ब्रेकिंग न्यूज़
आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भीषण सड़क हादसा: टैंकर और बोलेरो की जोरदार टक्कर, 8 श्रद्धालुओं की मौत और 13 घायल

नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा कल्लूदेवकुंटा गांव के पास उस समय हुआ जब बजरी से लदे एक टैंकर और श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु: जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग चिक्कबल्लापुर के रहने वाले थे। ये सभी श्रद्धालु अपनी बोलेरो गाड़ी से मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। चश्मदीदों ने बताया कि सीमेंट और बजरी से लदे टैंकर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

गाड़ी काटकर निकालने पड़े शव: टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए। कई श्रद्धालु वाहन के भीतर ही बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें राहगीरों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

राहत और बचाव कार्य: हादसे में घायल हुए 13 श्रद्धालुओं को तुरंत एमिगनूर और कुरनूल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कर दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *