ब्रेकिंग न्यूज़
नेता प्रतिपक्ष का सिद्धरमैया, शिवकुमार के बीच ‘जंग’ का दावा; जीबीए चुनाव से पहले कांग्रेस पर निशाना

बेंगलुरु, सात फरवरी कनार्टक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने दावा किया है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर ‘‘जंग’’ शुरू हो गई है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर ‘‘कुशासन’’ का आरोप लगाते हुए भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस साल के अंत में होने वाले ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) के चुनाव में जीबीए के अंतर्गत आने वाले सभी पांच नगर निगमों में जीत हासिल करेगी।

अशोक ने शुक्रवार को दावा किया, ‘‘लड़ाई एक बार फिर शुरू हो गई है। डीके (शिवकुमार) बनाम सिद्धरमैया… मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए जंग शुरू हो गई है। यतींद्र सिद्धरमैया (मुख्यमंत्री के बेटे और एमएलसी) ने एक बार फिर यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया है कि उनके पिता पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब सभी कांग्रेस नेता और विधायक कह रहे हैं कि आलाकमान का फैसला अंतिम है तो यतींद्र का यह बयान दिखाता है कि वह आलाकमान किसे मानते हैं।’’

अशोक ने पत्रकारों के साथ बातचीत में दिल्ली में कांग्रेस के आलाकमान को ‘‘मृत, शक्तिहीन और मूल्यहीन’’ करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए संघर्ष फिर से शुरू हो गया है और विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद यह रोजाना जारी रहेगा।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस को उसके ‘‘कुशासन और कुप्रशासन’’ का सबक सिखाएगी।

भाजपा नेता कांग्रेस से विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) यतींद्र सिद्धरमैया के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी आलाकमान ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि राज्य में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा और सिद्धरमैया पूरे पांच साल के कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

नीदरलैंड के खिलाफ पाकिस्तान का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला

कोलंबो, सात फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मैच में शनिवार को टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया ।

सलमान ने कहा कि उनकी टीम पिच की नमी का फायदा उठाना चाहती है और तीन तेज गेंदबाजों को लेकर उतरी है ।

नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवडर्स ने भी कहा कि टॉस जीतने पर वे भी गेंदबाजी चुनते लेकिन बल्लेबाजी करके भी खुश हैं ।

भाजपा शबरिमला मुद्दे पर न्याय के लिए लड़ेगी : नितिन नवीन

कोच्चि, सात फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कहा कि पार्टी शबरिमला मुद्दे पर न्याय के लिए लड़ेगी।

उन्होंने यहां कलाडी में श्री आदि शंकर जन्मभूमि मंदिर में पूजा करने और श्री श्रृंगेरी मठ का दौरा करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा, ‘‘हमने केरल के लोगों की सुरक्षा और विकास की कामना के लिए प्रार्थना की। हम केरल के लोगों के साथ पूरी तरह से खड़े हैं।’’

नवीन ने कहा कि भाजपा केरल के विकास को लेकर राज्य के लोगों की चिंताओं को समझती है और केरल को विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष दोनों शबरिमला मुद्दे पर नौटंकी कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम शबरिमला मुद्दे पर पूरी तरह से लड़ेंगे। हम न्याय दिलाएंगे।’’

नवीन ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ‘‘नूरा कुश्ती’’ कर रहे हैं, जिससे शबरिमला में सोने की चोरी के मामले में आरोपियों को जमानत मिल सके।

उन्होंने शुक्रवार को कोच्चि में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं के साथ बैठकें कीं।

नवीन आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की समीक्षा करने और इसकी शुरुआत करने के लिए दो दिन के केरल दौरे पर हैं।

वह शनिवार को अपना दौरा खत्म करने से पहले त्रिशूर में औपचारिक रूप से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

झारखंड के बोकारो में जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला

बोकारो, सात फरवरी (भाषा) झारखंड में बोकारो जिले के एक गांव में भटककर आई एक जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला है।

अधिकारियों ने बताया कि हथिनी ने शुक्रवार रात दो लोगों को कुचलकर मार डाला और चार अन्य को घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह भी उसने तीन लोगों को कुचल दिया था।

मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) संदीप शिंदे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह हथिनी पांच हाथियों के झुंड का हिस्सा है। लेकिन, सिर्फ यही परेशानी खड़ी कर रही है।’’

उन्होंने बताया कि ये घटनाएं महुआटांड थाना क्षेत्र में हुईं तथा शुक्रवार को मारे गए लोगों की पहचान सोमर साव (50) और उनके पोते आयुष कुमार (9) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा कि घायल लोगों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिंदे ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों में बोकारो में हथिनी ने आठ लोगों को मार डाला है तथा रामगढ़ जिले में भी कुछ और लोगों को मारा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने हथिनी को काबू में करने के लिए वनतारा बचाव टीम से संपर्क किया है।’’

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से झारखंड में हाथियों के हमले में कुल 474 लोगों की मौत हुई।

