ब्रेकिंग न्यूज़
सुल्तानपुर लोधी में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, वेई नदी से मिला शव

सुल्तानपुर लोधी / सत्ता संदेश

परिवार ने खेत मालिकों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप, पुलिस जांच में जुटी

सुल्तानपुर लोधी के नजदीकी गांव आहली कलां से संबंधित एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो खेत मजदूर के तौर पर काम करता था। युवक का शव वेई नदी से मिलने के कारण मामला और भी गंभीर हो गया है।

परिवार के सदस्यों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लवप्रीत सिंह जिस स्थान पर काम करता था, वहां उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का कहना है कि इन परेशानियों के कारण वह लंबे समय से दबाव में था और मानसिक तनाव का सामना कर रहा था।

परिवार ने आरोप लगाया कि लवप्रीत कई बार अपने साथ हो रहे व्यवहार के बारे में घर में बता चुका था, लेकिन गरीबी और मजबूरी के कारण वह काम छोड़ नहीं सका। अब उसका शव वेई नदी से मिलने के बाद परिवार ने मामले की गहराई से जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक की लहर फैल गई है। लोगों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की जा रही है।

सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट: 13 दिनों में ₹27,000 सस्ती हुई चांदी, सोना भी ₹1.58 लाख के करीब

बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखी गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत होते ही दोनों कीमती धातुओं के दाम गोता लगा गए। विशेष रूप से चांदी की कीमतों में महज एक झटके में ₹4,400 प्रति किलो से अधिक की कमी आई है।

13 दिनों में चांदी ₹27,000 से ज्यादा टूटी: आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 13 दिनों के भीतर चांदी का भाव ₹27,973 प्रति किलो तक गिर चुका है। बीते 13 मई को सरकार द्वारा इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद चांदी ₹3 लाख के पार पहुंच गई थी, लेकिन तब से इसमें लगातार गिरावट जारी है। ताजा गिरावट के बाद, चांदी अपने रिकॉर्ड हाई लेवल (₹4,57,328) से अब तक ₹1.85 लाख प्रति किलो से ज्यादा सस्ती हो चुकी है।

सोने के दाम में भी बड़ी कटौती: चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 24 कैरेट सोना (24 Karat Gold) अपने पिछले बंद भाव ₹1,59,081 से गिरकर ₹1,58,100 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। वर्तमान में सोना अपने उच्चतम स्तर ₹2,02,984 से लगभग ₹44,884 प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है।

उतार-चढ़ाव का दौर : हालांकि पिछले कुछ दिनों में कीमतें गिरी हैं, लेकिन मई महीने के शुरुआती भाव (30 अप्रैल) की तुलना में चांदी अब भी ₹27,000 और सोना ₹7,000 प्रति 10 ग्राम से अधिक महंगा बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, इंपोर्ट ड्यूटी में बदलाव के बाद बाजार में यह अस्थिरता देखी जा रही है।

राम रहीम 16वीं बार जेल से बाहर: 30 दिन की पैरोल पर पहुंचा सिरसा, 5 महीने में मिली दूसरी राहत

नेशनल डेस्क : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। मंगलवार सुबह उसे रोहतक की सुनारिया जेल से 30 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया। जेल से छूटने के बाद वह सुबह करीब 9:15 बजे सिरसा स्थित डेरे में पहुंचा।

5 महीने में दूसरी बार पैरोल: हैरान करने वाली बात यह है कि साल 2026 के शुरुआती पांच महीनों में ही राम रहीम दूसरी बार जेल से बाहर आया है। इससे पहले जनवरी 2026 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। साल 2017 में साध्वियों के यौन उत्पीड़न मामले में 20 साल की सजा होने के बाद से यह उसकी 16वीं पैरोल/फरलो है।

