ब्रेकिंग न्यूज़
ऑस्ट्रेलिया ने ईरान की महिला फुटबॉल टीम की पांच सदस्यों को शरण दी: अधिकारी

वेलिंगटन, 10 मार्च (एपी) ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने मंगलवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने ईरान की महिला फुटबॉल टीम की पांच सदस्यों को शरण दी है, जो ईरान में युद्ध शुरू होने से पहले एक टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए देश का दौरा कर रही थीं।

ऑस्ट्रेलिया में ईरानी समूहों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑस्ट्रेलिया की सरकार से उन महिलाओं की मदद करने का आग्रह किया था, जो सार्वजनिक रूप से शरण नहीं मांग पा रही हैं। टीम की खिलाड़ियों ने अपने शुरुआती मैच से पहले ईरान का राष्ट्रगान नहीं गाया था जिसके बाद कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थी और इसे मीडिया में भी काफी कवरेज मिली थी।

स्थानीय समयानुसार मंगलवार तड़के ऑस्ट्रेलिया के संघीय पुलिस ने शरण के लिए आवेदन करने वाली पांच महिलाओं को उनके होटल से ‘‘सुरक्षित स्थान’’ पर पहुंचाया। बर्क ने ब्रिस्बेन में पत्रकारों को बताया कि उन्होंने इन महिला खिलाड़ियों से मुलाकात की और मानवीय आधार पर उनके वीजा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

बर्क ने कहा, ‘‘मैं इसकी कल्पना भी नहीं कर सकता कि प्रत्येक महिला के लिए यह फैसला करना कितना मुश्किल रहा होगा लेकिन निश्चित रूप से कल रात खुशी और राहत का माहौल था।’’

बर्क ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते समय महिलाओं के मुस्कुराते और ताली बजाते हुए फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए।

उन्होंने कहा, ‘‘वे ऑस्ट्रेलिया में एक नया जीवन शुरू करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं।’’

बर्क ने कहा कि शरण लेने वाली महिला खिलाड़ी अपने नाम और तस्वीरें प्रकाशित होने से खुश थीं। खिलाड़ियों ने यह स्पष्ट किया कि वह राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं।

टीम की अन्य 21 खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

ईरान युद्ध शुरू होने से ठीक पहले पिछले महीने एएफसी महिला एशियाई कप में भाग लेने के लिए ईरानी टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी। उसकी टीम टूर्नामेंट से जल्द बाहर हो गई जिसके बाद टीम को अपने देश लौटना था जहां युद्ध के कारण हालात खराब हैं।

ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘एएपी’ की खबर के अनुसार, ईरान की मुख्य कोच मर्जियेह जाफरी ने रविवार को कहा कि खिलाड़ी ‘‘जितनी जल्दी हो सके ईरान वापस लौटना चाहती हैं’’।

ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली ईरान की टीम में 26 खिलाड़ी तथा सहयोगी स्टाफ के सदस्य शामिल थे। बर्क ने कहा कि टीम के सभी सदस्यों को शरण का प्रस्ताव दिया गया था।

बर्क ने कहा, ‘‘ये महिलाएं ऑस्ट्रेलिया में बेहद लोकप्रिय हैं, लेकिन हम समझते हैं कि वे अपने फैसलों को लेकर बेहद मुश्किल स्थिति में हैं। वे जब भी चाहें तब ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों से बात कर सकती हैं।’’

यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि ईरान के अन्य खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य ऑस्ट्रेलिया से कब रवाना होंगे।

लुधियाना के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी: ई-मेल के बाद मचा हड़कंप, खाली कराए गए परिसर

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना महानगर में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब तीन नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल प्राप्त हुआ। यह मेल सुबह करीब सात बजे भेजा गया था, जिसमें स्कूल परिसरों में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।

सुरक्षा और जांच अभियान: धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड को जांच के लिए तैनात किया गया।

सुरक्षा के लिहाज से तीनों स्कूलों के परिसरों को तुरंत खाली करा लिया गया और सभी छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। पुलिस ने स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों को सील कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

साइबर सेल की कार्रवाई: पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुँचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। साइबर सेल की टीम ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किस सर्वर या आईडी से भेजा गया है।

हालांकि, अधिकारियों ने बताया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। प्रशासन ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

मोहाली में सिक्योरिटी गार्ड की चमकी किस्मत: ₹200 के लॉटरी टिकट ने बनाया डेढ़ करोड़ का मालिक

नेशनल डेस्क: हरियाणा के पंचकूला जिले के रहने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड की किस्मत रातों-रात बदल गई है। कपिल देव, जो मूल रूप से रायपुररानी के गाँव मौली के निवासी हैं, ने पंजाब स्टेट डियर लॉटरी में ₹1.5 करोड़ का पहला पुरस्कार जीता है,।

महज ₹200 में बदली जिंदगी: कपिल देव मोहाली में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं और एक साधारण परिवार से आते हैं। उन्होंने मोहाली के जीरकपुर स्थित लोकेश लॉटरी एजेंसी से मात्र ₹200 का मासिक लॉटरी टिकट खरीदा था। लॉटरी के परिणाम घोषित होने पर उनकी टिकट को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया। एजेंसी संचालक लोकेश कुमार ने बताया कि उनकी एजेंसी से टिकट खरीदकर करोड़पति बनने वाले कपिल 30वें व्यक्ति हैं।

परिवार में खुशी का माहौल: कपिल के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। उनके पिता पंजाब कृषि विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। कम वेतन के बावजूद कपिल हमेशा अपना जीवन बदलने का सपना देखते थे और इस जीत के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है,।

सावधानी की अपील: पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग ने स्पष्ट किया है कि पंजाब में ऑनलाइन लॉटरी पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। विभाग ने लोगों को केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही असली टिकट खरीदने की सलाह दी है और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन भुगतान या टैक्स की मांग से सावधान रहने को कहा है।

8वें वेतन आयोग पर बड़ा अपडेट: केंद्र सरकार ने जारी किया सार्वजनिक नोटिस, 30 अप्रैल तक मांगे कर्मचारियों से सुझाव

नेशनल डेस्क : केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन के बाद, सरकार ने अब आधिकारिक तौर पर कर्मचारियों, पेंशनर संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव और प्रस्ताव मांगे हैं। इसके लिए एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है।

ऑनलाइन जमा करने होंगे सुझाव: नोटिस के अनुसार, आयोग ने स्पष्ट किया है कि वेतन, भत्तों और पेंशन ढांचे की समीक्षा के लिए सभी सुझाव केवल ऑनलाइन पोर्टल (आयोग की वेबसाइट या MyGov पोर्टल) के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक, ई-मेल या पीडीएफ के रूप में भेजे गए किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जाएगा। सुझाव जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तय की गई है।

सैलरी में हो सकता है बड़ा इजाफा: अगर सरकार कर्मचारी संगठनों की मांगें मान लेती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में लगभग 66% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में सैलरी का निर्धारण 1956 के पुराने फॉर्मूले (15वें भारतीय श्रम सम्मेलन) पर आधारित है, जो केवल 3 सदस्यों के परिवार के मॉडल को मानता है। कर्मचारी यूनियनों की मांग है कि बढ़ती महंगाई और जिम्मेदारियों को देखते हुए अब इसे 5 सदस्यों का परिवार मॉडल माना जाए और न्यूनतम वेतन तय करने का पुराना तरीका बदला जाए।

आयोग का गठन: बता दें कि केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को एक प्रस्ताव के जरिए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन किया था, जिसका मुख्य उद्देश्य वेतन और पेंशन से जुड़े ढांचे की समीक्षा करना है।

14 साल बाद आसमान से गिरेगी 600 किलो की ‘आफत’: नासा का ‘वैन एलन प्रोब’ सैटेलाइट आज धरती से टकराएगा

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) का करीब 600 किलो (1323 पाउंड) वजन वाला एक पुराना सैटेलाइट आज धरती पर क्रैश होने जा रहा है। वैन एलन प्रोब ए (Van Allen Probe A) नामक यह सैटेलाइट पिछले 14 वर्षों से अंतरिक्ष की कक्षा में घूम रहा था।

कब और कहाँ गिरेगा सैटेलाइट? अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुमान के मुताबिक, यह सैटेलाइट 10 मार्च (मंगलवार) की रात या भारतीय समयानुसार 11 मार्च (बुधवार) तड़के पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करेगा। नासा के वैज्ञानिकों ने इसमें 24 घंटे की ‘विंडो’ रखी है, जिसका अर्थ है कि समय थोड़ा आगे-पीछे हो सकता है। नासा का कहना है कि सैटेलाइट की तेज रफ्तार के कारण इसकी सटीक लोकेशन बताना फिलहाल मुश्किल है, लेकिन इस पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कितना है खतरा? नासा के अधिकारियों के अनुसार, वायुमंडल में प्रवेश करते समय सैटेलाइट का ज्यादातर हिस्सा जल जाएगा, हालांकि कुछ अवशेष धरती तक पहुँच सकते हैं। धरती पर किसी को नुकसान पहुँचने का जोखिम बहुत ही कम, यानी 4,200 में से मात्र 1 (लगभग 0.02%) है। चूंकि पृथ्वी का 70% हिस्सा पानी से ढका है, इसलिए इसके अवशेष किसी शहर के बजाय समुद्र में गिरने की पूरी संभावना है।

मिशन का उद्देश्य: इस सैटेलाइट को अगस्त 2012 में पृथ्वी के चारों ओर स्थित ‘रेडिएशन बेल्ट्स’ (ऊर्जा से भरे कणों की परतें) की जांच के लिए लॉन्च किया गया था। इससे वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिली कि सौर तूफान और सूरज की किरणें हमारी पृथ्वी को कैसे प्रभावित करती हैं। यह स्पेसक्राफ्ट 2019 में डीएक्टिवेट कर दिया गया था।