ब्रेकिंग न्यूज़
इंदौर में ईवी के ‘चार्जिंग प्वाइंट’ में धमाके के बाद मकान में लगी आग, आठ लोगों की मौत

इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 मार्च (भाषा) इंदौर में तीन मंजिला मकान के बाहर बुधवार तड़के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को चार्ज किए जाने के दौरान हुए धमाके के बाद इस इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना में लोगों के हताहत होने पर शोक जताया है।

इस बीच, प्रदेश सरकार ने विशेषज्ञों की समिति से इस घटना की विस्तृत जांच कराए जाने और ईवी चार्ज करने के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कराए जाने की घोषणा की है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कुंदन मंडलोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक मकान में बुधवार तड़के 03:30 बजे से 04:30 बजे के बीच आग लगी।

शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि इस घटना में मारे गए आठ लोगों के शव एक सरकारी अस्पताल में लाए गए हैं और उनका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

घनघोरिया ने बताया कि मृतकों की पहचान तन्मय (छह), राशि सेठिया (12), सिमरन (30), टीनू (35), सुमन सेठिया (60), विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22) और मनोज (65) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आग लगने के बाद बचाए गए दो लोगों को भी अस्पताल लाया गया था। हालांकि, उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद अपना इलाज दूसरे अस्पताल में कराने की इच्छा जताई जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।’’

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मकान के बाहर एक कार को चार्ज किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘चार्जिंग प्वाइंट में धमाका हुआ और इसके बाद कार में लगी आग ने मकान को अपनी जद में ले लिया।’’

उन्होंने बताया कि घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे थे और इस कारण पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल पेश आई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर के भीतर रखे रसोई गैस के सिलेंडरों में भी धमाके हुए जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आग लगने के दौरान घर में फंसे तीन लोगों को बाहर निकालकर बचाया गया।’’

मुख्यमंत्री ने इस घटना पर शोक जताते हुए एक बयान में कहा, ‘‘इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में मारे गए नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

घटना के बाद मौके पर पहुंचे राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘यह दु:खद घटना सचेत करने वाली है क्योंकि ईवी को चार्ज किए जाने के दौरान मकान में आग लगी। हमने पुलिस और प्रशासन से कहा है कि विशेषज्ञों की समिति से विस्तृत जांच कराई जाए ताकि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।’’

विजयवर्गीय ने कहा कि इस घटना की जांच के साथ ही ईवी चार्ज किए जाने को लेकर एसओपी भी तैयार कराई जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण कच्चे तेल के भाव बढ़ने के मद्देनजर बिजली से चलने वाले वाहनों को लेकर लोगों का रुझान बढ़ रहा है। ऐसे में ईवी चार्ज किए जाने के दौरान सामने आया यह अग्निकांड हमें आगाह करता है।’’

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने घटनास्थल के आस-पास छोटे भूखंडों पर विशाल इमारतों के निर्माण और मुख्य सड़क के दोनों ओर कारें खड़ी किए जाने से एम्बुलेंस एवं अन्य गाड़ियों की आवाजाही के लिए मार्ग के संकरे होने पर भी चिंता जताई।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्र के रहवासी संघों के अधिकारियों से चर्चा करूंगा।’’

अमारा राजा की इकाई ने रक्षा इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में किया प्रवेश

मुंबई, 18 मार्च (भाषा) अमारा राजा डिजाइन अल्फा (एआरडीए) ने मिशन-क्रिटिकल रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में प्रवेश की बुधवार को घोषणा की।

यह अमारा राजा समूह की विशेषीकृत इंजीनियरिंग अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) कंपनी है।

कंपनी बयान के अनुसार, उसने नौसेना की सोनार प्रणाली के लिए स्वदेशी पावर कंडीशनिंग कैबिनेट (पीसीसी) विकसित किया है। वह अगले चरण में पावर एम्प्लीफायर, सिग्नल इंटरफेस एवं पावर एम्प्लीफायर कैबिनेट के डिजाइन तैयार करेगी। इससे नौसेना की सोनार प्रणाली के लिए एक व्यापक स्वदेशी परिवेश तैयार करने में मदद मिलेगी।

यह पहल भारत के बढ़ते नौसैनिक स्वदेशीकरण प्रयासों में निजी क्षेत्र की एक प्रौद्योगिकी कंपनी का महत्वपूर्ण योगदान दर्शाती है।

प्रणाली के करीब 61 प्रतिशत घटक स्वदेशी होंगे जिससे उन्नत पावर इंजीनियरिंग तथा स्थानीय विनिर्माण के माध्यम से करीब 40 प्रतिशत लागत दक्षता प्राप्त होगी।

नौसेना की सोनार प्रणाली पानी के नीचे पनडुब्बियों, जहाजों एवं खदानों का पता लगाने के लिए ध्वनि तरंगों का उपयोग करती है।

एआरडीए के प्रबंध निदेशक सुरेश नायर ने कहा, ‘‘ हमें खुशी है कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं पावर सिस्टम डिजाइन तथा विनिर्माण में हमारी विशेषज्ञता सीधे हमारे देश की रक्षा प्रणालियों में योगदान दे सकती है। यह विकास भारत के रक्षा अनुसंधान संस्थानों के साथ रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में दीर्घकालिक क्षमता निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

सत्ता विरोधी लहर नहीं है,शबरिमला में सोने की चोरी के मुद्दे का असर यूडीएफ और भाजपा पर पड़ेगा:विश्वम

तिरुवनंतपुरम, 18 मार्च (भाषा) शबरिमला में सोने की चोरी के मामले में कुछ वामपंथी नेताओं की कथित संलिप्तता से विधानसभा चुनाव अभियान पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव के दावों को खारिज करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की केरल इकाई के सचिव बिनॉय विश्वम ने कहा कि यह मुद्दा कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा पर ही उल्टा पड़ेगा, जिससे सत्तारूढ़ दल राज्य में किसी भी चुनावी नुकसान से बच जाएगा।

विश्वम ने यह भी कहा कि उनका मानना ​​​​है कि वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर नहीं है, जिसमें भाकपा दूसरा सबसे बड़ा घटक है और राज्य में वामपंथी लहर है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन पर जमात-ए-इस्लामी जैसे इस्लामी संगठनों के साथ कथित चुनावी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि एलडीएफ प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक शाखा जमात-ए-इस्लामी और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) को ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुस्लिम संस्करण’’ के रूप में देखता है।

विश्वम ने कहा, ‘‘हम उन लोगों के खिलाफ हैं जो अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए धर्म का इस्तेमाल करते हैं। सभी धर्मों में चरमपंथी गुट मौजूद हैं और हम ऐसे धार्मिक चरमपंथ या उससे उपजे आतंकवाद से कोई समझौता नहीं करेंगे।’’

जब उनसे पूछा गया कि क्या राज्य में सत्ता विरोधी लहर है, जैसा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने दावा किया है, तो विश्वम ने कहा कि यह कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन का केवल ‘‘आत्म संतुष्टि’’ का दावा है।

शबरिमला में सोने की चोरी के मुद्दे पर विश्वम ने कहा कि एलडीएफ का रुख बिल्कुल स्पष्ट है कि अगर वाम मोर्चे का कोई भी सदस्य इस मामले में शामिल है तो उन्हें ‘‘किसी भी तरह की रियायत’’ नहीं दी जाएगी। इस मुद्दे का जिक्र हाल ही में केरल दौरे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी किया था।

उन्होंने कहा कि लोग एलडीएफ के रुख से अवगत हैं और इसलिए शबरिमला में सोने की चोरी का मुद्दा वाम मोर्चे की चुनावी संभावनाओं पर असर नहीं डालेगा।

वरिष्ठ भाकपा नेता ने कहा कि इससे कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा के चुनाव परिणामों पर असर पड़ेगा।

विश्वम ने कहा कि सभी ने शबरिमला में सोने की चोरी के मामले में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तस्वीरें यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश और राष्ट्रीय स्तर के कांग्रेस नेताओं के साथ देखी हैं।

विश्वम ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप एलडीएफ को पिछली दो बार की तुलना में कहीं अधिक सीटें मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि एलडीएफ को 2026 के विधानसभा चुनावों में 110 सीटें मिलेंगी।

पार्टी ने 2016 में 91 सीटें जीती थीं और 2021 में उसने अपनी सीटों की संख्या बढ़ाकर 99 कर ली थी।

गोवा में पोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने केतन भाटीकर को उम्मीदवार बनाया

पणजी, 18 मार्च (भाषा) गोवा में होने वाले पोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए विपक्षी दल कांग्रेस ने डॉ. केतन भाटीकर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

दक्षिण गोवा की पोंडा विधानसभा सीट पर नौ अप्रैल को उपचुनाव होना है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रवि नाइक के निधन के कारण यह सीट रिक्त हुई है जिस पर उपचुनाव हो रहा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को घोषणा की कि भाटीकर पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट भाटीकर महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी से इस्तीफा देने के बाद हाल में कांग्रेस में शामिल हुए थे।

पणजी में सोमवार को हुई प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक के दौरान उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के तौर पर उनके नाम को मंजूरी दी गई।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के गोवा डेस्क प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने बैठक की अध्यक्षता की थी। इसमें कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख अमित पाटकर और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यूरी अलेमाओ सहित अन्य नेता शामिल हुए।

पाटकर ने पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने पर डॉ. केतन भाटीकर को बधाई। पोंडा सकारात्मक बदलाव के लिए तैयार है और मुझे विश्वास है कि लोगों के समर्थन से कांग्रेस विजयी होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की सेवा करने की इस यात्रा के लिए डॉ. भाटीकर को मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’’

चालीस सदस्यीय विधानसभा वाले राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा अभी नहीं की है।

भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष दामोदर नाइक ने पहले संवाददाताओं से कहा था कि पार्टी ने कुछ नेताओं के नाम छांटे हैं जिन्हें नयी दिल्ली में पार्टी आलाकमान के पास भेज दिया गया है।

न्यू मेक्सिको में अमेरिकी वायु सेना अड्डे पर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, एक घायल

अलामोगोर्डो (अमेरिका), 18 मार्च (एपी) अमेरिका के न्यू मेक्सिको स्थित वायु सेना के एक अड्डे पर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। सैन्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वायु सेना अड्डे ने एक बयान जारी कर कहा कि अलामोगोर्डो शहर के निकट होलोमन वायु सेना अड्डे पर एक हमलावर के मौजूद होने की खबरों के कारण मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे उसे बंद कर दिया गया।

गोलीबारी में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए ले जाया गया।

सुरक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब अड्डा सुरक्षित है और उसे खोल दिया गया है।

बयान में कहा गया है, ‘‘आपातकालीन कर्मी स्थिति से निपट रहे हैं और फिलहाल कोई खतरा नहीं है।’’

गोलीबारी में घायल या मारे गए लोगों के नाम और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

गोरखपुर में भाजपा नेता की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर (उप्र), 18 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

चौहान मंगलवार सुबह चिलुआताल पुलिस थाना क्षेत्र में अपने घर के पास टहलने निकले थे, तभी उन पर चाकू से कई बार वार किए गए। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा, ‘‘आरोपियों की पहचान राज चौहान उर्फ निरहुआ और विपिन यादव के रूप में हुई है। दोनों डंपर चालक हैं, जिन्हें मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।’’

पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ के दौरान अपराध कबूल कर लिया और दावा किया कि हत्या बदले की भावना से की गई थी।

आरोपियों ने दावा किया कि मृतक के भतीजे ने दो महीने पहले उनमें से एक के साथ मारपीट की थी और राजकुमार चौहान द्वारा अपने भतीजे का समर्थन करने से उनकी नाराजगी बढ़ गई थी।

एसएसपी ने बताया कि मंगलवार की सुबह आरोपी घात लगाकर बैठे थे और चौहान पर उस समय हमला कर दिया जब वह टहलने के लिए निकले थे। संदिग्धों में से एक ने गोली चलाई, इससे पहले दोनों ने उन पर चाकुओं से हमला किया, जिससे उन्हें कई चोटें आईं। बाद में चौहान ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया करायी गयी है।’’

मुआवजे और न्याय दिलाने की परिवार की मांगों पर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि प्रशासन ने सरकार को वित्तीय सहायता के लिए अनुरोध भेजा है।

इस हत्या के बाद इलाके में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया था। स्थानीय निवासियों ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने व्यवस्था बहाल की।

PNB ग्राहकों के लिए बड़ी खबर: 16 अप्रैल से बंद हो सकते हैं ये बैंक खाते, तुरंत निपटा लें ये जरूरी काम

बिजनेस डेस्क: अगर आपका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है, तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बैंक ने उन ग्राहकों को कड़ी चेतावनी दी है जिनके खाते लंबे समय से सक्रिय (Active) नहीं हैं। बैंक ने सोशल मीडिया के माध्यम से सूचित किया है कि वह 16 अप्रैल 2026 से ऐसे सभी ‘इनऑपरेटिव’ (Inoperative) खातों को बंद करने जा रहा है।

क्या होता है इनऑपरेटिव खाता? भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, यदि किसी बचत या चालू खाते में 2 साल से अधिक समय तक ग्राहक की ओर से कोई लेन-देन नहीं होता है, तो उसे इनऑपरेटिव खाता माना जाता है।

खाता बंद होने से कैसे बचाएं? बैंक ने स्पष्ट किया है कि जिन ग्राहकों के खाते इस श्रेणी में आते हैं, उन्हें 15 अप्रैल 2026 तक अपना KYC (Know Your Customer) पूरा करना होगा। खाते को फिर से सक्रिय करने के लिए आप निम्नलिखित तरीके अपना सकते हैं:

KYC अपडेट: ग्राहक अपनी होम ब्रांच या किसी भी नजदीकी शाखा में जाकर नए KYC दस्तावेज जमा कर सकते हैं। यदि बैंक सुविधा देता है, तो वीडियो KYC (V-CIP) के जरिए भी यह काम घर बैठे किया जा सकता है।

लेन-देन शुरू करें: खाते में पैसे जमा करने या निकालने से वह सक्रिय हो जाता है।

नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन: बैलेंस चेक करना, चेकबुक के लिए आवेदन करना या कार्ड की ट्रांजैक्शन लिमिट बदलने जैसे काम भी खाते को एक्टिव रखने में मदद करते हैं।

मिनिमम बैलेंस पर जुर्माने में PNB आगे वित्त मंत्रालय द्वारा लोकसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, न्यूनतम बैलेंस (Minimum Balance) न बनाए रखने पर जुर्माना वसूलने के मामले में PNB देश के शीर्ष बैंकों में शामिल है।

आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने कुल 8,092.83 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। इसलिए, किसी भी असुविधा या बिना सूचना खाता बंद होने की स्थिति से बचने के लिए समय रहते अपनी बैंक शाखा से संपर्क करें।

ICC Rankings: स्मृति मंधाना का शीर्ष पर कब्जा बरकरार, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लगाई लंबी छलांग

स्पोर्ट्स डेस्क: आईसीसी (ICC) द्वारा 17 मार्च, 2026 को जारी की गई नवीनतम महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है। भारतीय टीम की स्टार ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना 790 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया की नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बनी हुई हैं।

मंधाना पिछले काफी समय से इस शीर्ष स्थान पर अपना कब्जा जमाए हुए हैं।वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। वह एक स्थान की छलांग लगाकर अब 7वें नंबर पर पहुँच गई हैं, उनके पास वर्तमान में 652 रेटिंग पॉइंट्स हैं। टीम की एक अन्य अहम खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्ज 635 रेटिंग पॉइंट्स के साथ 12वें स्थान पर बरकरार हैं।

विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन को दो स्थानों का नुकसान उठाना पड़ा है और वह अब 9वें नंबर पर खिसक गई हैं, जबकि उनकी साथी खिलाड़ी अमेलिया केर शानदार प्रदर्शन के दम पर टॉप-20 में जगह बनाते हुए 19वें स्थान पर पहुँच गई हैं।टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भी भारत का जलवा: महिला टी20 इंटरनेशनल की लेटेस्ट रैंकिंग में भी स्मृति मंधाना अपनी मज़बूत स्थिति बनाए हुए हैं।

वह 770 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया में दूसरे नंबर पर मौजूद हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी (787 पॉइंट्स) शीर्ष पर काबिज हैं। भारत की युवा आक्रामक बल्लेबाज शेफाली वर्मा 725 रेटिंग पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर टिकी हुई हैं। इस फॉर्मेट में कप्तान हरमनप्रीत कौर फिलहाल 15वें पायदान पर हैं।

कनाडा में पंजाबी युवक की सनसनीखेज हत्या: स्टडी वीजा पर गया था बीरइंद्र सिंह, हाईवे पर कार घेरकर बरसाईं गोलियां

इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा में रह रहे पंजाबी मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का दुखद मामला सामने आया है। यह घटना एडमिंटन शहर के निकटवर्ती लेड्यूक इलाके में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने हाईवे-2 पर एक कार को घेरकर उसमें सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि: मृतक की पहचान बीरइंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था और स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। पुलिस के अनुसार, बीरइंद्र ने ओंटारियो में अपनी पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में वह अल्बर्टा प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था।

कैसे हुई वारदात? यह घटना उस समय हुई जब बीरइंद्र सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सफेद या ग्रे रंग के पिकअप ट्रक में सवार हमलावरों ने बीरइंद्र की कार को रोका और उस पर गोलियां बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त कार में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिसकी पहचान अभी गुप्त रखी गई है।

जांच और परिवार की मांग: फिलहाल, लेड्यूक आरसीएमपी (रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस) की मेजर क्राइम यूनिट ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है। इधर, पंजाब में बीरइंद्र के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने भारत के विदेश मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

भोपाल की शादी में LPG संकट: 15 पकवानों की जगह लकड़ी की भट्टी पर बने दाल-बाफले, मेहमानों ने जमकर लिया स्वाद

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शादी का रिसेप्शन अपनी अनोखी दावत की वजह से चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, ईटखेड़ी स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में एलपीजी (LPG) सिलेंडर की भारी किल्लत के कारण ऐन वक्त पर पूरा मेन्यू बदलना पड़ा। जहाँ पहले 15 से ज्यादा तरह के व्यंजन परोसे जाने थे, वहीं गैस न मिलने के कारण केवल 3 पारंपरिक डिश ही बनाई जा सकीं।

लकड़ी की भट्टी पर तैयार हुआ खाना: रिसेप्शन के लिए लगभग 18 से 20 गैस सिलेंडरों की जरूरत थी, लेकिन उनकी उपलब्धता न होने के कारण परिवार ने रातों-रात मेन्यू बदलने का बड़ा फैसला लिया। गैस चूल्हों की जगह मैरिज गार्डन में लकड़ी की भट्टियां जलाई गईं और पारंपरिक तरीके से दाल-बाफले तैयार किए गए। दूल्हे रोहित ने बताया कि गैस की कमी के चलते अचानक यह बदलाव करना पड़ा।

मेहमानों ने उठाया देसी दावत का लुत्फ: इस कार्यक्रम में लगभग 1200 से 1500 मेहमान शामिल हुए थे। हालांकि शुरुआत में व्यंजन कम होने से कुछ मायूसी दिखी, लेकिन बाद में मेहमानों ने लकड़ी की भट्टी पर बने इस देसी और पारंपरिक भोजन का भरपूर आनंद लिया। मजबूरी में लिया गया यह फैसला अब इस शादी की सबसे खास पहचान बन गया है।