महंगी गाड़ियों का काफिला और सुरक्षा : राम रहीम की जेल से रवानगी और डेरे में वापसी काफी चर्चा में रही। उसके काफिले में टोयोटा लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर जैसी 8 महंगी गाड़ियां शामिल थीं। भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए जेल प्रशासन ने उसे सुबह 6:30 बजे ही रवाना कर दिया था। सिरसा डेरे में उसकी एंट्री पिछले गेट से कराई गई है, जहाँ पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

सजा का विवरण: राम रहीम को 25 अगस्त 2017 को दो साध्वियों के यौन उत्पीड़न मामले में 20 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और रणजीत सिंह हत्याकांड के मामलों में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से बरी किया जा चुका है। वर्तमान में वह अपनी 20 साल की सजा काट रहा है।

करंट लगने से मजदूर की मौत, मिस्‍त्री भी झुलसागुरुद्वारा साहिब के गेट निर्माण दौरान दर्दनाक हादसा

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

माछीवाड़ा साहिब के नजदीकी गांव इराक में गुरुद्वारा साहिब के गेट निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। काम करते समय बिजली का करंट लगने से गांव रणवां निवासी मजदूर धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि मिस्त्री सरबजीत सिंह निवासी तखरां गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मिस्त्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार गांव इराक स्थित एक गुरुद्वारा साहिब के बाहर गेट निर्माण का काम चल रहा था। मिस्त्री सरबजीत सिंह ने बताया कि वे गेट की शटरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पास से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें उनके संपर्क में आ गईं, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया। सरबजीत सिंह ने बताया कि जब उन्हें करंट लगा तो पास में खड़ा मजदूर धर्मिंदर उन्हें बचाने के लिए आगे आया, लेकिन करंट उसकी चपेट में भी आ गया।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरबजीत सिंह का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक धर्मिंदर बेहद गरीब परिवार से संबंध रखता था। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव रणवां में शोक की लहर फैल गई। नम आंखों से धर्मिंदर का अंतिम संस्कार किया गया। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके। माछीवाड़ा साहिब से जसबीर सिंह अलबेला की रिपोर्ट।

IPL 2026 Qualifier 1: धर्मशाला में RCB और GT के बीच महामुकाबला, इन 4 वजहों ने बढ़ाया रोमांच

स्पोर्टस डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुँच गया है। आज धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच सीजन का पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाना है,। इस मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा और पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।इस महामुकाबले के रोमांचक होने की 4 मुख्य वजहें हैं:

गुजरात के लिए अनजाना मैदान: गुजरात टाइटंस की टीम पहली बार धर्मशाला के मैदान पर कोई मैच खेलेगी। इसके विपरीत, RCB ने इसी सीजन में यहाँ पंजाब किंग्स के खिलाफ 222 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की है।प्लेऑफ में पहली भिड़ंत: हालांकि इन दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं और दोनों ने 4-4 मैच जीते हैं, लेकिन प्लेऑफ में यह पहली बार है जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

समान रिकॉर्ड: साल 2023 से अब तक ये दोनों टीमें आईपीएल की सबसे सफल टीमें रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान दोनों का रिकॉर्ड बिल्कुल एक जैसा है—दोनों ने 34 मैच जीते हैं और 24 हारे हैं।चैंपियन बनने का ‘शॉर्टकट’: पिछले 8 सीजन से लगातार यह देखा गया है कि जो टीम क्वालिफायर 1 जीतती है, वही आईपीएल चैंपियन बनती है। अब तक कुल 12 बार क्वालिफायर 1 का विजेता ही खिताब अपने नाम करने में सफल रहा है।इन आंकड़ों और धर्मशाला की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाती है।

दिल्ली में ‘क्वाड’ की हुंकार: जयशंकर ने आतंकवाद पर घेरा, रुबियो बोले- ‘अब केवल चर्चा नहीं, एक्शन का मंच है क्वाड’

नेशनल डेस्क : भारत की मेजबानी में आज राजधानी दिल्ली में क्वाड (Quad) विदेश मंत्रियों की एक हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित की गई। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इस रणनीतिक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग शामिल हुए।

