ब्रेकिंग न्यूज़
  अमेठी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला

अमेठी (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) अमेठी जिले में पुलिस ने सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय एक युवक का शव बरामद किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नोहरी मजरे पुन्नपुर निवासी उमेश वर्मा के रूप में हुई जिसका शव क्षत-विक्षत अवस्था में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के शीतला गंज बाजार में बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि चेहरे और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों पर जंगली जानवरों द्वारा क्षति पहुंचाए जाने के निशान मिले हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक (अमेठी) मनोज कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस व लोगों से जानकारी ली।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने गंगटोक में किसानों के लिए पूरी तरह जैविक बाजार का किया उद्घाटन

गंगटोक, नौ फरवरी (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गंगटोक के रेशीथांग इलाके में ग्रामीणों के स्वैच्छिक योगदान से स्थापित ‘‘ पूरी तरह जैविक ’’ किसान-केंद्रित बाजार का उद्घाटन किया।

तमांग ने अपर बुरतुक विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक कला राय की मौजूदगी में ‘‘हमरो गौले बाजार’’ का रविवार को उद्घाटन किया।

अधिकारियों ने बताया कि समुदाय द्वारा संचालित इस जैविक बाजार का उद्देश्य किसानों को अपनी घरेलू उपज सीधे उपभोक्ताओं को बेचने में सक्षम बनाना है।

यह बाजार ‘श्रमदान’ यानी ग्रामीणों के स्वैच्छिक योगदान से स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर तमांग ने सरकार के किसी खर्च के बिना ‘हमरो गौले बाजार’ की स्थापना में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

उन्होंने इसे ग्रामीण आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना पर जोर दिया और यह सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन व्यवस्था की जरूरत बताई कि ‘स्टॉल’ संचालकों के पास कृषि भूमि हो।

यह बाजार सप्ताह में दो दिन संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग से भी बाजार को पर्यटन स्थलों में शामिल करने और आगंतुकों को स्थानीय व्यंजनों का अनुभव कराने का अवसर उपलब्ध कराने को कहा है।

कोच्चि में विदेशी महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

कोच्चि, नौ फरवरी (भाषा) केरल में कोच्चि-मुजिरिस द्विवार्षिक कला समारोह में भाग लेने आई एक विदेशी महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में नवी मुंबई के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पिछले महीने कोच्चि-मुजिरिस द्विवार्षिक प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए कोच्चि आई ताइवान की एक महिला की शिकायत के बाद सुमित कटारे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

उसने बताया कि भारत से जाने के बाद महिला ने ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई और इसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि सात फरवरी को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता की 18 जनवरी को फोर्ट कोच्चि स्थित कला कार्यक्रम स्थल पेपर हाउस के बाहर आरोपी से दोस्ती हुई।

प्राथमिकी में कहा गया है कि कटारे ने महिला को शराब पीने के लिए बुलाया लेकिन उसने मना कर दिया।

बाद में 19 जनवरी को कटारे ने फोर्ट कोच्चि ‘बैकवाटर’ क्षेत्र के पास शिकायतकर्ता से संपर्क किया और उसे एक नौका पर ले गया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि दोपहर में नौका यात्रा के दौरान आरोपी ने महिला का कथित यौन शोषण किया।

महिला की शिकायत के अनुसार, नौका यात्रा के बाद कटारे ने उसे जबरन ऑटो रिक्शा में बिठाया और इस दौरान भी उसने उसका कथित यौन उत्पीड़न किया।

फोर्ट कोच्चि पुलिस ने यौन उत्पीड़न और पीछा करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने आरोपी के संपर्क विवरण उपलब्ध कराए हैं, जिसके आधार पर उसे ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं

महाराष्ट्र में 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समितियों के चुनाव की मतगणना शुरू

मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतों की गिनती सोमवार सुबह शुरू हो गई।

पहले निर्धारित कार्यक्रम के तहत ये चुनाव पांच फरवरी को होने थे, लेकिन पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इसके बाद तीन दिनों के राजकीय शोक के कारण इन्हें स्थगित कर सात फरवरी को कराया गया।

मतगणना सुबह 10 बजे शुरू हुई। इन चुनावों में 2.08 करोड़ मतदाताओं में से 68.28 प्रतिशत से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

ये मतदान रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर जिला परिषद के 731 सदस्यों के चुनाव के लिए हुए। इसके अलावा, इनके अधिकार क्षेत्र में आने वाली 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीटों के लिए भी मतदान कराया गया।

जिला परिषद चुनावों में कुल 2,624 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति चुनावों में 4,814 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

प्रत्येक मतदाताओं ने दो वोट डाले जिनमें एक जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र के लिए और दूसरा पंचायत समिति निर्वाचन मंडल के लिए। जिला परिषद चुनावों के लिए सफेद, जबकि पंचायत समिति चुनावों के लिए गुलाबी मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया।

विमान दुर्घटना में अजित पवार की मृत्यु के बाद पहली बड़ी चुनावी कसौटी माने जा रहे इन चुनावों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक एकता के लिहाज से सभी की नजर है।

पश्चिमी महाराष्ट्र के अपने गढ़ों में पार्टी के विभिन्न गुटों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा है।

ये नतीजे दिवंगत अजित पवार और पार्टी संस्थापक शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुटों की भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

दोनों गुटों ने पुणे, सातारा, सोलापुर और सांगली में इन चुनावों के लिए अपनी दो साल पुरानी प्रतिद्वंद्विता को दरकिनार करते हुए अनौपचारिक गठबंधन किया था जहां दोनों पक्षों के उम्मीदवार मूल चुनाव चिह्न ‘घड़ी’ के साथ मैदान में उतरे।

दोनों गुटों ने पिछले महीने पुणे और पिंपरी चिंचवड निकाय चुनाव भी साथ मिलकर लड़ा था।

मणिपुर : उग्रवादियों के कई मकानों में आग लगाने के बाद उखरुल में तनाव पैदा

 इंफाल, नौ फरवरी (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में सशस्त्र उग्रवादियों ने कई मकानों में कथित तौर पर आग लगा दी। यह घटना तंगखुल नगा समुदाय के एक सदस्य पर लोगों के एक समूह द्वारा ‘‘हमला’’ किए जाने के बाद इलाके में तनाव बढ़ने के बीच हुई।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम को जिले के लिटान गांव में दो आदिवासी समूहों ने पथराव किया, जिसके कारण प्रशासन को निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी।

उन्होंने बताया कि मध्यरात्रि के आसपास लिटान सारेइखोंग में तंगखुल नगा समुदाय के कई मकानों में कथित तौर पर कुकी उग्रवादियों द्वारा आग लगा दी गई। पास के ही एक इलाके में कुकी समुदाय के कुछ लोगों के मकानों को भी जला दिया गया।

तंगखुल मणिपुर की सबसे बड़ी नगा जनजाति है। लितान सारेइखोंग कुकी बहुल गांव है।

जिले के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नुकसान का आकलन किया जा रहा है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।’’

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज में हथियारबंद लोग गांव में मकानों और वाहनों को आग लगाते हुए और उग्रवादी अत्याधुनिक हथियारों से हवा में गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो क्लिप की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

अधिकारी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही को रोकने के लिए महादेव, लंबुई और शांगकाई तथा लिटान की ओर जाने वाले अन्य क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि रविवार शाम को सुरक्षा बलों ने लिटान सारेइखोंग गांव में आपस में भिड़े दो आदिवासी समूहों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।

उखरुल जिले के मजिस्ट्रेट द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि तंगखुल नगा और कुकी समुदायों के सदस्यों के बीच तनाव के कारण गांव में शांति और व्यवस्था भंग होने की आशंका है।

जिला मजिस्ट्रेट आशीष दास ने अधिसूचना में कहा कि रविवार शाम सात बजे से अगले आदेश तक किसी भी व्यक्ति का अपने निवास स्थान से बाहर निकलना प्रतिबंधित है।

इसमें कहा गया है कि यह आदेश सरकारी अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों पर लागू नहीं होगा।

शनिवार रात लिटान गांव में सात से आठ लोगों द्वारा तंगखुल नगा समुदाय के एक सदस्य पर कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद इलाके में हिंसा भड़क गई।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पक्ष और लिटान सारेइखोंग के मुखिया के बीच मामला सुलझ गया था और दोनों पक्ष आपसी सहमति से पारंपरिक तरीकों से समस्या का समाधान करने पर सहमत हुए थे। रविवार को एक बैठक निर्धारित की गई थी लेकिन बैठक नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि इसके बजाय पास के सिकिबुंग गांव के ग्रामीणों के एक समूह ने लिटान सारेइखोंग के मुखिया के आवास पर कथित तौर पर हमला किया।

ऐसी जानकारी है कि ग्रामीणों ने लिटान पुलिस थाने के आसपास से गुजरते समय सात गोलियां भी चलाईं।

कर्नाटक में दो सड़क हादसों में छह लोगों की मौत

 बीदर/कोलार (कर्नाटक), नौ फरवरी (भाषा) कर्नाटक के बीदर और कोलार जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बीदर जिले के हमनाबाद तालुक में हल्लीखेड़ा के पास नागन्ना चौराहे के निकट रविवार को एक मोटरसाइकिल के पुल से टकरा जाने के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान राजेश्वर गांव के निवासी वेंकट करतमाल (40), उनकी पत्नी शिल्पा (35) और उनकी बेटी रक्षिता (12) के रूप में हुई है। उनके बेटे दिगंबर (15) को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने कहा, “हादसा उस समय हुआ जब ये चारों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल पुल से टकरा गई।”

एक अन्य हादसे में, कोलार जिले के श्रीनिवासपुर में रविवार को एक कार के पलट जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में से दो की पहचान आंध्र प्रदेश निवासी मुनियम्मा और वेंकटप्पा के रूप में हुई है।

