वाशिंगटन, 22 मई: United States ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव और संघर्ष के दौरान Israel की रक्षा में अपनी उन्नत मिसाइल रोधी प्रणाली ‘THAAD’ (टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस) के लगभग आधे भंडार का इस्तेमाल कर लिया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
अमेरिकी अखबार The Washington Post की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने इजराइल को बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से बचाने के लिए बड़ी संख्या में ‘थाड’ इंटरसेप्टर मिसाइलें तैनात और इस्तेमाल कीं। यह प्रणाली दुश्मन की मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने में सक्षम मानी जाती है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण अमेरिका की रक्षा तैयारियों और हथियार भंडार पर भी दबाव बढ़ा है। हालांकि अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्र में तनाव लंबे समय तक जारी रहता है, तो अमेरिका को अपने मिसाइल रक्षा भंडार को फिर से मजबूत करने के लिए अतिरिक्त उत्पादन और तैनाती करनी पड़ सकती है।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की गुवाहाटी क्षेत्रीय इकाई ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में इस सप्ताह की शुरुआत में संचालित किए गए दो बड़े अभियानों में लगभग 60,000 किलोग्राम तस्करी की गई विदेशी सुपारी जब्त की है।
डीआरआई ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर मिजोरम और असम में अभियान संचालित करते हुए ये ज़ब्ती की। शुरुआती जांच में पता चला कि इस विदेशी सूखी सुपारी की म्यांमा-मिजोरम सीमा के रास्ते म्यांमार से भारत में तस्करी की जा रही थी। इस अभियान में डीआरआई को असम राइफल्स की 38वीं बटालियन का सहयोग मिला। अब तक इन अभियानों में 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पड़ोसी देश से सुपारी की अवैध आवक घरेलू सुपारी उत्पादकों को गंभीर आर्थिक नुकसान पहुंचा रही है और सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक सुरक्षा को कमजोर कर रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने कहा है कि अवैध घुसपैठ और सीमा पार गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भारत जल्द ही पाकिस्तान और बांग्लादेश सीमाओं पर ‘स्मार्ट बॉर्डर’ परियोजना शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें हाई-टेक निगरानी प्रणाली, सेंसर, ड्रोन, कैमरे और रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसका उद्देश्य सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाना तथा घुसपैठ, तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना है।
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और आधुनिक तकनीक के जरिए सीमा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ‘स्मार्ट बॉर्डर’ परियोजना सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
सरकार का मानना है कि नई तकनीक आधारित यह व्यवस्था सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
ED Raid in West Bengal: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद प्रवर्तन निदेशालय का बड़ा एक्शन सामने आया है। ईडी ने कोलकाता और मुर्शिदाबाद में छापेमारी शुरू की है। ईडी द्वारा सोना पप्पू और शांतनु सिन्हा बिस्वास से जुड़े लोगों की कुछ बिल्डिंगों में छापेमारी के बाद तलाशी ली जा रही है।
पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय का बड़ा एक्शन सामने आया है। ईडी ने तृणमूल कांग्रेस के गोल्डन ब्वॉय कहे जाने वाले सोना पप्पू और कोलकाता पुलिस के पूर्व DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास से जुड़े 9 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। ईडी ने यह कार्रवाई कोलकाता और मुर्शिदाबाद में शुरू की है। जिन जगहों पर तलाशी ली जा रही है, उनमें मो. अली उर्फ मैक्स राजू, सौरव अधिकारी (शांतनु सिन्हा बिस्वास का भतीजा) और शांतनु सिन्हा बिस्वास के मुर्शिदाबाद स्थित ठिकाने शामिल हैं। यह तलाशी आरोपियों और अन्य लोगों से हिरासत में पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
शांतनु सिन्हा बिस्वास पर कसा शिकंजा
जांच में सामने आया है कि शांतनु सिन्हा बिस्वास और उनके परिवार के नाम पर दर्ज कंपनियों के बैंक खातों में भारी मात्रा में संदिग्ध धन मिला है। इसके अलावा करोड़ों रुपये की संपत्तियों को कागजों पर बहुत कम कीमतों में खरीदने का भी पता चला है, जिसे अपराध की कमाई माना जा रहा है। जांच के दौरान उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। ईडी ने पहले पांच बार समन जारी किया था, लेकिन वे बार-बार पेश होने से बच रहे थे। उनके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। बंगाल में सत्ता परिवर्तन होते हुए उन्हें अरेस्ट किया गया था। सरकार ने उनकी पुलिस सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। शांतनु सिन्हा बिस्वास को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बेहद करीबी अधिकारियों में गिना जाता था। वे पहले कालीघाट पुलिस स्टेशन के प्रभारी के रूप में भी काम कर चुके हैं।
सिन्हा का सोना पप्पू से लिंक
कोलकाता पुलिस के पूर्व DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास को ED ने जबरन वसूली, जमीन हड़पने और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। सिन्हा की गिरफ्तारी की मुख्य वजह ‘सोना पप्पू’ सिंडिकेट से संबंध है। जांच के मुताबिक, शांतनु सिन्हा के तार कुख्यात अपराधी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ के आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर इस सिंडिकेट को संरक्षण दिया और जमीन हड़पने व रंगदारी जैसे अवैध कामों में मदद की। इस सिंडिकेट के माध्यम से शेल कंपनियों (फर्जी कंपनियों) और गलत वित्तीय लेनदेन के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है।
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शुक्रवार को Nikos Christodoulides के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान भारत और Cyprus ने अपने संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए उन्हें औपचारिक रूप से “रणनीतिक साझेदारी” में बदलने का ऐलान किया।
दोनों देशों के नेताओं ने व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, नौवहन, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके साथ ही साझा परियोजनाओं और निवेश को गति देने के उद्देश्य से एक संयुक्त कार्यबल गठित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और साइप्रस के बीच संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी विश्वास पर आधारित हैं तथा नई रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के आर्थिक और सामरिक सहयोग को और मजबूत करेगी।
साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने भारत को वैश्विक स्तर पर उभरती महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने भविष्य में व्यापारिक और समुद्री संपर्क को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
‘सुनील कुमार तेरी बल्ले-बल्ले’ के नारों से गूंजा वार्ड नंबर 18, भाजपा उम्मीदवार का जोरदार स्वागत!
नाभा : वार्ड नंबर 18 में उस समय चुनावी माहौल पूरी तरह भगवामय हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार सुनील कुमार (भलवान) चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। वार्डवासियों और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी और भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा इलाका “सुनील कुमार तेरी बल्ले-बल्ले” के जोशीले नारों से गूंज उठा।
इस मौके पर इलाके के निवासियों ने भाजपा उम्मीदवार सुनील कुमार को नोटों और फूलों की मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के फूल वाले पटके पहनकर उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं और उनकी जीत का दावा कर रहे हैं। इस दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर और एक्टर मनकीरत औलख सचखंड श्री हरमंदिर साहिब माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुरु घर में माथा टेका और सबकी भलाई के लिए दुआ की और भगवान का शुक्रिया अदा किया। मनकीरत औलख को देखने के लिए उनके फैंस में भी खासा उत्साह देखा गया। मीडिया से बात करते हुए मनकीरत औलख ने कहा कि उनकी नई ‘एक्सटेंडेड प्ले’ यानि EP हाल ही में रिलीज़ हुई है। उन्होंने और उनकी पूरी टीम ने पहले ही तय कर लिया था कि जब भी यह EP रिलीज़ होगी, तो वह सबसे पहले दरबार साहिब आकर माथा टेकेंगे। उन्होंने कहा कि आज वह इसी मकसद से सचखंड श्री हरमंदिर साहिब माथा टेकने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि एक EP में आमतौर पर सात से आठ गाने होते हैं और यह उनकी दूसरी EP है। मनकीरत औलख ने कहा कि इससे पहले वह ज़्यादातर सिंगल गाने रिलीज़ करते रहे हैं। उन्होंने अपने फैंस से अपील की कि वे नई EP सुनें और इसे ज़्यादा से ज़्यादा स्पोर्ट करें। अपने फैंस को मैसेज देते हुए मनकीरत औलख ने कहा कि हर इंसान को भगवान की रजा में रहना चाहिए और किसी का दिल नहीं दुखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने आस-पास के लोगों को हमेशा खुश रखें और पॉजिटिव सोच के साथ अपनी ज़िंदगी की बेस्ट शेप में रहें। आपको बता दें कि मनकीरत औलख पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के पॉपुलर कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने अपने कई सुपरहिट गानों से खास पहचान बनाई है। उनके मशहूर गानों में “गैंगलैंड”, “बदनाम” और “कोका” जैसे गाने शामिल हैं, उन्होंने पंजाबी म्यूज़िक लवर्स के बीच बहुत पॉपुलैरिटी हासिल की। अब उनके कई और नए गाने जल्द ही रिलीज़ होने वाले हैं, जिनका उनके फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। अमृतसर से ब्यूरो रिपोर्ट टीम एनएनआर
समराला नगर काउंसिल चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच आम आदमी पार्टी के विधायक जगतार सिंह दियालपुरा ने एक ऐसा ऐलान कर दिया, जिसने पूरे पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है। विधायक ने मीडिया के सामने अपने जूते उतार दिए और बड़ा राजनीतिक प्रण लेते हुए कहा कि जब तक वह विरोधियों के कब्जे से 10 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन को मुक्त नहीं करवा लेते, तब तक नंगे पैर ही रहेंगे और चुनाव प्रचार भी इसी तरह करेंगे। विधायक दियालपुरा ने कहा, “मैं आज ऐलान करता हूं कि जब तक विरोधियों के कब्जे से वह 10 करोड़ की सरकारी प्रॉपर्टी जनता को वापस नहीं दिलवा देता, तब तक मैं खुद नंगे पैर रहूंगा। इस भीषण गर्मी में भी चुनाव प्रचार नंगे पैर ही करूंगा और जूते उसी दिन पहनूंगा, जिस दिन वह जमीन छुड़वाकर जनता को सौंप दूंगा।” दरअसल, यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज परमजीत सिंह ढिल्लों ने भी चुनाव प्रचार नंगे पैर करने का ऐलान किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्ताधारी आप सरकार द्वारा उनके साथ राजनीतिक धक्का किया गया है, जिसके विरोध में और जनता से न्याय मांगने के लिए वह नंगे पैर वोट मांगेंगे। इसी बयान पर पलटवार करते हुए विधायक दियालपुरा ने कहा कि विरोधी दल मगरमच्छ के आंसू बहाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों ने मेन बाईपास पर शहर की करीब 10 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। विधायक ने कहा कि त्याग अगर करना है तो जनता के हित के लिए होना चाहिए, न कि अपनी राजनीति चमकाने के लिए। विधायक द्वारा लाइव कैमरे के सामने जूते उतारने के बाद समराला क्षेत्र में राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है। नगर काउंसिल चुनाव अब पूरी तरह “नंगे पैर चुनाव प्रचार” की राजनीति के इर्द-गिर्द घूमते नजर आ रहे हैं। बाजारों, चौकों और सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोग अब यह देखने को उत्सुक हैं कि आखिर 10 करोड़ की सरकारी जमीन का मामला किस करवट बैठता है। समराला से परमिंदर वर्मा की रिपोर्ट
दवाओं की आसान पहुंच पर अंकुश लगाने, नुस्खे की निगरानी बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला की जवाबदेही को मजबूत करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए उपाय
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जीएसआर 377(ई) दिनांक 13 मई, 2026 के माध्यम से औषधि नियम, 1945 की अनुसूची एच1 के अंतर्गत औषधि ‘प्रेगाबालिन’ को शामिल करने के लिए भारत के राजपत्र असाधारण में 20 मई, 2026 को प्रकाशित राजपत्र अधिसूचना जारी की है।
कुछ राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इन रिपोर्टों में विशेष रूप से युवाओं में प्रेगाबालिन के दुरुपयोग के बढ़ते मामलों का उल्लेख है। यह दवा पुराने दर्द, तंत्रिका रोग, फाइब्रोमायल्जिया और कुछ तंत्रिका संबंधी स्थितियों के उपचार के लिए निर्धारित है, लेकिन कथित तौर पर इसका दुरुपयोग शीघ्रता से दर्द दूर करने, मनोस्थिति ठीक रखने और अवसाद दूर करने के लिए किया जा रहा है। देश के कुछ हिस्सों से हाल ही में अवैध रूप से भंडारित और अनधिकृत रूप से बेची गई प्रेगाबालिन की खेप जब्त होने की भी सूचना मिली है।
इस अधिसूचना के साथ, प्रेगाबालिन को अब औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन नियम, 1945 के अंतर्गत वर्तमान अनुसूची एच के बजाय अनुसूची एच1 के सख्त प्रावधानों के अंतर्गत विनियमित किया जाएगा।
अनुसूची एच1 के अंतर्गत आने वाली निर्धारित दवा- सावधानी:-चिकित्सकीय सलाह के अलावा इस दवा का सेवन करना खतरनाक है।-पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के बिना खुदरा बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है।
संशोधित वर्गीकरण के अनुसार निम्नलिखित अनिवार्य है:
प्रेगाबालिन की बिक्री केवल पंजीकृत चिकित्सा व्यवसायी (आरएमपी) द्वारा जारी वैध पर्चे के आधार पर ही की जा सकती है;
खुदरा विक्रेताओं को नुस्खे और बिक्री का विवरण दर्ज करने के लिए एक अलग रजिस्टर बनाए रखना होगा;
निर्माताओं को उत्पाद पैकेजिंग पर निर्धारित “अनुसूची एच1 दवा चेतावनी” लेबल प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा;
नियमों का उल्लंघन और अनुपालन न करने पर औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 और उसके अंतर्गत आने वाले नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस उपाय का उद्देश्य आपूर्ति श्रृंखला में जवाबदेही को मजबूत करना, अनधिकृत पहुंच को रोकना, नुस्खे की निगरानी को बढ़ाना, अवैध तस्करी पर अंकुश लगाना और मादक पदार्थों के दुरुपयोग से सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा करना है।
निर्माताओं, वितरकों, थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं और फार्मासिस्टों सहित सभी हितधारकों को अधिसूचना के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी जाती है।
घर में धमाके के बाद एक महिला की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसी
घर के अंदर बनाए जा रहे थे गैरकानूनी पटाखे, पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने वीडियो जारी कर किया बड़ा खुलासा
अमृतसर के अनगढ़ धमाका मामले में पुलिस का एक्शन, कहा — अवैध पटाखे बनाने वालों को नहीं किया जाएगा बख्शा
अमृतसर के अनगढ़ इलाके में एक घर के अंदर हुए भीषण धमाके और आग लगने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हादसे में दो महिलाएं बुरी तरह झुलस गई थीं, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दूसरी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सुबह करीब 11:45 बजे पुलिस को अनगढ़ इलाके में स्थित अशोक कुमार के घर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एसएचओ मनजीत सिंह, एसीपी सुरिंदर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि घर के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने और स्टोर करने का काम किया जा रहा था। इन गैरकानूनी फायरक्रैकर्स के कारण अचानक आग भड़क गई और जोरदार धमाका हुआ। हादसे में सुमनप्रीत नामक महिला की मौत हो गई, जबकि गुरप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
भुल्लर ने कहा कि पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनगढ़ इलाके में गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने या स्टोर करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग इस घटना को दूसरा रूप देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन असली कारण अवैध पटाखों के कारण लगी आग ही थी। उन्होंने कहा कि पटाखों के धमाकों की वजह से तेज आवाज आई थी और इसी कारण यह हादसा हुआ।
गौरतलब है कि सुबह हादसे के बाद पुलिस ने पहले घर के अंदर पटाखे होने की पुष्टि नहीं की थी, लेकिन अब पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने खुद वीडियो जारी कर साफ कर दिया है कि घर के अंदर गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाए और रखे जा रहे थे, जिसके कारण यह भीषण आग और धमाका हुआ।