ब्रेकिंग न्यूज़
जयपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, 3000 से ज्यादा सैनिक हुए तैनात

जयपुर / सत्ता संदेश

जयपुर के मालवीय नगर स्थित नंदपुरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार सुबह एक बहुत बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क सीमा में आ रहे विभिन्न अतिक्रमणों को हटाने का अभियान भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शुरू किया गया है।

मौके पर कई जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध ढांचों को ढहाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इस संवेदनशील कार्रवाई के दौरान जेडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर खुद मौजूद रहकर स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।

जेडीए अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार जगतपुरा को जवाहर सर्किल से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को 80 फीट चौड़ा किए जाने की महत्वपूर्ण योजना है। इस सड़क सीमा के भीतर कई बड़े निर्माण आ रहे थे, जिन्हें हटाया जाना बेहद जरूरी था. इस कार्रवाई के तहत सड़क सीमा में आ रहे एक मस्जिद, एक मजार, एक सत्संग भवन और दो मंदिरों के ढांचे को हटाने का काम किया जा रहा है। धार्मिक संवेदनशीलता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रविवार देर रात से ही पूरे नंदपुरी क्षेत्र में एहतियातन मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई थी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

जयपुर में भजनलाल सरकार द्वारा अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है, जिसमें जेडीए ने नंदपुरी अंडरपास के पास सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान एक मस्जिद के 70 प्रतिशत हिस्से को भी गिरा दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मस्जिद का पिछला हिस्सा हुआ ध्वस्त, कार्रवाई का दायरा बड़ा

जयपुर के मालवीय नगर इलाके में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गई है। जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी में नूरानी मस्जिद के पिछले हिस्से को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण के रास्ते (राइट ऑफ वे) में आ रहे इस पक्के निर्माण को हटाने के बाद अब बुलडोजरों का रुख मस्जिद के मुख्य हिस्से की ओर हो गया है।

सामने पहुंचे बुलडोजर और मलबे के लिए ट्रकों की कतार

मस्जिद के पिछले हिस्से में एक्शन पूरा होने के बाद, अब जेडीए के भारी-कम बुलडोजर और डंपर ट्रक नूरानी मस्जिद के ठीक सामने पहुंच चुके हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और मलबे के त्वरित निस्तारण के लिए मौके पर ही कई ट्रकों को कतारबद्ध तैनात किया है। रणनीति यह है कि मस्जिद का अगला हिस्सा और बाहरी अतिक्रमण ध्वस्त होते ही मलबे को तुरंत उठाकर मौके से बाहर ले जाया जा सके, ताकि मुख्य मार्ग बाधित न हो और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।

डस्ट से न भड़के तनाव, पानी के टैंकरों से लगातार छिड़काव

इस संवेदनशील ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर किसी भी प्रकार के आक्रोश या अफवाह को फैलने से रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन बेहद सतर्क है। जेडीए अधिकारियों के अनुसार, भारी निर्माण ढहाने के कारण उड़ने वाली डस्ट (धूल के गुबार) से भी क्षेत्र में तनाव और दृश्यता की समस्या बढ़ने की आशंका थी। इसे नियंत्रित करने के लिए मौके पर पानी के विशेष टैंकर मंगवाए गए हैं। बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि धूल को हवा में उड़ने से तुरंत रोका जा सके।

आसपास के मकान छावनी में तब्दील इलाका

प्रशासन ने इस महा-अभियान के तहत सड़क सीमा को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने के लिए मस्जिद के आसपास बने कई अवैध मकानों और पक्के ढांचों को पहले ही पूरी तरह तोड़ दिया है। वर्तमान में संवेदनशील नूरानी मस्जिद के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टुकड़ियां और 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए जयपुर के चिन्हित थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से बंद हैं और निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू की गई है।

नूरानी मस्जिद के पीछे ध्वस्तीकरण शुरू

जयपुर के मालवीय नगर इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नूरानी मस्जिद के पीछे बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मस्जिद के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात कर दिया गया है और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। मस्जिद के दोनों ओर अतिक्रमण को ध्वस्त करने का काम तेजी से जारी है।

जयपुर के मालवीय नगर में जेडीए द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेजी से जारी है, जिसके चलते पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और किसी के भी प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर वहाँ रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है, पुलिस के जवानों को भवनों की छतों पर तैनात किया गया है और पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। जेडीए की इस कार्रवाई के तहत अब से कुछ ही देर में दो मंदिरों, एक मस्जिद और एक मजार को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाएगा।

24 घंटे के लिए बढ़ाई गई इंटरनेट बंदी

जेडीए की इस बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के मद्देनजर राजधानी जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। संभागीय आयुक्त वी. सरवण कुमार ने एक संशोधित आदेश जारी करते हुए जयपुर में इंटरनेट बंदी की अवधि को आगामी 24 घंटे के लिए और बढ़ा दिया है। अब जयपुर में 8 जून रात 12 बजे से लेकर 9 जून रात 12 बजे तक नेटबंदी पूरी तरह लागू रहेगी. प्रशासन के इस फैसले के बाद जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व के अधिकांश थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी. इस दौरान 2G, 3G, 4G, और 5G मोबाइल डेटा के साथ-साथ सभी सोशल मीडिया सेवाओं पर पूर्ण रोक रहेगी। व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम सहित अन्य सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म इस आदेश से प्रभावित रहेंगे। इसके साथ ओला ऊबर जैसे कैब और वाहन सुविधा प्रभावित रहेंगे। लोगों को पहले ही अन्य वाहन सुविधा के लिए सतर्क किया गया है। जरूरी दस्तावेज और टिकट अभी ही डाउनलोड करने के लिए कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय इलाके में कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

ड्रोन कैमरों से निगरानी और धारा 163 लागू

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों, आरएसी (RAC) के जवानों और उच्च अधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, जबकि आसमान से ड्रोन कैमरों और सड़कों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।इसके साथ ही क्षेत्र में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसके तहत पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्रित होने, किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस या प्रदर्शन करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि भड़काऊ गतिविधि या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *