ब्रेकिंग न्यूज़
लाडोवाल टोल प्लाजा महंगा: आज से जेब पर पड़ेगा ज्यादा बोझ, कैश लेन-देन पूरी तरह बंद

पंजाब डेस्क: पंजाब के सबसे व्यस्त और महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज, 1 अप्रैल से सफर करना और भी महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने वार्षिक संशोधन प्रक्रिया के तहत टोल दरों में बढ़ोतरी की है।

दरों में बढ़ोतरी: टोल की दरों में 5 रुपये से लेकर 15 रुपये तक का इजाफा किया गया है। इसके साथ ही मंथली और सालाना पास की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है।

कैश पेमेंट बंद: टोल प्लाजा पर अब कैश लेन-देन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अब वाहन चालकों के लिए फास्टैग (FASTag) या UPI के माध्यम से डिजिटल भुगतान करना अनिवार्य होगा।

जुर्माने का प्रावधान: यदि कोई वाहन चालक डिजिटल पेमेंट की सुविधा के बिना टोल पर पहुँचता है, तो उसे जुर्माना भरना पड़ सकता है या वहाँ से वापस लौटाया जा सकता है।

बढ़ोतरी का कारण: टोल टैक्स की इन दरों का निर्धारण होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर किया गया है, जिसमें इस बार करीब 2.5% से 10% तक का संशोधन हुआ है।

यह बदलाव 27 मार्च को NHAI द्वारा जारी नोटिफिकेशन के आधार पर प्रभावी हुआ है। लुधियाना के पास स्थित इस टोल पर पिछले साल भी इसी तारीख को दरों में वृद्धि की गई थी।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा; इतने रुपए हुआ महंगा

नेशनल डेस्क: सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो आज से प्रभावी हो गई है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 218 रुपये तक की वृद्धि की गई है। राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इस बढ़ोतरी के बाद प्रमुख शहरों में नई कीमतें इस प्रकार हैं:

दिल्ली: सिलेंडर 194 रुपये महंगा होकर अब 2078.50 रुपये में मिलेगा।

कोलकाता: यहाँ सबसे ज्यादा 218 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे नई कीमत 2208 रुपये हो गई है।

मुंबई: 196 रुपये की वृद्धि के साथ अब कीमत 2031 रुपये है।

चेन्नई: 203 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब सिलेंडर 2246.50 रुपये का मिलेगा।

पटना और जयपुर: पटना में आज से रेट 2365 रुपये और जयपुर में 2031 रुपये हो गया है।इस मूल्य वृद्धि से बाहर खाना-पीना और रेस्टोरेंट का खर्च बढ़ने की संभावना है।

अप्रैल में मानसून जैसा अहसास: 17 राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि और 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नैशनल डेस्क : अप्रैल 2026 का पहला सप्ताह देश के कई हिस्सों में गर्मी के बजाय ‘कूल-कूल’ रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण देश के 17 राज्यों में 1 अप्रैल से 6 अप्रैल तक आंधी-तूफान, झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।

मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत: यहाँ 6 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।मैदानी इलाके: बुधवार (01 अप्रैल) को पूर्वी राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी मौसम खराब रहेगा और ओलावृष्टि की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर और पंजाब-हरियाणा: दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 03 और 04 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।

पहाड़ों पर बर्फबारी: उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 03 और 04 अप्रैल को बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में ओले गिरने की भी संभावना है।

दक्षिण और पश्चिम भारत: गुजरात और महाराष्ट्र में 2 और 3 अप्रैल को 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में 3 व 4 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को हुई बारिश से पहले ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

1 अप्रैल से बदल गए ये 5 मनी रूल: ATM चार्ज से लेकर FASTag और PAN कार्ड तक, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

बिजनेस डेस्क : आज यानी 1 अप्रैल 2026 से नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही आम आदमी की जेब से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव हो गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और NHAI के नए निर्देश अब प्रभावी हो गए हैं।

1. FASTag सालाना पास हुआ महंगा : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए FASTag सालाना पास की फीस में ₹75 की बढ़ोतरी की है। अब ग्राहकों को इसके लिए ₹3,000 के बजाय ₹3,075 देने होंगे।

2. ATM से कैश निकासी के नए चार्ज: HDFC बैंक के ग्राहकों के लिए अब UPI के जरिए कैश निकालना भी सामान्य ATM ट्रांजैक्शन की तरह गिना जाएगा। महीने की मुफ्त लिमिट (5 ट्रांजैक्शन) खत्म होने के बाद प्रत्येक निकासी पर ₹23 और टैक्स देना होगा। अन्य बैंकों के ATM पर मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा जारी रहेगी।

3. PAN कार्ड आवेदन के लिए नए फॉर्म अनिवार्य: अब PAN कार्ड बनवाने के लिए केवल आधार कार्ड का इस्तेमाल काफी नहीं होगा। आवेदकों को अपनी श्रेणी के अनुसार विशिष्ट फॉर्म (जैसे व्यक्तियों के लिए फॉर्म 93, कंपनियों के लिए फॉर्म 94) भरना अनिवार्य कर दिया गया है।

4. डिजिटल भुगतान के लिए टू-फैक्टर :ऑथेंटिकेशन (2FA) सुरक्षा बढ़ाने के लिए RBI ने 1 अप्रैल 2026 से सभी डिजिटल पेमेंट लेनदेन के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अनिवार्य कर दिया है। यह नियम सभी बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थाओं पर लागू होगा।

5. मील कार्ड पर बढ़ी टैक्स छूट की सीमा: नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छी खबर है कि मील कार्ड पर टैक्स-फ्री लिमिट ₹50 से बढ़ाकर ₹200 प्रति मील कर दी गई है। नए नियमों के तहत कर्मचारी अब सालाना ₹1 लाख तक की टैक्स कटौती का दावा कर सकते हैं।