कनाडा और फ्रांस ने अमेरिका की धमकी को लेकर तनाव के बीच ग्रीनलैंड में वाणिज्य दूतावास खोले

नुक (ग्रीनलैंड), सात फरवरी (एपी) कनाडा और फ्रांस ने शुक्रवार को ग्रीनलैंड की राजधानी में अपने राजनयिक वाणिज्य दूतावास खोले।

यह कदम उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सहयोगी देश डेनमार्क और आर्कटिक द्वीप ग्रीनलैंड के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब अमेरिका अर्ध-स्वायत्त डेनिश क्षेत्र यानी ग्रीनलैंड पर नियंत्रण हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने नुक में आधिकारिक रूप से देश के वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया। इस मौके पर कनाडा का ‘मैपल-लीफ’ झंडा फहराया गया और वहां मौजूद लोगों ने ‘‘ओ कनाडा’’ गीत गाया।

आनंद ने कहा, ‘‘आज इस झंडे को फहराने और औपचारिक रूप से वाणिज्यि दूतावास खोलने का महत्व यह है कि हम ग्रीनलैंड और डेनमार्क के लोगों के साथ कई मुद्दों पर एकजुट होकर खड़े रहेंगे।”

फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने बताया कि ज्यां-नोएल पोइरियर ने शुक्रवार को महावाणिज्य दूत के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। इससे फ्रांस ग्रीनलैंड में महावाणिज्य दूतावास स्थापित करने वाला यूरोपीय संघ का पहला देश बन गया है।

फ्रांस ने कहा कि यह निर्णय जून में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यात्रा के दौरान लिया गया था।

कनाडा ने 2024 में ही ग्रीनलैंड में वाणिज्य दूतावास खोलने का वादा किया था, यानी ट्रंप के हालिया ‘‘अधिग्रहण’’ संबंधी बयानों से पहले। लेकिन खराब मौसम के कारण उद्घाटन टल गया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वह डेनमार्क और उन सात अन्य देशों पर नए शुल्क लगाएंगे, जो ग्रीनलैंड पर कब्जे की उनकी मांग का विरोध कर रहे हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने अचानक यह धमकी वापस ले ली थी।

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक की चपेट में आने से छह लोगों की मौत

मथुरा (उप्र), सात फरवरी (भाषा) यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कंटेनर ट्रक के बस से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बजकर 45 मिनट पर हुई।

सुरीर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब नोएडा से कानपुर जा रही एक बस को बीच में एक यात्री के शौचालय जाने के कारण रोका गया था।

उन्होंने बताया कि एक कंटेनर ने बस को बगल से टक्कर मार दी, जिससे बस से उतरकर सड़क पर खड़े छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, बस और कंटेनर चालक भाग गए। मामले की जांच जारी है।

अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में गेहूं, चावल, डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूर्ण संरक्षण

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) भारत ने व्यापार समझौते के तहत मक्का, गेहूं, चावल, सोया, पॉल्ट्री, दूध, पनीर, एथेनॉल (ईंधन), तंबाकू, कुछ सब्जियों और मांस जैसे संवेदनशील कृषि एवं डेयरी उत्पादों के मामले में अमेरिका को कोई शुल्क रियायत नहीं दी है और इन क्षेत्रों को पूरी तरह संरक्षण दिया है।

भारत और अमेरिका ने शनिवार को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमत होने की घोषणा की। इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क को पहले के 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह समझौता किसानों के हितों की रक्षा करने और ग्रामीण आजीविका को बनाए रखने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके तहत मक्का, गेहूं, चावल, सोया, पॉल्ट्री, दूध, पनीर, एथेनॉल (ईंधन), तंबाकू, कुछ सब्जियां और मांस सहित संवेदनशील कृषि एवं डेयरी उत्पादों को पूरी तरह से संरक्षित किया गया है।”

इन वस्तुओं का संबंध भारत के छोटे और सीमांत किसानों की आजीविका से जुड़ा होने के कारण इन्हें संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।

भारत ने अन्य मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) में भी संवेदनशील कृषि और डेयरी उत्पादों पर किसी तरह की आयात शुल्क रियायत नहीं दी है। हाल ही में यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के साथ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया गया है।

कृषि और पशुपालन जैसी संबद्ध गतिविधियां भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, जो 70 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करती हैं। विकसित अर्थव्यवस्थाओं के विपरीत, जहां कृषि अत्यधिक मशीनीकृत और निगमित क्षेत्र के रूप में है, भारत में यह एक बड़ी आबादी की आजीविका का साधन है।

भारत के कृषि क्षेत्र को वर्तमान में मध्यम से उच्च आयात शुल्क और नियमों के जरिये संरक्षण दिया गया है, जो करोड़ों घरेलू किसानों को अनुचित प्रतिस्पर्धा से बचाते हैं।