आतंकवाद पर कड़ा रुख : बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आतंकवाद के मुद्दे पर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के प्रति ‘बिल्कुल भी सहनशीलता’ (Zero Tolerance) नहीं होनी चाहिए और प्रभावित देशों को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्वाड देश व्यापार, स्वास्थ्य और डिजिटल सहयोग के माध्यम से क्षेत्र में समृद्धि लाने के लिए एकजुट हैं।

‘एक्शन फोरम’ बना क्वाड: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत की मेजबानी की सराहना करते हुए कहा कि क्वाड अब केवल बातचीत का मंच नहीं रहा, बल्कि एक ‘एक्शन फोरम’ में बदल चुका है, जो धरातल पर ठोस कार्रवाई कर रहा है। वहीं, जापानी विदेश मंत्री ने संदेश दिया कि यह समूह एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत एक वैश्विक शक्ति: ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने भारत को एक ‘प्रमुख वैश्विक शक्ति’ बताया जो दुनिया को नया आकार दे रही है। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, अवैध मछली पकड़ने पर लगाम लगाने के लिए सैटेलाइट डेटा साझा करने और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में क्वाड के ठोस परिणामों पर चर्चा की।

माछीवाड़ा में ‘काला कच्छा’ गिरोह का आतंक श्मशान घाट और शिव मंदिर को बनाया निशाना

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

माछीवाड़ा इलाके में एक बार फिर ‘काला कच्छा’ गिरोह की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई है। इस बार चोरों ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए माछीवाड़ा साहिब के श्मशान घाट और वहां स्थित शिव मंदिर को निशाना बनाया। चोर श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए बनाई गई चिता के लोहे के गर्डर, शिवलिंग पर लगा पीतल का शेषनाग और चांदी की गड़वी तक चोरी कर ले गए। दुर्गा शक्ति मंदिर कमेटी के प्रधान नंद किशोर ने बताया कि श्मशान घाट की देखरेख कमेटी द्वारा की जाती है। देर रात चार अज्ञात व्यक्ति खेतों की तरफ से दीवार फांदकर श्मशान घाट में दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सभी आरोपियों ने काले कच्छे पहने हुए थे, शरीर पर कपड़े नहीं थे और उन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे। चोरों ने सबसे पहले अंतिम संस्कार के लिए बनाई गई चिता से करीब डेढ़ क्विंटल वजन वाले देग के गर्डर उखाड़ लिए। इन गर्डरों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। इन्हीं गर्डरों पर शव रखकर अंतिम संस्कार किया जाता था। आरोपियों ने खेतों में पहले से वाहन खड़ा किया हुआ था, जिसमें वे चोरी का भारी सामान लादकर फरार हो गए।
इसके अलावा चोरों ने श्मशान घाट परिसर में स्थित भगवान शिव के मंदिर को भी नहीं बख्शा। शिवलिंग पर लगा पीतल का शेषनाग और श्रद्धालुओं द्वारा जल चढ़ाने के लिए रखी गई चांदी की गड़वी भी चोरी कर ली गई। इतना ही नहीं, शव ले जाने वाली वैन का शीशा तोड़कर उसकी बैटरी चोरी करने की भी कोशिश की गई, हालांकि उसमें चोर सफल नहीं हो सके। कमेटी प्रधान नंद किशोर ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। माछीवाड़ा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माछीवाड़ा साहिब से जसवीर सिंह अलबेला की रिपोर्ट

FWICE बैन के बीच पहली बार दिखे रणवीर सिंह: ‘डॉन 3’ विवाद के बाद बदला-बदला दिखा एक्टर का अंदाज

मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह, जो इन दिनों फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर विवादों में हैं, बैन लगने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं। हाल ही में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई (FWICE) ने उनके खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव’ जारी किया है, जिसके तहत इंडस्ट्री को उनके साथ काम न करने का आदेश दिया गया है।

एयरपोर्ट पर दिखा गंभीर अंदाज : विवादों के बीच रणवीर सिंह को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। इस दौरान उनका अंदाज उनके चिर-परिचित चुलबुले और ऊर्जावान स्वभाव से बिल्कुल अलग नजर आया। वह सफेद कुर्ता-पजामा और नेहरू जैकेट पहने हुए थे और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। उन्होंने वहां मौजूद पैपराजी (Paps) को पूरी तरह इग्नोर किया और बिना किसी मुस्कान या बातचीत के सीधे अपनी गाड़ी से उतरकर अंदर चले गए।

क्या है ‘डॉन 3’ का विवाद? खबरों के मुताबिक, रणवीर सिंह ने निर्देशक फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ साइन करने और प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू होने के बाद अचानक फिल्म छोड़ दी। फरहान अख्तर का दावा है कि इस वजह से मेकर्स को लगभग 45 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इसी शिकायत के आधार पर FWICE ने एक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

नगर कौंसिल चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा किए गए पुख्ता इंतजाम

टांडा / सत्ता संदेश

पोलिंग बूथों पर विभिन्न टीमों को किया गया रवाना। डीआईजी जालंधर नवीन सिंगला और जिला होशियारपुर के एसएसपी संदीप मलिक ने सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

टांडा नगर कौंसिल के तहत 15 वार्डों में होंगे चुनाव। 40 उम्मीदवार मैदान में हैं और बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

नगर कौंसिल चुनावों के मद्देनज़र आज सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल टांडा लड़के में प्रशासनिक और सिविल अधिकारियों द्वारा पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के बीच पोलिंग बूथों के लिए टीमों को रवाना किया गया। इस दौरान जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला और जिला होशियारपुर के पुलिस प्रमुख संदीप कुमार मलिक ने भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही पोलिंग एजेंटों को निर्देश दिए गए कि वे पोलिंग बूथों से 200 मीटर दूरी पर ही अपने कैंप स्थापित करें और शांतिपूर्ण चुनाव कराने में प्रशासन का सहयोग दें।

इस मौके पर एसडीएम लवप्रीत सिंह औलख और डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा की निगरानी में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस और सिविल अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि टांडा उड़मुड़ नगर कौंसिल के अंतर्गत करीब 15 वार्ड आते हैं, जहां 40 से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनावों को देखते हुए सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि मतदाता बिना किसी डर के शांतिपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

महंगाई का एक और झटका: दिल्ली में ₹2 महंगी हुई CNG, 12 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम

नेशनल डेस्क : आम जनता पर महंगाई की मार कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार, 26 मई 2026 को दिल्ली में सीएनजी (CNG) की कीमतों में एक बार फिर 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी बढ़ोतरी की गई है। इस ताज़ा इजाफे के बाद देश की राजधानी में सीएनजी की नई दर अब 83.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।

12 दिनों में चौथी बार बढ़ोतरी : उपभोक्ताओं के लिए चिंता की बात यह है कि यह कोई मामूली वृद्धि नहीं है। महज 12 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब गैस की कीमतों में संशोधन किया गया है। आज की बढ़ोतरी से पहले दिल्ली में सीएनजी का भाव 81.09 रुपये प्रति किलो था। बार-बार बढ़ते इन दामों ने मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा लोगों और कमर्शियल वाहन चालकों के मासिक बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम? गैस वितरण कंपनी इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने इस मूल्य वृद्धि के पीछे वैश्विक कारणों का हवाला दिया है। कंपनी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की लागत में भारी इजाफा हुआ है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की कमजोरी ने गैस आयात करने की लागत को और बढ़ा दिया है। इसी इनपुट लागत की भरपाई करने के लिए कंपनी को बार-बार कीमतों में बदलाव करना पड़ रहा है।