ब्रेकिंग न्यूज़
IPL 2026: ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पर मचा घमासान; 4 विकेट लेने वाले रासिख को छोड़ हेजलवुड को मिला अवॉर्ड, आकाश चोपड़ा ने कहा- ‘नाइंसाफी’

स्पोर्टस डेस्क : 15 अप्रैल को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 29 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हरा दिया. चिन्नास्वामी के मैदान पर यह पहली बार था जब RCB ने LSG को शिकस्त दी, लेकिन इस बड़ी जीत के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ (POTM) के चुनाव ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

हेजलवुड बनाम रासिख सलाम: आंकड़ों की जंग मैच के बाद RCB के तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 20 रन देकर 1 विकेट (निकोलस पूरन) लिया था. दूसरी ओर, 26 साल के रासिख सलाम का प्रदर्शन आंकड़ों के लिहाज से कहीं बेहतर नजर आ रहा था. रासिख ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट (मार्करम, बडोनी, मुकुल चौधरी और आवेश खान) चटकाए थे।

आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस फैसले को रासिख सलाम के साथ ‘नाइंसाफी’ करार दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर सवाल पूछते हुए लिखा, “रासिख सलाम को प्लेयर ऑफ द मैच क्यों नहीं मिला? यह बच्चे के साथ ठीक नहीं है”. उनका मानना है कि 4 विकेट लेने वाले खिलाड़ी को अवॉर्ड देने से उसका आत्मविश्वास अगले स्तर पर पहुँच जाता।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस: इस फैसले के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भी बहस तेज हो गई है. हेजलवुड के समर्थकों का तर्क है कि उन्होंने मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे दिग्गजों के सामने 13-14 डॉट बॉल्स फेंकी और दबाव बनाया, जिससे मैच का रुख मुड़ा. वहीं, अन्य लोगों का कहना है कि यह ‘फेमस’ खिलाड़ी को अवॉर्ड देने की परंपरा का हिस्सा है।

महाकाल मंदिर में फ्री भस्म आरती बंद: अब चुकाने होंगे ₹200, बुकिंग के नियमों में भी हुआ बड़ा बदलाव

नेशनल डेस्क : विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए निःशुल्क भस्म आरती (फिजिकल काउंटर) प्रणाली को स्थायी रूप से बंद कर दिया है। अब भक्तों को इस दिव्य आरती में शामिल होने के लिए ऑनलाइन “तत्काल” बुकिंग करानी होगी।

तत्काल बुकिंग शुल्क: जो परमिट पहले ऑफलाइन काउंटर पर फ्री मिलते थे, उनके लिए अब ₹200 प्रति व्यक्ति का शुल्क देना होगा। यह शुल्क डिजिटल बुनियादी ढांचे के रखरखाव और भारी मांग को मैनेज करने के लिए लिया जा रहा है।

बुकिंग का समय: पहले श्रद्धालु 3 महीने पहले तक बुकिंग कर सकते थे, जिसे अब घटाकर एक महीना कर दिया गया है। उदाहरण के लिए, जून की बुकिंग 1 मई से शुरू होगी।

तत्काल विंडो: 300 परमिटों का तत्काल कोटा दर्शन की तारीख से ठीक एक दिन पहले सुबह 8:00 बजे मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर खुलेगा।

शाम की आरती के लिए भी शुल्क: संध्या और शयन आरती के दौरान बैठकर दर्शन करने वालों को अब ₹250 देने होंगे, हालांकि चलते हुए दर्शन अभी भी मुफ्त रहेंगे।

क्यों लिया गया यह फैसला? मंदिर प्रशासन के अनुसार, पहले 300 फ्री टिकटों के लिए श्रद्धालुओं को 5 से 6 घंटे तक लंबी लाइनों में लगना पड़ता था। ऑनलाइन सिस्टम लागू होने से कुप्रबंधन रुकेगा और श्रद्धालुओं को अधिक गरिमापूर्ण अनुभव मिल सकेगा।

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भीषण सड़क हादसा: टैंकर और बोलेरो की जोरदार टक्कर, 8 श्रद्धालुओं की मौत और 13 घायल

नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा कल्लूदेवकुंटा गांव के पास उस समय हुआ जब बजरी से लदे एक टैंकर और श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु: जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग चिक्कबल्लापुर के रहने वाले थे। ये सभी श्रद्धालु अपनी बोलेरो गाड़ी से मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। चश्मदीदों ने बताया कि सीमेंट और बजरी से लदे टैंकर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

गाड़ी काटकर निकालने पड़े शव: टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए। कई श्रद्धालु वाहन के भीतर ही बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें राहगीरों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

राहत और बचाव कार्य: हादसे में घायल हुए 13 श्रद्धालुओं को तुरंत एमिगनूर और कुरनूल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कर दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।