ब्रेकिंग न्यूज़
विजिलेंस ब्यूरो द्वारा 6,000 रुपये रिश्वत लेते प्रिंसिपल को रंगे हाथों काबू किया गया

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अपनी मुहिम के दौरान कैंप खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजीतसर मोही, जिला लुधियाना (सरकारी सहायता प्राप्त) में तैनात प्रिंसिपल गुरमीत सिंह को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव मोहित, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने कोविड काल के दौरान 10वीं कक्षा पास की थी, लेकिन उसे अभी तक 10वीं का पासिंग सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं हुआ था। उसने डुप्लीकेट सर्टिफिकेट के लिए भी ऑनलाइन आवेदन किया था, परंतु वह भी उसे नहीं मिला। इसके बाद वह अपना मैट्रिक सर्टिफिकेट लेने के लिए अपने स्कूल के प्रिंसिपल के पास गया।
इस दौरान आरोपी प्रिंसिपल ने उससे 15,800 रुपये रिश्वत की मांग की और मौके पर ही उससे 10,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले भी लिए। उल्लेखनीय है कि डुप्लीकेट सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए सरकारी फीस 900 रुपये तथा तत्काल फीस 2,000 रुपये है।

रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी प्रिंसिपल को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

काया कल्प में खन्ना सिविल अस्पताल की बड़ी उपलब्धि

खन्ना / सत्ता संदेश

एसएमओ डॉ. मनिंदर भसीन की अगुवाई में मिला 13वां स्थानपिछले 4 वर्षों में दूसरी बार दोनों राउंड पास कर रचा इतिहास, मिलेगा एक लाख रुपये का इनाममान सरकार की सेहत क्रांति, सेहत मंत्री डा. बलबीर सिंह के निर्देशों, कैबिनेट मंत्री डा. तरुणप्रीत सिंह सौंध और सिविल सर्जन डा. रमनदीप कौर के मार्ग दर्शन से नुहार बदली – एसएमओ डा. मनिंदर भसीन खन्ना/लुधियाना, 16 अप्रैलखन्ना सिविल अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कायाकल्प योजना के दूसरे चरण में भी सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ अस्पताल ने पूरे पंजाब में 41 सब डिवीजन सिविल अस्पतालों में से 13वां स्थान हासिल किया है, जो खन्ना के लिए गर्व की बात है।इस योजना के दो मुख्य राउंड होते हैं और खन्ना सिविल अस्पताल ने दोनों ही राउंड सफलतापूर्वक पास किए हैं। खास बात यह है कि पिछले चार वर्षों में यह दूसरी बार है जब अस्पताल ने यह उपलब्धि हासिल की है। इससे न केवल अस्पताल की कार्यक्षमता साबित होती है, बल्कि यहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी सामने आती है।यह भी उल्लेखनीय है कि पिछले 15 वर्षों में खन्ना सिविल अस्पताल कभी भी कायाकल्प परियोजना के तहत क्वालीफाई नहीं कर पाया था, लेकिन एसएमओ डॉ. मनिंदर सिंह भसीन की योग्य और दूरदर्शी अगुवाई में पिछले चार वर्षों के दौरान दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया गया है।इस सफलता का मुख्य श्रेय एसएमओ डॉ. मनिंदर सिंह भसीन को जाता है। उनकी अगुवाई में अस्पताल में लगातार सुधार किए गए हैं, जिससे साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं और स्टाफ की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। डॉ. भसीन की लीडरशिप ने अस्पताल को नई पहचान दी है और यह पहली बार है कि खन्ना के इतिहास में अस्पताल ने दूसरी बार दोनों राउंड पास कर यह मुकाम हासिल किया है।इस उपलब्धि के तहत खन्ना सिविल अस्पताल को एक लाख रुपये का इनाम भी मिलेगा, जो अस्पताल की पूरी टीम के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है।एसएमओ डॉ. मनिंदर भसीन ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली सरकार की स्वास्थ्य क्रांति, स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह के निर्देशों, कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध व सिविल सर्जन लुधियाना डा. रमनदीप कौर के मार्गदर्शन के कारण अस्पताल की नुहार बदली है। उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे कायाकल्प नोडल अधिकारी डॉ. नवनीत कौर और नर्सिंग सिस्टर कुलवीर कौर की मेहनत भी है। पूरी टीम के सहयोग और समर्पण ने अस्पताल को इस मुकाम तक पहुंचाया है।अस्पताल में साफ-सफाई, सैनिटेशन, दवा प्रबंधन और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। मरीजों को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए हर स्तर पर काम किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अस्पताल की कार्यप्रणाली में बड़ा सुधार आया है और लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की है। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों में सिविल अस्पताल की सेवाओं में काफी सुधार हुआ है और अब मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा है।गौरतलब है कि इससे पहले भी कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल का मूल्यांकन किया गया था, जिसमें एसएमओ डॉ. मनिंदर सिंह भसीन की अगुवाई में खन्ना सिविल अस्पताल ने पंजाब में 14वां स्थान हासिल किया था। अब दूसरी बार और बेहतर प्रदर्शन करते हुए अस्पताल ने 13वां स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धि को और ऊंचा किया है।

पाकिस्तान के खैबरपख्तूनख्वा में भीषण गैस पाइपलाइन विस्फोट: 8 की मौत, दर्जनों घायलइंटर

इंटरनेशनल डेस्क : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हरिपुर जिले के हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक गैस पाइपलाइन फटने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में मचा कोहराम : यह विस्फोट हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में ‘ग्रैंड ट्रंक रोड’ के पास स्थित एक कारखाने के निकट हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज दूर-दराज के इलाकों तक सुनी गई और तुरंत भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने पास के एक मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

दम घुटने से हुईं अधिकांश मौतें : हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, अधिकांश मौतों का मुख्य कारण दम घुटना रहा है। ‘रेस्क्यू 1122’ के अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। बचाव कार्य के दौरान कम से कम 4 महिलाओं और 6 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, हालांकि इनमें से कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

जांच जारी : गैस पाइपलाइन में हुए इस भीषण धमाके के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।

IPL 2026: श्रेयस अय्यर बने ‘चेज़ के सरपंच’, लगातार तीसरा अर्धशतक जड़कर पंजाब को दिलाई धमाकेदार जीत; तोड़ा कोहली का दबदबा

स्पोर्टस डेस्क : आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने खुद को एक बेहतरीन ‘फिनिशर’ और ‘चेज़ मास्टर’ के रूप में स्थापित कर लिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए अपनी टीम को 7 विकेट से एकतरफा जीत दिलाई,। पंजाब ने 196 रनों का बड़ा लक्ष्य महज 16.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।

वानखेड़े में अय्यर का तूफान: श्रेयस अय्यर ने मात्र 35 गेंदों में 66 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (39 गेंदों में नाबाद 80 रन) के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की, जिसने मुंबई के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। अय्यर ने न केवल बल्लेबाजी बल्कि अपनी कप्तानी और फील्डिंग से भी सभी को प्रभावित किया।

अर्धशतकों की हैट्रिक और ‘चेज़’ का रिकॉर्ड: इस सीजन में श्रेयस अय्यर का बल्ला लक्ष्य का पीछा करते हुए जमकर बोल रहा है। उन्होंने अर्धशतकों की हैट्रिक पूरी कर ली है। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (50 रन) और सनराइजर्स हैदराबाद (नाबाद 69 रन) के खिलाफ भी लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच जिताऊ अर्धशतक जड़े थे।

आंकड़ों में अय्यर की बादशाहत:

सफलता का मंत्र: आईपीएल 2024 के बाद से श्रेयस ने 7 बार चेज़ करते हुए 50+ का स्कोर बनाया है और सातों बार पंजाब ने मैच जीता है।

