदलाव का हक उनसे गुरु महाराज ने लिया है। उन्होंने कहा कि वह खुशकिस्मत हैं कि विधानसभा में पास हुए इस बिल को गवर्नर ने भी मंजूरी दे दी है और लोगों ने इसका दिल से स्वागत किया है। उन्होंने दुआ की कि वह इसी तरह लोगों और गुरु घर की सेवा करते रहेंगे।


ED की हालिया कार्रवाई के बारे में बोलते हुए, CM मान ने साफ किया कि इन छापों से उनका या उनकी सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह रेड एक प्राइवेट कंपनी पर है और इसमें हमारा कोई भी आदमी शामिल नहीं है।


SGPC चुनाव में देरी पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि SGPC के ‘मालिकों’ का इरादा चुनाव न कराने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे खुद बेअदबी के मामलों में शामिल हैं, जिसकी वजह से वे कानून को मानने से इनकार कर रहे हैं। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवान के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्पीकर कल श्री अकाल तख्त साहिब में पेश होंगे और अपना केस पेश करेंगे। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि बेअदबी के खिलाफ कानून पूरी विधानसभा ने एकमत से पास किया था, न कि अकेले स्पीकर ने।

अमृतसर सेशंस कोर्ट में 11 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए भाई अमृतपाल सिंह केस की सुनवाई होगी

अमृतसर / सत्ता संदेश

खडूर साहिब से MP भाई अमृतपाल सिंह से जुड़े केस की आज अमृतसर सेशंस कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान भाई अमृतपाल सिंह की तरफ से उनके वकील रितु राज सिंह संधू कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के बाद मीडिया से बात करते हुए वकील संधू ने कहा कि आज की तारीख में उन्होंने कोर्ट में एक ज़रूरी एप्लीकेशन फाइल की है, जिसमें उन्होंने भाई अमृतपाल सिंह पर लगे आरोपों को “बेबुनियाद” बताते हुए उन्हें बरी करने की मांग की है।

वकील ने कहा कि उन्होंने चालान और केस से जुड़े सभी डॉक्यूमेंट्स की स्टडी करने के बाद कोर्ट में अपनी एप्लीकेशन डिटेल में फाइल की है। उन्होंने कहा कि जिन धाराओं के तहत आरोप तय किए गए हैं, वे फैक्ट्स और सबूतों के आधार पर सही नहीं हैं और इसलिए कोर्ट को भाई अमृतपाल सिंह को इन आरोपों से बरी कर देना चाहिए।

रितु राज सिंह संधू ने कहा कि कोर्ट ने अब इस एप्लीकेशन पर जवाब फाइल करने के लिए राज्य को समय दिया है। राज्य की तरफ से 11 मई को अपना जवाब फाइल किया जाएगा, जिसके बाद कोर्ट आगे की कार्रवाई करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भाई अमृतपाल सिंह की मौजूदगी लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रिकॉर्ड की जा रही है। वकील के मुताबिक, वह अभी उसी सेल में हैं जहां उन्हें पहले रखा गया था और उनकी हालत में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।

वकील ने कहा कि कोर्ट की कार्रवाई के दौरान हर तारीख पर भाई अमृतपाल सिंह की मौजूदगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रिकॉर्ड की जाती है और पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार चल रही है। उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान उनके क्लाइंट के खिलाफ कोई नया गंभीर मामला सामने नहीं आया है और कानूनी तौर पर वह कोर्ट के सामने मजबूती से अपना केस पेश कर रहे हैं।

ANTF की बड़ी कार्रवाई : 512 ग्राम हेरोइन समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

लुधियाना / सत्ता संदेश

संवाददता: गुरमीत सिंह

पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ लुधियाना रेंज को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 512 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर पंकज भगत ने बताया कि एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि अमृतसर जिले के कस्बा रईया के पास एक काले रंग की थार गाड़ी में कुछ लोग हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस ने विशेष नाकाबंदी की और संदिग्ध थार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार तीन लोगों के पास से 512 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमबीर उर्फ कालू निवासी तरनतारन, मनप्रीत उर्फ साहिल निवासी अमृतसर और साजनदीप उर्फ साजन निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी करमबीर के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। सब इंस्पेक्टर पंकज भगत ने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे नशा तस्करी का धंधा छोड़ दें, नहीं तो सलाखों के पीछे जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाते थे और किन लोगों को सप्लाई करते थे।