अमेरिका से भारत को कृषि निर्यात वर्ष 2024 में 1.6 अरब अमेरिकी डॉलर था। इन प्रमुख निर्यातों में बादाम (छिलके सहित, 86.8 करोड़ डॉलर), पिस्ता (12.1 करोड़ डॉलर), सेब (2.1 करोड़ डॉलर), एथेनॉल (एथिल अल्कोहल, 26.6 करोड़ डॉलर) शामिल हैं।

भारत की 50 प्रतिशत से अधिक आबादी के आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर होने से भारत इस पूरे क्षेत्र को संवेदनशील मानता है। आयात या सीमा शुल्क विशेष रूप से मुख्य फसलों, दुग्ध उत्पादों और प्रमुख कृषि उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण हैं जो ग्रामीण आजीविका को बनाए रखते हैं।

भारत का लक्ष्य अगले चार साल में कृषि, समुद्री उत्पाद और खाद्य एवं पेय पदार्थों के संयुक्त निर्यात को 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। मुख्य निर्यात वस्तुओं में चाय, कॉफी, चावल, कुछ अनाज, मसाले, काजू, तेल खली, तिलहन, फल ​​और सब्जियां शामिल हैं।

दोनों देशों के संयुक्त बयान के मुताबिक, भारत अमेरिका के कई खाद्य एवं कृषि उत्पादों पर शुल्क समाप्त करेगा या कम कर देगा। इनमें सूखे अनाज, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, शराब एवं स्पिरिट तथा अन्य उत्पाद शामिल हैं।

पीएम मोदी का मलेशिया दौरा: रक्षा, सुरक्षा और व्यापार पर रहेगा फोकस; भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7-8 फरवरी 2026 को मलेशिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह यात्रा मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में दोनों देशों के बीच संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ (Comprehensive Strategic Partnership) में अपग्रेड किए जाने के बाद यह पहली उच्च-स्तरीय यात्रा है।

रणनीतिक और आर्थिक संबंधों पर जोर : इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और सशक्त बनाना है। बैठक के दौरान रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को गहरा करने के साथ-साथ आर्थिक और नवाचार (Innovation) साझेदारी को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया है कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।

भारतीय समुदाय से संवाद: प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान मलेशिया में रह रहे विशाल भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। मलेशिया लगभग 30 लाख भारतीय प्रवासियों का घर है, जो दुनिया में भारतीय प्रवासियों के सबसे बड़े समूहों में से एक है। प्रधानमंत्री ने इस समुदाय को दोनों देशों की मित्रता के बीच एक “जीवंत सेतु” करार दिया है और उनके अमूल्य योगदान की सराहना की है।

व्यापार समझौते में ‘हाउडी मोदी’ पर भारी पड़ा ‘नमस्ते ट्रंप’ : कांग्रेस

नयी दिल्ली, सात फरवरी कांग्रेस ने शनिवार दावा किया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर जारी संयुक्त बयान से स्पष्ट हो गया है कि गले मिलने वाली कूटनीति का भारत के लिए कुछ खास नतीजा नहीं निकला।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि “हाउडी मोदी” पर “नमस्ते ट्रंप” भारी पड़ गया है।

“नमस्ते ट्रंप” और “हाउडी मोदी” ट्रंप के पिछले कार्यकाल के दौरान भारत तथा अमेरिका के रिश्तों से जुड़े दो बड़े राजनीतिक–कूटनीतिक कार्यक्रम थे, जिनका आयोजन क्रमशः अहमदाबाद और ह्यूस्टन में हुआ था।

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिका–भारत के हाल ही में जारी संयुक्त वक्तव्य में विवरण नहीं दिए गए हैं। लेकिन जो बातें सामने आई हैं, उनसे यह स्पष्ट है कि भारत अब रूस से तेल आयात नहीं करेगा। अलग से अमेरिका ने यह भी घोषणा की है कि यदि भारत सीधे या परोक्ष रूप से रूस से तेल खरीदता है तो 25 प्रतिशत का दंडात्मक शुल्क फिर से लगाया जा सकता है।’’

उन्होंने दावा किया कि भारत, भारतीय किसानों की कीमत पर, अमेरिकी किसानों की मदद करने के लिए आयात शुल्क में कटौती करेगा।

रमेश ने कहा, ‘‘अमेरिका से भारत का वार्षिक आयात तीन गुना हो जाएगा, जिससे हमारा लंबे समय से चला आ रहा वस्तुओं का व्यापार अधिशेष खत्म हो जाएगा। अमेरिका को भारत की आईटी और अन्य सेवाओं के निर्यात को लेकर अनिश्चितता बनी रहेगी।’’

रमेश ने संयुक्त बयान का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत के अमेरिका को वस्तुओं के निर्यात पर पहले से अधिक शुल्क लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गले मिलने और तस्वीरें खिंचवाने का कुछ खास नतीजा नहीं निकला।

कांग्रेस नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “हाउडी मोदी” पर “नमस्ते ट्रंप” भारी पड़ गया और ‘‘दोस्त-दोस्त न रहा’’।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस, एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज

 नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने दिन के दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है।

सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 82 प्रतिशत दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 214 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।