ब्रेकिंग न्यूज़
देशभर में मेडिकल स्टोर बंद, मरीजों को भारी परेशानी का सामना

अमृतसर / सत्ता संदेश

ऑनलाइन फार्मेसी और नई नीति के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल

अमृतसर की दवा मंडी समेत पंजाबभर में मेडिकल दुकानों पर लगे ताले

केमिस्ट एसोसिएशन की चेतावनी — मांगें नहीं मानी गईं तो संघर्ष होगा तेज

देशभर में आज मेडिकल स्टोर और दवाइयों की दुकानों के बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाइयों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा, लेकिन ज्यादातर मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कई जगहों पर लोग मेडिकल स्टोरों के बाहर खड़े नजर आए, लेकिन बंद होने के कारण उन्हें दवाइयां नहीं मिल सकीं।

पंजाब के अमृतसर में भी इस बंद का बड़ा असर देखने को मिला। अमृतसर के कटड़ा शेर सिंह इलाके, जिसे दवाइयों की सबसे बड़ी होलसेल मार्केट माना जाता है, वहां पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा पहले ही बंद का ऐलान किया गया था, जिसके चलते शहर की लगभग सभी मेडिकल दुकानें बंद रहीं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह बंद रात 12 बजे तक जारी रहेगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनजीत सिंह ने बताया कि यह हड़ताल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन और ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर की गई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां भारी छूट देकर दवाइयां बेच रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना उचित जांच के दवाइयां बेची जा रही हैं, जिससे नकली दवाइयों का खतरा भी बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लाई जा रही नई नीतियों के कारण आने वाले समय में केमिस्टों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। एसोसिएशन के मुताबिक ऑनलाइन नेशनल ड्रग लाइसेंस पोर्टल में भी कई तकनीकी खामियां हैं, जिससे दुकानदार परेशान हैं।

वहीं अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के वाइस प्रधान अमरदीप सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए फर्जी प्रिस्क्रिप्शन तैयार कर ऑनलाइन दवाइयां बेची जा रही हैं, जो लोगों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नकली दवाइयों की सप्लाई भी आसानी से हो रही है, इसलिए केमिस्ट इसके विरोध में आवाज उठा रहे हैं।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। अगले महीने ऑल इंडिया स्तर पर बैठक की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल देशभर में मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीजों और आम लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बाइट — केमिस्ट एसोसिएशन के वाइस प्रधान अमरदीप सिंह

बाइट — अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनजीत सिंह

पंजाब रोडवेज कर्मचारियों द्वारा अमृतसर बस स्टैंड पर जोरदार प्रदर्शन

अमृतसर / सत्ता संदेश

मांगें पूरी न होने पर 25 से 27 तारीख तक हड़ताल की चेतावनी

आउटसोर्स और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को पक्का करने की उठी मांग

सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप, कर्मचारियों ने संघर्ष तेज करने का किया ऐलान

पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन द्वारा आज अमृतसर के केंद्रीय बस स्टैंड पर जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। यूनियन नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

यूनियन के प्रदेश नेता जोध सिंह ने बताया कि 18 तारीख को कर्मचारियों द्वारा एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की गई थी। इसके बाद पंजाब के वित्त और परिवहन मंत्री हरपाल चीमा के साथ बैठक हुई, जिसमें मंत्री द्वारा कर्मचारियों की मांगें पूरी करने का भरोसा दिया गया था। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से कर्मचारी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। चाहे पिछली सरकारें हों या मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार, कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। यूनियन की मुख्य मांगों में आउटसोर्स और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को रेगुलर करना, संघर्ष के दौरान दर्ज किए गए केस वापस लेना और कर्मचारियों को दोबारा बहाल करना शामिल है।

जोध सिंह ने कहा कि आंदोलन के दौरान कई कर्मचारियों पर धारा 307 जैसे गंभीर मामले दर्ज किए गए थे, जिन्हें रद्द किया जाना चाहिए। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम वाली बसों को बंद करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरी तरह स्वीकार नहीं करती, तब तक बस स्टैंडों और बसों में सरकार के खिलाफ प्रचार अभियान जारी रहेगा।

वहीं यूनियन के प्रदेश कैशियर बलजीत सिंह ने कहा कि पहले 20 तारीख को संगरूर में बड़ा धरना-प्रदर्शन रखा गया था, जिसमें पूरे पंजाब से कर्मचारी पहुंचने वाले थे। लेकिन मंत्री हरपाल चीमा के साथ बैठक के बाद फिलहाल आंदोलन को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। मंत्री द्वारा भरोसा दिया गया है कि कर्मचारियों पर दर्ज केस खत्म किए जाएंगे और जिन कर्मचारियों को पक्का किया जाना है, उन्हें जल्द रेगुलर किया जाएगा।

कर्मचारियों ने साफ किया कि अगर सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए तो 25, 26 और 27 तारीख को पूरे पंजाब में बड़ी हड़ताल की जाएगी। यूनियन नेताओं ने मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों और विधानसभा में किए गए वादों को अब सरकार भूल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फिर भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे घर-घर जाकर सरकार के खिलाफ अभियान चलाएंगे और लोगों को सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक करेंगे।

बाइट — जिला प्रधान जोध सिंह

बाइट — यूनियन जिला कैशियर बलजीत सिंह

टांडा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।

टांडा / सत्ता संदेश

चुनावों के दौरान अमन-कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए टांडा पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।आगामी नगर कौंसिल चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए टांडा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से आज टांडा पुलिस द्वारा इलाके में एक विशेष फ्लैग मार्च निकाला गया। सब डिवीजन टांडा पुलिस के डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा और एसएचओ गुरिंदर सिंह नागरा की अगुवाई में पुलिस टीम ने टांडा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करते हुए अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग भी की।

यह फ्लैग मार्च स्थानीय थाना प्रभारी की अगुवाई में निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और सुरक्षा बल शामिल थे।

शहर के मुख्य बाजारों और संवेदनशील इलाकों से गुजरा मार्च

पुलिस द्वारा निकाला गया यह फ्लैग मार्च टांडा थाने से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य बाजारों, चौकों और खासकर चुनाव की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों से होकर गुजरा। पुलिस की गाड़ियों और पैदल मार्च कर रहे जवानों ने शहरवासियों को सुरक्षा का एहसास करवाया।

पुलिस प्रशासन की मुख्य चेतावनी और अपील

इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनावों के दौरान किसी भी शरारती तत्व को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस द्वारा जारी मुख्य निर्देश:

  • सख्त कार्रवाई: चुनावों के दौरान अफवाहें फैलाने, हुड़दंग करने या मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
  • असला जमा करवाने की अपील: लाइसेंसी हथियार रखने वाले लोगों से चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए अपने हथियार तुरंत नजदीकी थाने या गन हाउस में जमा करवाने को कहा गया है।
  • सहयोग की मांग: पुलिस ने आम जनता से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।

बाइट: डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा

एएनआरएफ ने अभिसरण अनुसंधान उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) स्थापित करने के लिए 10 संस्थानों के चयन की घोषणा की

दिल्ली / सत्ता संदेश


सामाजिक चुनौतियों और सतत विकास के लिए अंतःविषयक समाधानों को बढ़ावा देने हेतु अभिसरण अनुसंधान सहयोग समितियां

अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एएनआरएफ) ने जटिल और व्यवस्थागत चुनौतियों का समाधान करने के लिए बहु-विषयक अनुसंधान दृष्टिकोण हेतु सामाजिक विज्ञान और मानविकी प्रारूपों के भीतर वैज्ञानिक ज्ञान के गहन एकीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने प्रमुख कार्यक्रमों में से एक, अभिसरण अनुसंधान उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) कार्यक्रम के अंतर्गत दस अभिसरण अनुसंधान उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) का चयन किया है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे अग्रणी केंद्र स्थापित करना है जो एकीकृत और अंतःविषयक अनुसंधान के माध्यम से जटिल सामाजिक चुनौतियों का समाधान करने हेतु सामाजिक विज्ञान, मानविकी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी को एक साथ लाते हैं।

विभिन्न विषयगत क्षेत्रों के अंतर्गत चयनित दस एएनआरएफ-सीओई की सूची निम्नलिखित है:

क्रम संख्यासंस्थान का नामपरियोजना का शीर्षकव्यापक विषयगत क्षेत्र
1भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गांधीनगरमानव-जलवायु अंतःक्रिया और पर्यावरण इतिहास केंद्र (सीएचआईईएच)पुरातत्व और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियां
2राष्ट्रीय उन्नत अध्ययन संस्थान (एनआईएएस), बेंगलुरुपुरातत्व सामग्री, पुरातत्व धातु विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान और संरक्षण अनुसंधान में उत्कृष्टता केंद्रपुरातत्व और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियाँ
3भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्राससंयोग- संस्कृत एआई संगीत और योग केंद्रपुरातत्व और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियां
4राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) अगरतलाएआई की सहायता से पूर्वोत्तर भारतीय लोककथाओं का डिजिटल संकलन और वैश्विक प्रचार-प्रसार: मणिपुर और त्रिपुरा पर विशेष ध्यानडिजिटल मानविकी
5मानव विकास संस्थान (आईएचडी), दिल्लीपरिवर्तनकारी एआई और भारतीय श्रम बाजार: उच्च-उपयोग वाले चुनिंदा सेवा क्षेत्रों में जनरेटिव एआई के प्रभाव पर एक बहुविषयक अध्ययनडिजिटल मानविकी
6भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) धारवाड़ग्रामीण आजीविका एवं विकास उत्कृष्टता केंद्र (सीओई-आरएलडी): ग्रामीण स्थिरता और अनुकूलता के लिए एकीकृत योजना का एक केंद्रग्रामीण विकास
7भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) जम्मूकारीगरों के डिजिटल सशक्तिकरण और आजीविका विकास पर उत्कृष्टता केंद्र (सीओई-डीईएलडीए)ग्रामीण विकास
8भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुरउत्कृष्टता केंद्र: भाषा प्रदर्शन में अनुसंधान और हस्तक्षेप केंद्रस्वास्थ्य और मनोविज्ञान
9चाणक्य विश्वविद्यालयभाषा और जीवन जगत केंद्रसामाजिक मुद्दों के लिए उभरती प्रौद्योगिकियां
10पीएसजीआर कृष्णम्मल महिला महाविद्यालयअकादमिक-उद्योग साझेदारी के माध्यम से एक लचीले, टिकाऊ और स्मार्ट नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र की ओर बढ़ते हुए, एमएसएमई को पारंपरिक से समकालीन प्रौद्योगिकियों में परिवर्तन की गति बढ़ाने के लिए एक तकनीकी-प्रबंधकीय प्रारूप तैयार करनाकम्प्यूटेशनल अर्थशास्त्र

इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक केंद्र के लिए एक ही संस्थान के भीतर या विभिन्न मंत्रालयों/विभागों के अधीन विभिन्न शैक्षणिक, सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित संगठनों या निजी संस्थानों के बीच अंतर्विषयक या अंतरविषयक सहयोग अनिवार्य है। इन केंद्रों से जुड़े सह-शोधकर्ता एक विविध नेटवर्क का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये सभी 20 सहयोगी संस्थानों से आते हैंजिनमें राज्य विश्वविद्यालयकेंद्रीय विश्वविद्यालयभारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी)निजी विश्वविद्यालयकॉलेज और मान्यता प्राप्त अनुसंधान एवं विकास संस्थान शामिल हैं।

इस कार्यक्रम को शैक्षणिक और अनुसंधान संस्थानों से शानदार प्रतिक्रिया मिली, जिसमें 945 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जो इसकी मजबूत प्रासंगिकता और राष्ट्रीय महत्व को दर्शाता है।

एएनआरएफ कन्वर्जेंस रिसर्च सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस प्रोग्राम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 से प्रेरणा लेता है, जो बहुविषयक शिक्षा, अनुसंधान और ज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत एकीकरण का आह्वान करती है। यह विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप भी है, जिसका उद्देश्य स्वतंत्रता शताब्दी तक भारत को एक विकसित, समावेशी, नवोन्मेषी और आत्मनिर्भर राष्ट्र में परिवर्तित करना है।

वैज्ञानिक ज्ञान और प्रासंगिक समझ के समायोजन के साथ, यह कार्यक्रम समग्र दृष्टिकोणों के माध्यम से क्षेत्रीय और राष्ट्रीय चुनौतियों का समाधान करने का लक्ष्य रखता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और बिग डेटा एनालिटिक्स के इस युग में, इस प्रकार का समन्वय सामाजिक-आर्थिक प्रगति के नए मार्ग प्रशस्त कर सकता है और सतत विकास लक्ष्यों को समर्थन प्रदान कर सकता है।

नगर कौंसिल चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी उम्मीदवार को विदेशी नंबर से मिली धमकी, कांग्रेसियों ने शिकायत दर्ज करवाई

लुधियान / सत्ता संदेश

नगर कौंसिल चुनावों के लिए वार्ड नंबर 12 से चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी उम्मीदवार कृष्ण कुमार बिट्टू को बीती देर रात एक विदेशी फोन नंबर से उसके मोबाइल पर गैंगस्टर द्वारा धमकी भरी कॉल आई। इसको लेकर कांग्रेसी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं ने बिट्टू के साथ मिलकर जिला प्रधान एडवोकेट दलजीत सिंह गिलजियां की अगुवाई में एसएचओ टांडा को शिकायत दर्ज करवाई।

इस मौके बिट्टू ने थाना प्रभारी को बताया कि रात 12:29 बजे आई कॉल के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे गालियां देते हुए धमकी दी कि अगर वह वोट मांगने बाहर निकला तो उसे गोलियां मार दी जाएंगी और उसके पीछे लोगों को लगाया गया है।

बिट्टू ने सुरक्षा की मांग करते हुए कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनका या उनके परिवार का कोई जान-माल का नुकसान होता है तो इसके लिए प्रशासन और आप सरकार जिम्मेदार होगी।

इस मौके थाना प्रभारी ने कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि चुनावों के दौरान सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा।

इस दौरान बाबू रूप लाल, गुरसेवक मार्शल, जसविंदर काका, रवि डोगरा, रविंदरपाल सिंह गोरा, विनोद खोसला सुंदरी, आशू वैद, राजेश लाडी, डॉ. बलदेव राज, विपन मरवाहा, दविंदर बिल्लू, रणजीत कुमार आदि मौजूद थे।

एसआईआर पर आप का ऐलान – “पंजाब में नहीं चलने देंगे पंजाब में भाजपा की धक्केशाही” – हर पंजाबी का वोट बचाएंगे

लुधियाना /सत्ता संदेश

आम आदमी पार्टी लोगों के हक की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी हालत में पंजाबियों के वोट नहीं कटने देगी – अमन अरोड़ा

एसआईआर के ज़रिए पंजाबियों के वोट काटने की साज़िश, भाजपा पंजाब की राजनीतिक ताकत को कमज़ोर करना चाहती है – मनीष सिसोदिया

बूथ से लेकर पंजाब स्तर तक वॉलंटियर्स, विधायकों, मंत्रियों की ड्यूटी, नहीं होने दी जाएगी धक्केशाही

लुधियाना के गुरु नानक देव भवन में आम आदमी पार्टी की कार्यकारिणी मीटिंग आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा के नेतृत्व में हुई। मीटिंग में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी पंजाब के इंचार्ज मनीष सिसोदिया, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक, जिला प्रधान, चुनाव क्षेत्र के इंचार्ज, ट्रेड विंग, यूथ विंग और अलग-अलग संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मीटिंग का मुद्दा पंजाब में एसआईआर के ज़रिए गलत तरीके से वोट काटने को रोकना और वोटरों के अधिकारों की रक्षा करना था।

मीटिंग के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर नए राजनीतिक हथकंडे अपना रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि ईडी, सीबीआई और अब एसआईआर के ज़रिए पंजाब में लोकतंत्र को कमज़ोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने भी भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में एसआईआर के ज़रिए वोट काटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और पंजाबियों के वोट किसी भी हालत में नहीं कटने दिए जाएंगे।

पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि महंगाई के मामले में केंद्र सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि आम लोग पहले से ही महंगाई से परेशान हैं और अब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर लोगों पर और बोझ डाला जा रहा है।

ईडी और सीबीआई की कार्रवाई के बारे में बोलते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि भाजपा एजेंसियों को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर झूठे केस में फंसाकर दबाव बनाया जाता है और बाद में उन्हें भाजपा में शामिल करा दिया जाता है। नेता “भाजपा की वॉशिंग मशीन” से होकर साफ हो जाते हैं। अमन अरोड़ा ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया।

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भी ऐसी ही कार्रवाई की गई, जिससे वोट कटे और फिर भाजपा ने राजनीतिक फायदा उठाया, लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग लोकतंत्र और अपने हक की रक्षा करना जानते हैं।

नगर निगम और नगर परिषद चुनावों के बारे में बात करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में कई विकास और जनकल्याण के काम किए हैं और पार्टी उन्हीं कामों के दम पर लोगों के पास जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आम आदमी पार्टी आने वाले लोकल चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करेगी।

इस दौरान, मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपनी राजनीतिक ज़मीन तलाश रही है और अब एसआईआर के रूप में एक नया हथियार इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले ईडी और सीबीआई की रेड के ज़रिए विपक्षी नेताओं को दबाने की कोशिश की गई और अब वोटरों के वोट काटने का प्लान बनाया जा रहा है। सिसोदिया ने दावा किया कि लाखों पंजाबियों के वोट खत्म करके उनके लोकतांत्रिक अधिकार छीनने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से ले रही है और बूथ लेवल से लेकर पंजाब लेवल तक पूरी निगरानी रखी जाएगी। पार्टी के वॉलंटियर, नेता, विधायक और मंत्री हर वोटर का वोट बचाने के लिए मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी पंजाबी के साथ धक्का नहीं होने दिया जाएगा और अगर किसी के वोट काटने की कोशिश हुई तो आम आदमी पार्टी इसका डटकर विरोध करेगी।

मनीष सिसोदिया ने भाजपा को “पंजाब विरोधी” बताते हुए कहा कि यह पार्टी पंजाब के रिसोर्स और इंस्टीट्यूशन पर कब्ज़ा करने की पॉलिसी पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चंडीगढ़, भाखड़ा डैम और पंजाब यूनिवर्सिटी में अपना असर बढ़ाने की कोशिश कर रही है और अब पंजाब की राजनीतिक ताकत को कमजोर करने के लिए एसआईआर का सहारा ले रही है।

इस दौरान, पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए सिसोदिया ने कहा कि संजीव अरोड़ा को नरेंद्र मोदी और भाजपा के दबाव में न झुकने की वजह से झूठे केस में फंसाया गया। उन्होंने कहा कि कुछ गद्दार नेता दबाव में आकर भाजपा में शामिल हो गए, लेकिन कई अभी भी अपनी विचारधारा पर अड़े हुए हैं और उन्हें ही टारगेट किया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव बलतेज पन्नू ने कहा कि एसआईआर पंजाब पर एक नया राजनीतिक हमला है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इसे रोकने के लिए बड़े स्तर पर रणनीति तैयार की है। पन्नू ने कहा कि भाजपा के पास ईडी, सीबीआई और इलेक्शन कमीशन जैसे हथियार हैं जिनका वह पावर पाने के लिए गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करती है।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली, बिहार और वेस्ट बंगाल में भी एसआईआर के जरिए बड़ी संख्या में वोट काटे गए और बाद में नकली वोट बनाकर चुनाव को प्रभावित किया गया। लेकिन पंजाब में आम आदमी पार्टी हर बूथ पर नजर रखेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने अपने भाषण में कहा कि एसआईआर पंजाब के खिलाफ एक खतरनाक साज़िश है। उन्होंने कहा कि यह बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी के दिए वोट के अधिकार को छीनने की कोशिश है।

संधवा ने कहा कि एक बार पंजाबियों के वोट खत्म हो गए तो अपने तरीके से नए वोट बनाकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सकता है। उन्होंने इसे बहुत खतरनाक बताया और कहा कि आम आदमी पार्टी इसे रोकने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई केंद्रीय एजेंसियां भाजपा की “इलेक्शन मशीन” के तौर पर काम कर रही हैं। जहां भी चुनाव होते हैं, पहले ईडी और सीबीआई की रेड करवाकर विरोधियों को डराया जाता है और फिर दबाव बनाकर राजनीतिक फायदा उठाया जाता है। संधवा ने कहा कि पंजाब के लोग इस तरह की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

पार्टी के दूसरे सीनियर नेताओं और कैबिनेट मंत्रियों ने भी मीटिंग के दौरान अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इनमें कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक, कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल, कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस, कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अमंशेर सिंह शैरी कलसी, महासचिव दीपक बाली समेत कई विधायक व पदाधिकारी शामिल थे।

सलमान खान का पैपराजी को कड़ा अल्टीमेटम: “ऐसे 100 जला दूंगा”, हॉस्पिटल के बाहर भड़के ‘भाईजान’

मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने गुस्से और सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में मुंबई के माहिम स्थित हिंदुजा हॉस्पिटल के बाहर एक ऐसी घटना हुई, जिसने ‘भाईजान’ का पारा सातवें आसमान पर पहुँचा दिया।

क्या था पूरा मामला? सलमान खान अस्पताल में अपने किसी करीबी से मिलने पहुँचे थे। जब वे बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तब पैपराजी (फोटोग्राफर्स) ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और कैमरों की फ्लैशलाइट्स चमकाने लगे। इस बात से सलमान बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने पैपराजी को डांटते हुए कहा, “पागल हो क्या?”। हालाँकि, पैपराजी के माफी मांगने के बाद वे वहां से चले गए, लेकिन गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ था।

