ब्रेकिंग न्यूज़
वस्त्र मंत्रालय की सचिव सुश्री नीलम शमी राव ने भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप लॉन्च किया


दिल्ली / सत्ता संदेश

‘भारत टेक्स ऐप निर्बाध आयोजन नेविगेशन, प्रदर्शक खोज, बी2बी बैठकें, डिजिटल बैज, लीड कैप्चर और एआई-संचालित सहायता उपलब्ध कराएगा’

भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन में वस्त्र उद्योग जगत के लिए एक एकीकृत डिजिटल साथी

भारत टेक्स 2026 का आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगा

वस्त्र मंत्रालय की सचिव सुश्री नीलम शमी राव ने आज भारत टेक्स 2026 इवेंट ऐप लॉच किया। यह एकीकृत डिजिटल प्लेटफार्म भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन में खरीदारों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, वक्ताओं, सोर्सिंग सलाहकारों, भागीदारों, प्रदर्शकों और आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है।

आधिकारिक भारत टेक्स 2026 ऐप इस आयोजन की ‘डिजिटल-प्रथम’ सोच को दर्शाता है और यह व्यावसायिक संपर्क स्थापित करने, प्रतिभागियों के अनुभव को बेहतर बनाने, डेटा-आधारित सहभागिता को सक्षम करने तथा भारत टेक्स 2026 के व्यापक पैमाने और महत्वाकांक्षा को समर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह ऐप भारत टेक्स 2026 के लिए एक व्यापक डिजिटल सहयोगी के रूप में विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीकृत प्रतिभागी आयोजन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, प्रदर्शकों को खोज कर सकेंगे, बैठकें निर्धारित कर सकेंगे, आयोजन स्थल पर मार्ग दर्शन प्राप्त कर सकेंगे, लीड कैप्चर कर सकेंगे, ज्ञान सत्रों तक पहुंच बना सकेंगे और वास्तविक समय में अपडेट प्राप्त कर सकेंगे- वो भी एक ही मोबाइल इंटरफेस के माध्यम से।

यह ऐप प्रदर्शकों, वक्ताओं, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, विदेशी खरीदारों, घरेलू थोक खरीदारों, सोर्सिंग सलाहकारों और आम आगंतुकों सहित  सभी हितधारकों के लिए व्यक्तिगत पहुंच, दृश्य और सहभागिता टूल उपलब्ध कराएगा।

इस ऐप की एक प्रमुख विशेषता इसका एआई स्मार्ट असिस्टेंट है, जिसे प्रतिभागियों के लिए 24×7 संवादात्मक मार्गदर्शक के रूप में डिज़ाइन किया गया है। उपयोगकर्ता सरल भाषा में आयोजन से संबंधित प्रश्न पूछ सकेंगे और उन्हें आयोजन स्थल कार्यक्रम-सारणी, दिशा-निर्देश तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की प्रासंगिक जानकारी प्राप्त होगी। यह सुविधा भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों प्रकार के प्रतिभागियों को उपयोगकर्ता-अनुकूल और त्वरित डिजिटल इंटरफेस के माध्यम से सहायता प्रदान करेगी।

यह ऐप नेटवर्किंग और मीटिंग मॉड्यूल के माध्यम से व्यवस्थित व्यावसायिक जुड़ाव को भी बढ़ावा देगा। प्रदर्शक, खरीदार और प्रतिनिधि प्रासंगिक साझेदारों को खोज सकेंगे, बैठकें तय कर सकेंगे, अपनी उपलब्धता प्रबंधित कर सकेंगे, बैठक अनुरोध प्राप्त कर सकेंगे और तय कर दी गई बैठकों रिकॉर्ड रख सकेंगी। लीड वॉलेट और क्यूआर-आधारित लीड कैप्चर सुविधा प्रदर्शकों और प्रतिभागियों को डिजिटल बैज स्कैन कर संरचित संपर्क विवरण सुरक्षित रखने में सक्षम बनाएगी, जिससे आयोजन के बाद भी संपर्क बनाए रखना आसान होगा।

यह ऐप भारत मंडपम में उन्नत नेविगेशन और दिशा-निर्देश सहायता भी प्रदान करेगा। प्रतिभागी फ्लोर प्लान देख सकेंगे, बूथ खोज सकेंगे, कंपनियों का पता लगा सकेंगे तथा आयोजन स्थल के भीतर स्टॉल-स्तरीय  दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकेंगे।

वैश्विक खरीदारों और व्यापारिक आगंतुकों के लिए प्रदर्शक खोज मॉड्यूल विभिन्न प्रदर्शक श्रेणियों में व्यवस्थित खोज और फिल्टरिंग की सुविधा प्रदान करेगा। उपयोगकर्ता कंपनियों को नाम, उत्पाद श्रेणी और प्रदर्शक प्रकार के आधार पर खोज सकेंगे, जिससे वस्त्र मूल्य श्रृंखला में लक्षित सोर्सिंग और केंद्रित व्यावसायिक बातचीत संभव हो सकेगी।

यह ऐप लाइव इवेंट एजेंडा और ज्ञान सत्रों तक पहुंच भी प्रदान करेगा, जिससे प्रतिभागी सम्पूर्ण सम्मेलन कार्यक्रम देख सकेंगे, अपना व्यक्तिगत एजेंडा बना सकेंगे और सत्र संबंधी अलर्ट प्राप्त कर सकेंगे। इससे नीतिगत संवादों, उद्योग जगत की चर्चाओं और ज्ञान-आधारित गतिविधियों में बेहतर भागीदारी सुनिश्चित होगी, जिनकी योजना भारत टेक्स 2026 के तहत बनाई गई है।

भारत टेक्स ऐप तक पहुंचने का लिंक हैः- https://onelink.to/zcrm4s

भारत टेक्स 2026 का आयोजन भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है, जो 11 वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग निकायों का एक संघ है। इसका आयोजन केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री के 5एफ विजन- फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन- से प्रेरित यह आयोजन भारत को एक विश्वसनीय, सतत एवं नवाचार-आधारित वैश्विक वस्त्र सोर्सिंग और निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने का प्रयास करता है।

भारत टेक्स 2026, जो 14-17 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगा, में वैश्विक वस्त्र उद्योग से 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1,30,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन भारत की एकीकृत वस्त्र मूल्य श्रृंखला को प्रदर्शित करेगा, जिसमें फाइबर, यार्न, वस्त्र, परिधान, घरेलू वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, हथकरघा, हस्तशिल्प, टिकाऊ वस्त्र और बुद्धिमान विनिर्माण प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। भारत टेक्स 2026 एक्सपो के बारे में अधिक जानकारी बेवसाइट www.bharat-tex.com पर उपलब्ध है।

नए अध्ययन से सूर्य के बाहरी वायुमंडल (सौर कोरोना) के रहस्यमय रूप से अधिक गर्म होने के निदान का मार्ग प्रशस्त हुआ

दिल्ली / सत्ता संदेश

सूर्य के बाहरी वायुमंडल या कोरोना में छिपी अशांति का पता लगाने का एक नया तरीका वैज्ञानिकों को इस लंबे समय से चले आ रहे रहस्य के बारे में नई जानकारी हासिल करने में मदद कर सकता है कि कोरोना सूर्य की दृश्य सतह की तुलना में बहुत अधिक गर्म क्यों है।

सूर्य का बाहरी वायुमंडल यानी कोरोना चुंबकीय संरचनाओं से भरा हुआ है जो तरंगों के प्रवाह के साथ लगातार हिलतस रहतस है। इनमें सबसे आम हैं अनुप्रस्थ चुंबकीय जलगतिकीय (एमएचडी) तरंगें, जिन्हें अक्सर अल्फ़वेनिक या किंक तरंगें कहा जाता है। ये तरंगें इन चुंबकीय संरचनाओं के साथ बाहर की ओर बढ़ते हुए कोरोना की संरचनाओं को अगल-बगल दोलन कराती हैं।

स्पेक्ट्रोस्कोपी के अनुसार ऐसी तरंगें प्रत्यावर्ती लाल और नीले डॉप्लर शिफ्ट उत्पन्न करती हैं, जो चुंबकीय क्षेत्र के लंबवत अनुप्रस्थ गतियों के कारण प्रेक्षक की ओर और उससे दूर जाने वाले प्लाज्मा के संकेत हैं। हालांकि, क्या ये प्रसारित अनुप्रस्थ तरंगें कोरोनल स्पेक्ट्रल रेखाओं के आकार को भी संशोधित कर सकती हैं, जिससे अन्यथा गाऊसी प्रोफाइल में मापने योग्य विषमताएं उत्पन्न हो सकती हैं, यह अभी तक अवलोकन के आधार पर स्पष्ट रूप से स्थापित नहीं हुआ है।

कोरोना और परिवर्तन क्षेत्र के पिछले प्रेक्षणों से स्पेक्ट्रल रेखाओं में सर्वव्यापी नीले रंग की विषमताएं प्रकट हुई हैं। इन्हें मुख्यतः चुंबकीय क्षेत्र रेखाओं के अनुदिश ऊपर की ओर प्रवाह, जेट या द्रव्यमान गति के संकेत के रूप में व्याख्यायित किया गया है। इसके विपरीत, अनुप्रस्थ तरंगों को अक्सर लगभग असंपीड्य माना जाता है और इसलिए उनसे मजबूत रेखा प्रोफ़ाइल विषमताएं उत्पन्न होने की अपेक्षा नहीं की जाती है। परिणामस्वरूप, स्पेक्ट्रल विषमताओं में उनके संभावित योगदान पर बहुत कम ध्यान दिया गया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के स्वायत्त संस्थान- आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एआरआईएस) नैनीताल और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली द्वारा किए गए एक हालिया अध्ययन में इस प्रश्न की जांच के लिए उन्नत त्रि-आयामी एमएचडी सिमुलेशन को फॉरवर्ड मॉडलिंग के साथ मिलाकर उपयोग किया गया। एआरआईएस की पीएचडी छात्रा सुश्री अंबिका सक्सेना और आईआईटी दिल्ली के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर वैभव पंत ने अनुप्रस्थ काट में घनत्व असमानताओं वाले एक खुले क्षेत्र के कोरोनल क्षेत्र का सिमुलेशन किया। निचली सीमा पर अनुप्रस्थ तरंगें उत्पन्न की गईं और उन्हें संरचित चुंबकीय क्षेत्र के अनुदिश ऊपर की ओर प्रसारित होने दिया गया। उन्होंने फॉरवर्ड मॉडलिंग का उपयोग करते हुए गणना की कि प्लाज्मा उत्सर्जन आमतौर पर देखी जाने वाली कोरोनल स्पेक्ट्रल लाइन, Fe XIII 10749 Å में कैसे दिखाई देगा।

एस्ट्रोफिज़िकल जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में किए गए सिमुलेशन से एक सुसंगत पैटर्न सामने आया। जब अनुप्रस्थ तरंगें एक संरचित चुंबकीय प्लूम (किसी खगोलीय पिंड की सतह से अंतरिक्ष में निकलने वाले पदार्थ—जैसे जल वाष्प, बर्फ के कण या प्लाज्मा) के अनुदिश फैलती हैं, तो संरचना के भीतर प्लाज्मा एकसमान रूप से गति नहीं करता है। प्लूम के अनुप्रस्थ काट में घनत्व में भिन्नताएं होती हैं, और जैसे-जैसे तरंग विकसित होती है, यह चरण मिश्रण के माध्यम से तेजी से सूक्ष्म संरचना उत्पन्न करती है। यह प्रक्रिया अशांति के विकास की ओर ले जाती है, जिससे चुंबकीय संरचना के भीतर छोटे पैमाने पर वेग और घनत्व संरचना का निर्माण होता है।

सौर कोरोना की प्रकाशीय विरलता के कारण संरचना के कई भागों से निकलने वाला उत्सर्जन दृष्टि रेखा के अनुदिश एक दूसरे पर आ जाता है। विभिन्न क्षेत्र एक ही समय में अलग-अलग वेग से गति करते हैं। जब यह उत्सर्जन संयुक्त होता है, तो परिणामी स्पेक्ट्रल रेखा पूर्णतः सममित नहीं रह जाती। इसके बजाय, इसमें नीले और लाल रंग की वैकल्पिक विषमताएं विकसित होती हैं जो तरंग के यात्रा करने के साथ समय और ऊंचाई में बदलती रहती हैं।

महत्वपूर्ण बात यह है कि ये विषमताएं अनुप्रस्थ तरंग गतिकी, अनुप्रस्थ काट की असमानताओं और तरंग-प्रेरित अशांति के विकास के संयुक्त प्रभावों से स्वाभाविक रूप से उत्पन्न होती हैं। अनुकरणित विषमताएं रेखा शिखर तीव्रता के लगभग 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती हैं, जिनकी स्पष्ट द्वितीयक गति 30 से 40 किमी प्रति सेकंड होती है। इसके अलावा, वैकल्पिक लाल-नीला पैटर्न स्वयं तरंग के अनुरूप गति से बाहर की ओर फैलता है।

ये परिणाम दर्शाते हैं कि केवल अनुप्रस्थ एमएचडी तरंगों के संचरण से ही व्यवस्थित प्रत्यावर्ती वर्णक्रमीय विषमताएं उत्पन्न हो सकती हैं। डीकेआईएसटी जैसी सुविधाओं से प्राप्त उच्च स्थानिक और वर्णक्रमीय रिज़ॉल्यूशन के साथ, इस घटना का अवलोकन शीघ्र ही संभव हो सकता है, जिससे सौर कोरोना में तरंग-चालित गतिकी का एक नया निदान प्राप्त होगा।

यूआईडीएआई ने हरियाणा में आधार सेवाओं का विस्तार किया, गुरुग्राम में नया आधार सेवा केंद्र शुरू

हरियाणा / सत्ता संदेश

यूआईडीएआई ने हरियाणा में आधार सेवाओं का विस्तार किया, गुरुग्राम में नया आधार सेवा केंद्र शुरूचंडीगढ़, 20 मई 2026: यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने हरियाणा में अपनी सेवा वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए गुरुग्राम में एक नए आधार सेवा केंद्र (एएसके) का शुभारंभ किया है। यह केंद्र प्लॉट नंबर 804, प्रथम तल, सरस्वती विहार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, चक्करपुर मेन मार्केट रोड, चक्करपुर विलेज, सेक्टर-12, गुरुग्राम – 122002, हरियाणा में स्थित है। केंद्र का उद्घाटन आज निदेशक कर्नल हरमीत सिंह कपूर द्वारा किया गया।

नव स्थापित आधार सेवा केंद्र का उद्देश्य नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगमता, दक्षता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। यहां निवासी आधार नामांकन, नाम, पता एवं जन्म तिथि जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन के साथ-साथ बायोमेट्रिक अपडेट की सेवाएं भी प्राप्त कर सकेंगे।

इस नए केंद्र के शुरू होने से विशेष रूप से आसपास के कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, क्योंकि उन्हें अब आधार सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। केंद्र में आधुनिक अवसंरचना, प्रशिक्षित कर्मियों एवं सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि नागरिकों को न्यूनतम प्रतीक्षा समय में बेहतर सेवा अनुभव प्राप्त हो सके।

यूआईडीएआई के अनुसार, इस आधार सेवा केंद्र की स्थापना से मौजूदा केंद्रों पर भीड़ कम होगी, अनुरोधों का त्वरित निपटान सुनिश्चित होगा तथा आधार सेवाओं की समग्र गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इसके साथ ही सेवाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों सहित समाज के सभी वर्गों के लिए आधार सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर पहुंच से अधिक निवासी अपने आधार विवरण समय-समय पर अद्यतन रख सकेंगे, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

यूआईडीएआई ने हरियाणा के निवासियों से अपील की है कि वे नामांकन एवं अपडेट संबंधी आवश्यकताओं के लिए इस आधार सेवा केंद्र का उपयोग करें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक वैध दस्तावेज साथ लेकर आएं अथवा सुविधा हेतु ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करें।

अधिक जानकारी के लिए निवासी यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट अथवा अपने निकटतम आधार सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

अकाली दल पुनर सुरजीत को बड़ा झटका: मनप्रीत अयाली का सभी पदों से इस्तीफा, नेतृत्व पर उठाए गंभीर सवाल

पंजाब डेस्क : पंजाब की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर करते हुए शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के दिग्गज नेता मनप्रीत अयाली ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट साझा कर इस फैसले की घोषणा की और स्पष्ट किया कि वे किसी भी ‘दिल्ली वाली पार्टी’ जैसे भाजपा, कांग्रेस या आप में शामिल होने के बारे में सोच भी नहीं सकते।अयाली ने अपने इस्तीफे के पीछे 6 प्रमुख कारण बताए हैं:

नेतृत्व का नैतिक अधिकार: अकाल तख्त साहिब के हुकमनामे के अनुसार, वर्तमान लीडरशिप सिख कौम का नेतृत्व करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है, फिर भी वे पद छोड़ने को तैयार नहीं थे।

सुखबीर बादल का इनकार: सुखबीर सिंह बादल ने अकाल तख्त द्वारा गठित भर्ती कमेटी को मानने से इनकार कर दिया था।

चरित्र हनन: अयाली ने आरोप लगाया कि पार्टी के नेताओं और आईटी विंग द्वारा उनकी ‘किरदारकशी’ (चरित्र हनन) की गई।

पंथक एकता में विफलता: उन्होंने सभी पंथक पक्षों को एकजुट करने की कोशिश की, लेकिन पुरानी लीडरशिप के पीछे न हटने के कारण तालमेल टूट गया।

मनप्रीत अयाली ने साफ किया कि वे भविष्य में सिख बुद्धिजीवियों और समूचे पंथ की भावनाओं के अनुसार ही कोई अगला कदम उठाएंगे और निष्काम भाव से पंजाब की सेवा जारी रखेंगे।

PM मोदी ने जियोर्जिया मेलोनी को गिफ्ट की ‘मेलोडी’ टॉफी, भारत में मची लूट; ब्लिंकिट-जेप्टो पर हुई ‘आउट ऑफ स्टॉक’

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अपने पांच देशों के यूरोपीय दौरे के अंतिम चरण में इटली में हैं। इस यात्रा के दौरान एक ऐसी दिलचस्प घटना घटी, जिसने न केवल सोशल मीडिया पर धूम मचा दी, बल्कि भारत के क्विक कॉमर्स बाजार को भी हिला कर रख दिया।

क्या है मामला? इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी ने वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी को पारले (Parle) कंपनी की मशहूर कैंडी ‘मेलोडी’ (Melody) का एक पैकेट तोहफे में दिया। मेलोनी ने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें वे इस चॉकलेट और कैरेमेल टॉफी के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करती नजर आ रही हैं। यह पल डिनर और कोलोसियम के दौरे के बाद का था।

भारत में ‘मेलोडी’ के लिए मची होड़ : जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, भारत में ‘मेलोडी’ टॉफी ट्रेंड करने लगी। भारतीय कंज्यूमर्स इस कैंडी को खरीदने के लिए इस कदर टूट पड़े कि बुधवार को ब्लिंकिट (Blinkit), जेप्टो (Zepto) और इंस्टामार्ट (Instamart) जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर यह टॉफी ‘आउट ऑफ स्टॉक’ हो गई। एक रुपये से भी कम कीमत वाली इस टॉफी को खोजने और ऑर्डर करने के लिए हजारों लोगों के बीच होड़ मच गई।

रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा : गिफ्ट के आदान-प्रदान के अलावा, दोनों नेताओं ने भारत और इटली के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली के संबंध अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गए हैं और दोनों देश सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं।

मोहाली में सनसनीखेज वारदात: मां ने ही रची अपनी 4 साल की बच्ची के अपहरण की साजिश, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पंजाब डेस्क : पंजाब के मोहाली जिले के कुराली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 4 साल की मासूम बच्ची का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। यह पूरी वारदात पास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की बेरहमी साफ देखी जा सकती है।

दादा-दादी को कार से कुचलने की कोशिश : सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह बच्ची को घसीट रहे हैं। जब बच्ची के दादा-दादी ने उसे बचाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें कार से कुचलने का प्रयास भी किया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मां और मामा ही निकले साजिशकर्ता : पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ उसने सबको चौंका दिया। इस अपहरण की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि बच्ची की अपनी सगी मां निकली। जांच में पता चला कि महिला का अपने पति के साथ कोर्ट में कस्टडी को लेकर विवाद (Matrimonial Dispute) चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मां ने अपने भाई (बच्ची के मामा) और उसके साथियों के साथ मिलकर इस अपहरण की साजिश रची थी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई : पंजाब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने साजिश में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

अमृतसर सिविल अस्पताल में कांग्रेसी और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई, तस्वीरें आईं सामने

अमृतसर / सत्ता संदेश

अकाली काउंसलर इंदरजीत सिंह पंडोरी के बेटे के साथ मारपीट, अस्पताल के अंदर फिर भिड़े दोनों गुट

हमें निशाना बनाया जा रहा है — अकाली काउंसलर पंडोरी के गंभीर आरोप

पहले शहीदा साहिब के बाहर झगड़ा, फिर सिविल अस्पताल में दोबारा भिड़े दोनों पक्ष, पुलिस जांच में जुटी

अमृतसर के थाना बी डिवीजन क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं पर अकाली दल के काउंसलर इंदरजीत सिंह पंडोरी के बेटे और अन्य युवकों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे। घटना के बाद घायल युवकों को इलाज के लिए अमृतसर के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां दोनों गुट फिर आमने-सामने हो गए और अस्पताल के अंदर ही हाथापाई तथा गाली-गलौज होने की बात सामने आई है।

सिविल अस्पताल के अंदर कांग्रेसी और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की और बहस की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसके बाद पुलिस प्रशासन को मौके पर पहुंचकर माहौल शांत करवाना पड़ा।

इस मामले को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए अकाली काउंसलर इंदरजीत सिंह पंडोरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें और अकाली दल के कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रंजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा और अन्य युवक माथा टेकने गए हुए थे, जहां उन पर हमला किया गया।

पंडोरी ने दावा किया कि अस्पताल में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उनके साथ दोबारा हाथापाई की गई।

उधर थाना ए डिवीजन के एसएचओ जगजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले झगड़ा हुआ था और घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवा दिया है और जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी।

इसी दौरान थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह ने बताया कि शहीदा साहिब के बाहर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्ष इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बाइट: इंदरजीत सिंह पंडोरी, अकाली काउंसलर

बाइट: जगजीत सिंह, एसएचओ थाना ए डिवीजन

बाइट: बलजिंदर सिंह, एसएचओ थाना बी डिवीजन

मजीठा नगर कौंसिल चुनावों में धक्केशाही के आरोप, कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन को घेरा

अमृतसर / सत्ता संदेश

कांग्रेसी उम्मीदवारों के नामांकन जबरन वापस करवाने के आरोप

कांग्रेस नेता भगवंत सिंह सचर ने अदालत जाने की चेतावनी दी

मजीठा चुनावों में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है : भगवंत सिंह सचर

अमृतसर के हल्का मजीठा में हो रहे नगर कौंसिल चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं और उम्मीदवारों ने आम आदमी पार्टी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार के दबाव में विपक्षी उम्मीदवारों के नामांकन रद्द और वापस करवाए जा रहे हैं ताकि एकतरफा चुनाव करवाए जा सकें।

इस संबंध में देर रात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अमृतसर देहाती प्रधान और हल्का मजीठा के इंचार्ज भगवंत सिंह सचर ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 13 से कांग्रेसी उम्मीदवार अमरजीत कौर और वार्ड नंबर 6 से उम्मीदवार अमनदीप सिंह समेत अन्य उम्मीदवारों पर पुलिस और सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं द्वारा दबाव बनाया गया।

उन्होंने कहा कि सुबह स्थानीय पुलिस कर्मचारी उम्मीदवारों के घर पहुंचे और उन्हें धमकाया गया कि यदि नामांकन वापस नहीं लिया गया तो उनके खिलाफ झूठे केस दर्ज कर दिए जाएंगे। सचर ने बताया कि एक उम्मीदवार का आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी अपने कब्जे में लेकर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की गई।

भगवंत सिंह सचर ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों ने न तो कोई नामांकन वापस लिया और न ही किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए, इसके बावजूद उनके नाम वापस लिए गए उम्मीदवारों की सूची में दिखा दिए गए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के पास अब भी वे पर्चियां मौजूद हैं जो नामांकन वापसी के समय तहसीलदार कार्यालय में जमा करवाई जाती हैं, जिससे साबित होता है कि नामांकन कानूनी तरीके से वापस नहीं लिए गए।

कांग्रेसी नेता ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी भी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब इस मामले में एसडीएम और तहसीलदार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अन्य हलकों में भी बड़ी संख्या में नामांकन रद्द हुए हैं, जबकि मजीठा में केवल कुछ ही मामले हैं। सचर ने कहा कि यह तर्क गलत है और लोकतंत्र की हत्या के बराबर है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाएगी और चुनाव आयोग के पास भी शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सत्ता के नशे में विपक्षी पार्टियों को दबाने की कोशिश कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस मौके पर उन उम्मीदवारों ने भी अपना पक्ष रखा जिनके नामांकन रद्द किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना जानकारी दिए उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी गई और न ही उन्होंने किसी प्रकार के दस्तखत किए हैं। उम्मीदवारों ने इंसाफ की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की।

बाइट : भगवंत सिंह सचर, पूर्व प्रधान PPCC अमृतसर देहाती / इंचार्ज हल्का मजीठा

बाइट : अमनदीप सिंह, कांग्रेसी उम्मीदवार वार्ड नंबर 6

बाइट : अमरजीत कौर का बेटा, कांग्रेसी उम्मीदवार वार्ड नंबर 13

अमृतसर पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

अमृतसर / सत्ता संदेश

दो आरोपियों की गिरफ्तारी, 10 किलो ICE और 4 किलो हेरोइन बरामद

दुबई से संचालित हो रहा था नशा तस्करी नेटवर्क,

पंजाब-दिल्ली तक सप्लाई
छेहरटा थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग स्मगलिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो ICE (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई और अबू धाबी में बैठे एक ड्रग तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर पंजाब तथा दिल्ली में नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से वापस लौटा था, जहां उसे कथित तौर पर नशा तस्करी की ट्रेनिंग दी गई थी। उसे हेरोइन और ICE की खेपों को पंजाब पहुंचाने और आगे सप्लाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी माजहा और दोआबा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और अतिरिक्त बरामदगी होने की संभावना है।

अमृतसर में हीट वेव का कहर, पारा 44 डिग्री के करीब पहुंचा

भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल, सड़कें सुनसान दिखाई दीं

दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी, पानी और पूरे कपड़ों का ले रहे सहारा

डॉक्टरों की सलाह — लू से बचने के लिए तरल पदार्थों का अधिक करें सेवन

अमृतसर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित कर दी है। हीट वेव के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है और शहर का तापमान आज करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

दोपहर के समय सड़कों पर कम आवाजाही देखने को मिली। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग पूरी बांहों वाले कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं और अपने साथ पानी की बोतलें भी रख रहे हैं। कई लोग समय-समय पर पानी पीकर खुद को डिहाइड्रेशन से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

लू के खतरे को देखते हुए लोग केवल जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शहर में जगह-जगह नींबू पानी, शिकंजी और तरबूज की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।

स्थानीय निवासी लवप्रीत सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण दिन के समय घर से बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि बिना पानी के घर से बाहर जाना संभव नहीं है।

डॉ. हरजाप सिंह ने लोगों को सलाह दी कि तेज धूप में बाहर जाने से परहेज करें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

वहीं मनदीप सिंह और राहुल ने कहा कि दोपहर के समय सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया है और लोग गर्मी से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं।

बाइट:— डॉक्टर हरजाप सिंह, राहुल, मनदीप सिंह , लवप्रीत सिंह