ब्रेकिंग न्यूज़
वार्ड नंबर 44 में MLA कुलवंत सिंह सिद्धू ने सुनी समस्याएं, मौके पर समस्याओं के किए समाधान
  • वार्ड नंबर 44 में महिलाओं के लिए सहायता शिविर, MLA ने सुनीं समस्याएं
  • जनसभा के दौरान कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान, 2027 के चुनाव में समर्थन की अपी

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना शहर के वार्ड नंबर 44 में महिलाओं के लिए ₹1000 और ₹1500 से संबंधित आवेदन फॉर्म भरवाने के लिए एक विशेष सहायता शिविर लगाया गया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने जनसभा को भी संबोधित किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, विशेषकर महिलाएं, शामिल हुईं।

शिविर के दौरान महिलाओं को संबंधित योजनाओं के आवेदन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की गई। साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और पात्रता संबंधी जानकारी भी दी गई।

जनसभा के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, सीवरेज, सफाई, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने लोगों की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही बातचीत कर समाधान करवाया। शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भी आश्वासन दिया।

इस अवसर पर कई लोगों ने राज्य सरकार के पिछले चार वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई है और जनसुविधाओं में पहले की तुलना में सुधार देखने को मिला है।

अपने संबोधन में विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि राज्य सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं पर लगातार कार्य कर रही है।

विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि वे विकास की इस गति को आगे भी बनाए रखना चाहते हैं तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहायता शिविर का लाभ उठाया। इस दौरान पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

वायरल वीडियो को लेकर CM मान का खुलासा : कहा- मेरा मास्क लगाकर वीडियो बनाया गया, मुझे फसाया जा रहा है

मोहाली / सत्ता संदेश

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक बार फिर वायरल वीडियो विवाद में सफाई दी है। मोहाली में पत्रकारों सेेे बातचीत में सीएम मान ने कहा कि विरोधी मुझे धार्मिक ताैर पर बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने वीडियो प्रूफ दिखाकर कहा कि वीडियो में दिख रहा आदमी मैं नहीं हूं। मेरा मास्क लगाकर ये वीडियो बनाया गया है। 

मान ने कहा कि सभी पार्टियां मुझे निशाना बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों के बाहर मेरे बहिष्कार करने के पोस्टर लगाए गए, सुखबीर बादल के क्यों नहीं लगाए गए थे। मेरे खिलाफ धार्मिक फतवे जारी किए जा रहे हैं। 

फर्जी वीडियो से मुझे बदनाम कर रहे  

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को वायरल हुए विवादित वीडियो को फर्जी और मनगढ़ंत बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के जनहित कार्यों का मुकाबला करने में असफल विपक्षी दल अब उन्हें बदनाम करने के लिए झूठे वीडियो का सहारा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधियों के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए वे उनकी छवि खराब करने के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की कद-काठी, शारीरिक बनावट, चलने और व्यवहार का तरीका उनसे मेल नहीं खाता। इसके बावजूद राजनीतिक विरोधी उन्हें निशाना बना रहे हैं।

मान ने कहा कि उन्हें पंजाब के लोगों और नानक नाम लेवा संगत पर पूरा भरोसा है। सच्चाई और झूठ का फैसला जनता करेगी। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान बिजली, पानी, सड़क, अस्पताल, आम आदमी क्लीनिक और रोजगार जैसी सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अब उन्हें धार्मिक आधार पर घेरने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी ने गुरुद्वारों के बाहर उनके बहिष्कार संबंधी पोस्टर लगाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बेअदबी मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बावजूद अकाली दल और सुखबीर बादल के खिलाफ ऐसे पोस्टर क्यों नहीं लगाए गए।

लैब संचालकों को डराने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वीडियो की जांच फॉरेंसिक लैब से करवाई थी लेकिन अब उन्हीं लैब संचालकों को एफआईआर और दबाव की धमकियां देकर परेशान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस मिलकर लैब मालिकों व कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं।

2027 को लेकर चिंतित है विपक्ष

मान ने कहा कि विपक्षी दल अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फर्जी प्रचार पर निर्भर हो गए हैं क्योंकि उनका जनाधार खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सत्ता में वापसी की संभावना नहीं दिखने के कारण विपक्ष बौखलाया हुआ है। अंत में फैसला संगत और पंजाब की जनता ही करेगी।

पंजाब और पंजाबियों पर टिप्पणियां अस्वीकार्य, इतिहास और कुर्बानियों का सम्मान जरूरी: अशोक पराशर पप्पी

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना से विधायक अशोक पराशर पप्पी ने पंजाब और पंजाबियों को लेकर हाल ही में की गई कथित टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि ऐसे बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं बल्कि पंजाब के गौरवशाली इतिहास और देश के लिए दिए गए बलिदानों का भी अपमान हैं।

एक बयान जारी करते हुए अशोक पराशर पप्पी ने कहा कि जिन लोगों ने पंजाब और पंजाबियों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है, उन्हें पंजाब के इतिहास, यहां के लोगों की कुर्बानियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की कोई समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए किसी राज्य और उसके नागरिकों के सम्मान को ठेस पहुंचाना बेहद शर्मनाक है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल या नेता पंजाबियों के इतिहास और उनके बलिदानों का सम्मान नहीं करता, तो उसे पंजाब के लोगों से वोट मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। पंजाबियों ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है और यह इतिहास किसी से छिपा नहीं है।

विधायक ने कहा कि पंजाबी हमेशा हर क्षेत्र में अग्रणी रहे हैं और भविष्य में भी अपनी मेहनत, साहस और समर्पण के दम पर आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाबियों के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्द माफ करने योग्य नहीं हैं और बाद में केवल माफी मांग लेने से ऐसे बयानों की गंभीरता कम नहीं हो जाती।

अशोक पराशर पप्पी ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और शहीदों की पवित्र धरती है। यहां के लोगों ने अपनी बहादुरी और बलिदानों से इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि पंजाबी न कभी किसी से डरे हैं और न ही किसी के सामने झुके हैं। जिसने भी पंजाब या पंजाबियों को कम आंकने की कोशिश की है, उसे हमेशा करारा जवाब मिला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें झूठे और भ्रामक प्रचार के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन पंजाब के लोग जागरूक हैं और सच तथा झूठ के बीच अंतर करना अच्छी तरह जानते हैं।

पप्पी ने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे बयानों और सोच का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब का सम्मान, गौरव और आत्मसम्मान हर हाल में बरकरार रखा जाएगा और किसी भी कीमत पर इसके साथ समझौता नहीं किया जाएगा।

चेयरमैन राजिंदर सिंह बसंत की अध्यक्षता में हुई खत्री अरोड़ा वेलफेयर बोर्ड मीटिंग

पंजाब / सत्ता संदेश

नए नियुक्त डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और स्टेट मेंबर साहिबाना को सम्मानित किया गया

पंजाब खत्री अरोड़ा वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन श्री राजिंदर सिंह बसंत जी की अध्यक्षता में बोर्ड की पहली मीटिंग बचत भवन मिनी सेक्रेटेरिएट में हुई। इस मीटिंग में चेयरमैन श्री राजिंदर सिंह बसंत जी, बोर्ड के मेंबर जिनमें अमृतसर से श्री प्रणव धवन, पटियाला से श्री राजेंद्र मोहन, जालंधर से श्री रिक्की मनोचा और माछीवाड़ा लुधियाना से श्री जसप्रीत सिंह काका शामिल थे, इन सभी को पंजाब सरकार ने शेरपा देकर सम्मानित किया और बोर्ड ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर MLA कुलवंत सिंह सिद्धू, अशोक पराशर पप्पी, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट/चेयरमैन डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग कमेटी जतिंदर सिंह खंगूरा, सीनियर वाइस चेयरमैन शरणपाल सिंह मक्कड़, चेयरमैन राजू कनौजिया, चेयरमैन केशव वर्मा, डायरेक्टर रविंदरपाल सिंह पाली और AAP नेता राज कुमार अग्रवाल खास तौर पर मौजूद थे।

चेयरमैन श्री राजिंदर सिंह बसंत जी ने पंजाब सरकार द्वारा नए नियुक्त किए गए पदाधिकारियों को सम्मानित किया, जिनमें स्टेट मेंबर भूपिंदर सिंह टकर, अरुण कुमार मल्होत्रा, गुरचरण सिंह चान, मोहिंदर सिंह प्रूथी, डॉ. गुरप्रीत सिंह बब्बर – डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन बलविंदर कुमार कर्ण, भारत ज्योति, नवनीत सिंह, मनीष बजाज, गगन छाबड़ा, वरिंदर सहदेव, साहिल कपूर, राज कुमार, श्री जैन, संजीव कुमार धवन, हरीश सत्यन, विकास कपूर, तरसेम लाल उप्पल, चिराग थापर – डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन चरणप्रीत सिंह लांबा, मंदीप कुमार सोनी, तरसेम कालरा, दीपक सोनी, कमल कुमार, गुरबख्श सिंह ओबेरॉय, मुनीश सूद, मनोहर लाल अरोड़ा, कुलदीप सिंह, जसपाल सिंह, कुलवंत राय कटारिया, मोहिंदर सिंह शामिल थे।

चेयरमैन श्री राजिंदर सिंह बसंत जी ने अपने भाषण में माननीय मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान जी, श्री मनीष सिसोदिया जी और श्री अरविंद केजरीवाल जी का खास शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन्हें यह अहम ज़िम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि पंजाब में खत्री अरोड़ा कम्युनिटी की संख्या बहुत ज़्यादा है और यह कम्युनिटी राज्य की तरक्की में अहम योगदान दे रही है।

एस. बसंत ने आगे कहा कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरी कम्युनिटी को एक साथ लाकर आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने पूरे पंजाब के डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन और डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन को भी इस काम में शामिल होने का न्योता दिया।

पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल: पूर्व विधायक डॉ. राज कुमार वेरका का मान सरकार पर हमला

पंजाब / सत्ता संदेश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉक्‍टर राज कुमार वेरका ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंजाब को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम लोग भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। डॉक्‍टर वेरका ने कहा कि पंजाब में गुंडागर्दी, लूटपाट, फायरिंग, हत्या और जबरन वसूली जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही आपराधिक वारदातों ने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जेलों के भीतर भी गैंगस्टर गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम है।

पूर्व विधायक ने कहा कि नशे की समस्या ने पंजाब के युवाओं को बुरी तरह प्रभावित किया है। ड्रग्स के कारण कई परिवार तबाह हो रहे हैं और युवा अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब आम आदमी पार्टी सरकार से निराश हो चुकी है और बदलाव चाहती है। डॉक्‍टर वेरका ने अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता और असुरक्षा की भावना को बढ़ाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले युवाओं, कर्मचारियों और शिक्षकों पर लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब की जनता अपने वोट के माध्यम से सरकार को जवाब देगी और राज्य में बदलाव लाएगी। अमृतसर से ब्‍यूरो रिपोर्ट टीम एनएनआर

साहिल अग्रवाल बने पंजाब अग्रवाल कल्याण बोर्ड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, AAP नेताओं ने दी बधाई

लुधियाना / सत्ता संदेश

बुधवार को स्थानीय बचत भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए, जहां साहिल अग्रवाल को पंजाब अग्रवाल कल्याण बोर्ड का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की पूरी टीम ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नियुक्ति समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की पहचान है।

नवनियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री साहिल अग्रवाल ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह समाज और व्यापारिक वर्ग के हितों के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

इस दौरान श्री साहिल अग्रवाल ने पंजाब राज्य व्यापार आयोग के जिला उपाध्यक्ष रोहित वर्मा, उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष राजू चावला, दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. इंदरजीत वर्मा, आतम नगर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष मनप्रीत, पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष अनुज चौधरी, पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. दविंदर सिंह घुमन, रूपेश, वीरेंद्र पांडे, वेद तथा अन्य सहयोगियों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साहिल अग्रवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बोर्ड समाज के कल्याण और विकास के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा।

‘मेरी रसोई योजना’ के तहत MLA ने 300 परिवारों को बांटी राशन किट

लुधियाना / सत्ता संदेश

सोमवार यानि कि 8 जून 2026 को लुधियाना नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 में MLA मदन लाल बग्गा ने आम लोगों की सुविधा के लिए “मेरी रसोई योजना” के तहत करीब 300 परिवारों को खास राशन किट बांटी।

इस मौके पर MLA बग्गा के साथ पार्षद अशोक कुमार, पार्षद अमन बग्गा खुराना, वरिंदर कोफी, कुलदीप सिंह मक्कड़ और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद थे।

MLA बग्गा ने कहा कि समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाना पंजाब सरकार की मुख्य प्राथमिकता है और लोगों की रोज़ाना की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि “मेरी रसोई योजना” का मुख्य मकसद आर्थिक रूप से कमज़ोर और ज़रूरतमंद परिवारों को मदद पहुंचाना है ताकि कोई भी परिवार ज़रूरी राशन से वंचित न रहे।

स्थानीय निवासियों ने पंजाब सरकार और उनके लोकप्रिय MLA मदन लाल बग्गा को धन्यवाद दिया और कहा कि मौजूदा सरकार जनकल्याण के कामों को प्राथमिकता के आधार पर कर रही है, जिससे आम परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।

जगरूप सिंह सेह ने संभाला जिला परिषद लुधियाना के चेयरमैन का पद, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

लुधियाना / सत्ता संदेश

जिला परिषद लुधियाना को नया चेयरमैन मिल गया है। गुरुवार को पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम, पर्यटन, सांस्कृतिक मामले और ऊर्जा मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद तथा राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता, आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां की मौजूदगी में जगरूप सिंह सेह ने जिला परिषद लुधियाना के चेयरमैन पद का कार्यभार संभाला।

इस अवसर पर विधायक जगतार सिंह दयालपुरा, विधायक जीवन सिंह संगोवाल, विधायक हाकम सिंह ठेकेदार, पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी, पूर्व विधायक जगजीवन सिंह खिरनिया, पंजाब जेनको बोर्ड के चेयरमैन नवजोत सिंह जर्ग, मार्केट कमेटी दोराहा के चेयरमैन दर्शन सिंह कोहली, मार्केट कमेटी खन्ना के चेयरमैन जगतार सिंह गिल, मार्केट कमेटी साहनेवाल के चेयरमैन हेमराज राजी, जिला परिषद एवं ब्लॉक समिति के सदस्य, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी मेहनती कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स को आगे बढ़ाकर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारियां सौंप रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की सच्ची भावना को मजबूत करने और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री सौंद ने कहा कि जिला परिषद लुधियाना पंजाब की सबसे बड़ी जिला परिषदों में से एक है और उन्हें विश्वास है कि जगरूप सिंह सेह इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के पास ग्रामीण विकास के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के संसाधन उपलब्ध हैं, जिनका सही उपयोग गांवों की तस्वीर बदल सकता है।

उन्होंने बताया कि पंचायती राज विभाग के कुल बजट का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा ब्लॉक समितियों और 10 प्रतिशत हिस्सा जिला परिषदों के माध्यम से खर्च किया जाता है। ऐसे में जिला परिषद की भूमिका ग्रामीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने जगरूप सिंह सेह को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए हर स्तर पर पूरा सहयोग देगी। उन्होंने जगरूप सिंह सेह को पार्टी का मेहनती, जुझारू और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में पद योग्यता और मेहनत के आधार पर दिए जाते हैं, न कि किसी सिफारिश या आर्थिक प्रभाव के आधार पर।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने सत्ता संभालने के बाद से लोगों के हित में अनेक जनकल्याणकारी फैसले लिए हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम जारी रहेगा।

समराला के विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आम परिवारों से आने वाले युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जगरूप सिंह सेह जिला परिषद लुधियाना में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन सुनिश्चित करेंगे।

अपने संबोधन में नवनियुक्त चेयरमैन जगरूप सिंह सेह ने कहा कि वह जिले के प्रत्येक गांव और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, युवाओं के लिए अवसर सृजित करना और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने तथा पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

कपूरथला में कथित चुनावी रंजिश को लेकर विवाद, राणा गुरजीत सिंह ने गुंडागर्दी का लगाया आरोप

कपूरथला / सत्ता संदेश

कपूरथला के अजीत नगर में बीती रात कथित चुनावी रंजिश को लेकर हुई झड़प के बाद कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उनके साथ नवनिर्वाचित पार्षदों की टीम भी मौजूद रही। विधायक ने आरोप लगाया कि विदेश से आए शेरा नामक व्यक्ति के इशारे पर उनके समर्थकों के साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकाया गया।


राणा गुरजीत सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस उम्मीदवार बलवीर सिंह बीरा ने नगर निगम चुनाव में जीत हासिल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बलवीर सिंह की मदद करने वाले मंजीत सिंह के सहयोगी अंकुश शर्मा के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। साथ ही दुकान पर काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी धमकाया गया।


विधायक के अनुसार पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में कुछ युवक दुकान के अंदर घुस आए और सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर मौके से फरार हो गए। राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि शहर में किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए राउंडअप भी किया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।


थाना सिटी प्रभारी अमनदीप नाहर ने बताया कि पुलिस ने दुकान के अंदर लगी सीसीटीवी प्रणाली की डीवीआर अपने कब्जे में ले ली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई भी शिकायतकर्ता औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए सामने नहीं आया है। इसी कारण राउंडअप किए गए युवक को छोड़ना पड़ा।


राणा गुरजीत सिंह ने दावा किया कि शनिवार दोपहर को भी शेरा नामक व्यक्ति के खिलाफ एक दुकानदार ने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस की ओर से समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण वह फरार हो गया।


दूसरी ओर थाना प्रभारी अमनदीप नाहर ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस शेरा को पकड़ने के लिए उसके घर गई थी, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी जिम्मेदारी से अपना काम कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी पारिवारिक विवाद को लेकर पहले से तनाव चल रहा था, जिसके चलते विवाद बढ़कर झड़प में बदल गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

विवादित बयान पर रवनीत सिंह बिट्टू ने मांगी माफी, बोले- किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत करना मेरा उद्देश्य नहीं

अमृतसर / सत्ता संदेश

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने अपने हाल ही में दिए गिए विवादित बयान पर माफी मांगी। बिट्टू ने कहा कि अगर उनके मुंह से निकले कुछ शब्दों की वजह से किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। तो वह दिल से अफसोस जताते हैं और इस बात का खास ध्यान रखेंगे कि भविष्य में ऐसी गलती न हो। उन्होंने मीडिया के सामने कहा कि उनका कभी भी किसी SC, OBC, हिंदू, सिख या किसी अन्य समुदाय को नीचा दिखाने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि जिस दौरान ये विवादित शब्द बोले गए। उस दौरान माहौल बहुत गरम था और पुलिस और दूसरे लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।


रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि वह लंबे समय से ऐसे चुनाव क्षेत्रों से जनप्रतिनिधि रहे हैं, जहां SC समुदाय की आबादी ज़्यादा है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और राजनीतिक जीवन में हमेशा हर वर्ग और समुदाय का सम्मान किया गया है। उन्होंने याद दिलाया कि वह हर समुदाय के साथ अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे हैं और सामाजिक सद्भाव को मज़बूत करने के लिए काम करते रहे हैं।
बिट्टू ने कहा कि अगर उनके किसी बयान से किसी को ठेस पहुंची है, तो वह सभी सामाजिक संगठनों, NGO, डेरों और धार्मिक नेताओं से भी माफ़ी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी धार्मिक जगह या कैंप में जाकर भी अपना अफ़सोस ज़ाहिर करने के लिए तैयार हैं, क्योंकि उन्हें इस बात का बोझ है कि उनकी बातों को गलत तरीके से लिया गया।


पंजाब BJP की लीडरशिप के बारे में कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयानों के बारे में पूछे जाने पर बिट्टू ने कहा कि सभी नेता पार्टी हाईकमान के फ़ैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति के एक अनुभवी और सीनियर नेता हैं, जिनका सम्मान करना सबका फ़र्ज़ है। उनके मुताबिक, सीनियर नेता हमेशा गाइडेंस देते हैं और उनकी राय को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।


पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बात करते हुए बिट्टू ने कहा कि राज्य में गैंगस्टरवाद और आपराधिक गतिविधियां चिंता का विषय हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी कई गंभीर घटनाएं हुई हैं, जिनमें पुलिस कर्मियों पर हमले और हथियार लूटने की घटनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई की ज़रूरत है और समाज के हर वर्ग को कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब भी पुलिस अपराधियों के खिलाफ़ कार्रवाई करती है, तो कई बार उन्हें अलग-अलग लेवल पर विरोध का सामना करना पड़ता है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मुश्किलें आती हैं। बिट्टू ने तर्क दिया कि पंजाब को अपराध और गैंगस्टरवाद से मुक्त करने के लिए मज़बूत और निर्णायक कदम उठाने की ज़रूरत है।

कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी स्थिति के बारे में एक सवाल के जवाब में बिट्टू ने कहा कि पार्टी के अंदर चल रहे विवाद और नेताओं के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग नेताओं द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ दिए जा रहे बयान इस बात का संकेत हैं कि पार्टी में एकता की कमी है।
अपने भाषण के आखिर में, बिट्टू ने दोहराया कि वह समाज के हर वर्ग का सम्मान करते हैं और उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य लोगों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में वह अपने शब्दों को और सोच-समझकर चुनेंगे ताकि किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।