शानदार औसत: पिछले सीजन से अब तक चेज़ करते हुए उन्होंने 11 पारियों में 65.42 की औसत और 181.02 के स्ट्राइक रेट से 458 रन बनाए हैं।

कोहली को टक्कर: चेज़ के मामले में अय्यर अब विराट कोहली को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

कोहली के नाम सफल चेज़ में 8 फिफ्टी प्लस स्कोर हैं, जबकि अय्यर अब 7 के साथ उनके बेहद करीब पहुंच गए हैं।पंजाब की इस जीत ने साबित कर दिया है कि अगर श्रेयस अय्यर क्रीज पर खड़े हैं, तो टीम के लिए कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है।

एशिया के नए ‘बादशाह’ बने गौतम अडानी: मुकेश अंबानी को पछाड़ा, नेटवर्थ 92.6 अरब डॉलर के पार

बिजनेस डेस्क : भारतीय कारोबारी जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

एक दिन में बढ़ी अरबों की दौलत : गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में मामूली गिरावट के बावजूद अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस तेजी की बदौलत गौतम अडानी की संपत्ति में एक ही दिन में 3.56 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। वर्तमान में उनकी कुल नेटवर्थ 92.6 अरब डॉलर पहुंच गई है, जबकि मुकेश अंबानी 90.8 अरब डॉलर के साथ एशिया में दूसरे और वैश्विक सूची में 20वें स्थान पर खिसक गए हैं।

दुनिया के टॉप-20 में 19वें पायदान पर अडानी : ग्लोबल रैंकिंग की बात करें तो गौतम अडानी अब दुनिया के 19वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। साल 2026 में अब तक उनकी संपत्ति में 8.10 अरब डॉलर की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इसके विपरीत, मुकेश अंबानी के लिए यह साल चुनौतीपूर्ण रहा है और उनकी नेटवर्थ में इस साल 16.9 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

वैश्विक अमीरों का हाल: दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में एलन मस्क (656 अरब डॉलर) के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार, इस साल दुनिया के टॉप-20 अमीरों में से 7 दिग्गजों ने अपनी दौलत गंवाई है, जिनमें बर्नार्ड आरनॉल्ट, बिल गेट्स और वॉरेन बफे जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

संसद में गहमागहमी के बीच बड़ा फैसला: देश में लागू हुआ महिला आरक्षण कानून 2023, केंद्र ने जारी किया नोटिफिकेशन

नेशनल डेस्क : केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक और चौंकाने वाला कदम उठाते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण कानून 2023) को 16 अप्रैल 2026 की आधी रात से पूरे देश में लागू कर दिया है। सरकार ने यह अधिसूचना उस वक्त जारी की जब संसद में इस कानून और परिसीमन विधेयक को लेकर तीखी बहस जारी थी।

आधी रात तक चली बहस और अधिसूचना: गुरुवार को लोकसभा में इस विधेयक पर देर रात करीब 1:20 बजे तक चर्चा चली, जिसके बाद केंद्रीय विधि मंत्रालय ने इसे प्रभावी करने की अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना के अनुसार, केंद्र सरकार ने 16 अप्रैल 2026 को वह तारीख घोषित की है, जिस दिन से इस अधिनियम के प्रावधान प्रभावी माने जाएंगे। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि जब संसद में इस पर संशोधन की चर्चा चल रही थी, तभी इसे अधिसूचित क्यों किया गया।

क्या है इस कानून के प्रावधान? इस कानून के लागू होने से अब लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत (एक-तिहाई) सीटें आरक्षित होंगी। पहले की व्यवस्था के अनुसार, यह आरक्षण 2027 की जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन के बाद ही लागू हो पाता, लेकिन नई अधिसूचना ने इसे तत्काल प्रभाव से चर्चा का विषय बना दिया है।

आज होगी महत्वपूर्ण वोटिंग: महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन आयोग की स्थापना से संबंधित विधेयकों पर आज, यानी 17 अप्रैल को लोकसभा में मतदान (वोटिंग) होना है। शाम करीब 4 बजे होने वाली इस वोटिंग पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।