इंस्टाग्राम पर दी कड़ी चेतावनी : इस घटना के बाद सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक 4 पोस्ट शेयर किए, जिनमें उन्होंने पैपराजी को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा:”अगर मुझे हॉस्पिटल में कोई ऐसा प्रेस वाला दिखता है, जो मेरे दर्द का मजा ले रहा हो… जिससे मैंने बातचीत की, जिसका मैंने ख्याल रखा”।”ऐसे 100 जला दूंगा, भाई के एक भाई के दुख पर अगली बार ट्राय कर लेना मेरे साथ”।उन्होंने अपनी उम्र का जिक्र करते हुए यह भी कहा, “60 साल का हो गया हूँ, लेकिन लड़ना नहीं भूला हूँ” और मजाक उड़ाते हुए लिखा, “जेल में डालोगे हा हा हा”।सलमान खान ने साफ कर दिया है कि वे अपनी निजी जिंदगी और मुश्किल समय में इस तरह के हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करेंगे और अगली बार ऐसा होने पर बड़ा एक्शन ले सकते हैं।

IPL Points Table: राजस्थान रॉयल्स की जीत से पंजाब किंग्स टॉप-4 से बाहर, प्लेऑफ की रेस हुई रोमांचक

स्पोर्टस डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की अंक तालिका में मंगलवार को हुए मुकाबले के बाद बड़ा उलटफेर देखने को मिला है,। राजस्थान रॉयल्स (RR) की जीत और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की हार ने पंजाब किंग्स को सीधा नुकसान पहुँचाया है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 220 रन बनाए थे। राजस्थान रॉयल्स ने 19.1 ओवर में 225 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के सूत्रधार युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने मात्र 38 गेंदों में 93 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 10 छक्के शामिल थे।

अंक तालिका का ताज़ा हाल:

राजस्थान रॉयल्स: इस जीत के साथ टीम के 14 अंक हो गए हैं और वह तालिका में चौथे स्थान पर पहुँच गई है।पंजाब किंग्स: अब तक टॉप-4 में बनी रहने वाली पंजाब की टीम 13 अंकों के साथ अब पांचवें स्थान पर खिसक गई है।

क्वालीफाई कर चुकी टीमें: आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।

प्लेऑफ की चौथी टीम की जंग: चौथे स्थान के लिए अब रहस्य और गहरा गया है। एलएसजी और मुंबई इंडियंस पहले ही इस रेस से बाहर हो चुकी हैं। अब आखिरी पायदान के लिए राजस्थान और पंजाब के अलावा CSK, दिल्ली कैपिटल्स (DC) और केकेआर (KKR) की टीमें दावेदार बनी हुई हैं।

तमिलनाडु में सियासी संकट: CM विजय की कुर्सी पर खतरा, CPIM ने दी समर्थन वापसी की धमकी

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के मात्र 10 दिन के भीतर ही मुख्यमंत्री जोसेफ विजय (TVK) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राज्य में सत्तारूढ़ ‘तमिलगा वेट्री कड़गम’ (TVK) सरकार को बाहर से समर्थन दे रही CPIM ने समर्थन वापस लेने की चेतावनी दी है।

विवाद का मुख्य कारण: यह सियासी तूफान तब खड़ा हुआ जब ऐसी खबरें आईं कि सीएम विजय अपनी सरकार को स्थिर करने के लिए AIADMK के 25 बागी विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर विचार कर रहे हैं। CPIM के राज्य सचिव पी षणमुगम ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी ने समर्थन केवल इसलिए दिया था ताकि राज्य को फिर से चुनाव न झेलना पड़े और BJP का प्रभाव न बढ़े। उन्होंने कहा कि चूंकि जनादेश DMK और AIADMK दोनों के खिलाफ था, इसलिए AIADMK के साथ मिलकर सरकार चलाना जनता के फैसले के खिलाफ होगा।

मौजूदा गणित: 108 सीटें जीतने वाली TVK को वर्तमान में कांग्रेस, वामपंथी दलों, VCK और IUML का समर्थन हासिल है। यदि CPIM और अन्य सहयोगी दल (कुल 8 विधायक) समर्थन वापस लेते हैं, तो सरकार की स्थिरता के लिए विजय को AIADMK के बागी विधायकों की जरूरत पड़ेगी। हालांकि, इससे जनता के बीच एक नकारात्मक संदेश जाने का डर बना हुआ है, जिसके कारण TVK की कोर टीम इस स्थिति को संतुलित करने में जुटी है।