सोना-चांदी की कीमतों में उछाल: MCX पर सोना ₹1.52 लाख और चांदी ₹2.60 लाख के पार

बिजनेस डेस्क: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन, शुक्रवार 8 मई 2026 को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई है। सुबह के शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं हरे निशान पर ट्रेड कर रही हैं। 5 जून की डिलीवरी वाला सोना ₹449 (0.29%) की बढ़त के साथ ₹1,52,710 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतों में ₹1,461 (0.57%) की तेजी देखी गई, जिससे यह ₹2,60,001 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है।

इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी ने ₹7,000 की लंबी छलांग लगाई थी और यह ₹2,61,500 प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। इसके साथ ही 99.9% शुद्धता वाले सोने के भाव में भी ₹600 की मामूली तेजी आई, जिसके बाद यह ₹1,56,000 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। निवेशकों को ध्यान देना चाहिए कि शनिवार और रविवार को MCX और सर्राफा बाजार दोनों बंद रहेंगे।

“मैं स्वस्थ हूं और खुश हूं”: मौत की झूठी अफवाह पर भड़के शक्ति कपूर, बोले- ‘शिकायत दर्ज कराऊंगा’

मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन शक्ति कपूर, जिन्होंने अपने करियर में 750 से अधिक फिल्मों में काम किया है, हाल ही में अपनी मौत की फर्जी खबरों (फेक न्यूज) का शिकार हो गए। 73 वर्षीय अभिनेता के निधन की अफवाह ने उनके फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया था, जिसके बाद खुद शक्ति कपूर को सामने आकर अपनी सेहत का अपडेट देना पड़ा।अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है।

वीडियो में उन्होंने कहा, “मेरी डेथ न्यूज फर्जी है। मैं हेल्दी हूं और खुश हूं। कृपया मेरे निधन की अफवाह को इग्नोर करें”। शक्ति कपूर ने इस तरह की गलत अफवाहें फैलाने वालों पर नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि वे इसकी शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं।शक्ति कपूर के इस स्पष्टीकरण के बाद उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है।

फैंस ने सोशल मीडिया पर उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की, जबकि कुछ ने झूठी खबरें फैलाने वालों के प्रति अपना गुस्सा भी जाहिर किया। गौरतलब है कि शक्ति कपूर पिछले लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और हाल के वर्षों में वे फिल्म ‘एनिमल’ (2023) और ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ (2025) जैसी फिल्मों में नजर आए हैं।

‘सीजफायर टूटा तो ईरान में दिखेगा रोशनी का पहाड़’: ट्रंप ने 3 अमेरिकी युद्धपोतों पर हमले के बाद दी चेतावनी

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच घोषित ‘सीजफायर’ अभी भी लागू है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह समझौता टूटा तो इसका परिणाम ईरान के लिए बेहद गंभीर होगा।

ट्रंप ने कहा कि सीजफायर टूटने पर लोगों को किसी अपडेट की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि “ईरान से उठता हुआ रोशनी का पहाड़” सब कुछ साफ कर देगा।यह बयान उस घटना के बाद आया है जब ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Strait of Hormuz) के पास ईरान ने अमेरिका के तीन युद्धपोतों—यूएसएस ट्रक्सटन (USS Truxtun), यूएसएस राफेल पेराल्टा (USS Rafael Peralta) और यूएसएस मेसन (USS Mason)—को मिसाइलों, ड्रोनों और छोटी नावों से निशाना बनाने की कोशिश की।

हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, अमेरिकी डिफेंस सिस्टम ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया और किसी भी जहाज को नुकसान नहीं पहुँचा।जवाब में अमेरिकी सेना ने उन ईरानी सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए, जहाँ से इन हमलों को अंजाम दिया जा रहा था।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दावा किया कि अमेरिकी जवाबी कार्रवाई में ईरानी हमलावरों को ‘भारी नुकसान’ हुआ है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व को “पागल लोग” करार देते हुए कहा कि अमेरिका ने उनकी ‘छोटी हरकत’ का कड़ा जवाब दिया है।