इस दुर्घटना में 10 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें आंध्र प्रदेश के मदनपल्ली स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया, “यह हादसा उस समय हुआ जब श्रमिक काम खत्म करके लौट रहे थे। श्रीनिवासपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।”

दिल्ली के 10 से अधिक स्कूल को मिली बम की धमकी, तलाश अभियान जारी

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को कम से कम 10 विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए जिसके कारण बड़े पैमाने पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी।

डीएफएस के अनुसार, शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित कई शैक्षणिक संस्थानों से सुबह के समय आपातकालीन कॉल प्राप्त हुए, जिसके बाद दमकल गाड़ियां और बम निरोधक दस्ते तुरंत उन स्थानों पर भेजे गए।

डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आज कुल 10 स्कूल को बम की धमकी मिली। दमकल सेवा दल तुरंत परिसर में पहुंचे। तलाशी ली जा रही है।’’

एहतियात के तौर पर इन सभी स्कूल को खाली करा लिया गया है।

बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाले दलों के साथ मिलकर श्वान दल व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं।

21 साल का हुआ Google Maps: डूबते स्टार्टअप से ऐसे बनी 1 लाख करोड़ की कंपनी, नेविगेशन की दुनिया में मचाया तहलका

टेक डेस्क : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में रास्ता खोजने के लिए हम सभी जिस Google Maps पर निर्भर हैं, वह अपनी स्थापना के 21 साल पूरे कर चुका है। एक समय जो केवल एक असफल स्टार्टअप था, वह आज दुनिया का सबसे बड़ा नेविगेशन प्लेटफॉर्म बन चुका है।

ऑस्ट्रेलियाई भाइयों की देन:गूगल मैप्स की शुरुआत गूगल ने नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया की एक स्टार्टअप कंपनी ‘Where2’ ने की थी। इसे लार्स (Lars) और जेन्स रासमुसेन (Jens Rasmussen) नाम के दो भाइयों ने शुरू किया था। उस समय के स्थिर नक्शों के बजाय उन्होंने ‘इंटरएक्टिव और ड्रैग करने योग्य’ नक्शों का विचार दिया था। जब फंडिंग रुकने के कारण कंपनी संकट में आई, तब लैरी पेज की नजर इस टेक्नोलॉजी पर पड़ी और गूगल ने इसे खरीदकर ब्राउजर आधारित प्लेटफॉर्म में बदल दिया।

सफलता का सफर:2005 में लॉन्च: लॉन्च से ठीक एक दिन पहले गूगल मैप्स लीक हो गया था, लेकिन इसके स्मूथ और ड्रैग होने वाले डिजिटल नक्शों ने पहली बार में ही दुनिया को चौंका दिया।नंबर 1 प्लेटफॉर्म: 2006 तक यह दुनिया का सबसे बड़ा मैप प्रोवाइडर बन गया। बाद में इसमें सैटेलाइट इमेजरी, रियल टाइम ट्रैफिक, GPS नेविगेशन और AI आधारित रूट ऑप्टिमाइजेशन जैसे फीचर्स जोड़े गए, जिसने इसे रोजमर्रा की जरूरत बना दिया।

कमाई का बड़ा जरिया:गूगल मैप्स अब अपनी मूल कंपनी अल्फाबेट (Alphabet) के लिए कमाई का एक बड़ा इंजन है। 2023 तक इसका रेवेन्यू **11 अरब डॉलर (लगभग 1 लाख करोड़ रुपये)** से ज्यादा हो गया है। इसकी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा **विज्ञापनों (Ads), प्रमोटेड पिन्स और डेवलपर्स द्वारा उपयोग किए जाने वाले API की फीस से आता है।

मुकाबला और भविष्य:आज बाजार में Apple Maps, Waze और भारत के MapmyIndia जैसे कई प्रतियोगी इसे चुनौती दे रहे हैं। इसके बावजूद, अपनी बेहतरीन टेक्नोलॉजी और विशाल डेटा स्केल के कारण गूगल मैप्स आज भी इंडस्ट्री का सबसे मजबूत खिलाड़ी बना हुआ है।

PF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी: फ्री में मिलेगा ₹7 लाख तक का बीमा; जानें क्या है EPFO की EDLI स्कीम

बिजनेस डेस्क: यदि आपकी सैलरी से पीएफ (PF) कटता है, तो आप बिना किसी अतिरिक्त खर्च के ₹7 लाख तक के मुफ्त जीवन बीमा के हकदार हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सब्सक्राइबर्स को यह सुरक्षा कवच EDLI (Employees’ Deposit-Linked Insurance) स्कीम के तहत प्रदान करता है।

नियोक्ता भरता है पूरा प्रीमियम: इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कर्मचारी को इसके लिए अपनी जेब से एक भी पैसा नहीं देना पड़ता। इस इंश्योरेंस का पूरा प्रीमियम आपकी कंपनी या नियोक्ता (Employer) द्वारा भरा जाता है। जैसे ही आपका पीएफ खाता खुलता है, आप खुद-ब-खुद इस योजना का हिस्सा बन जाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य नौकरी के दौरान किसी कर्मचारी के साथ अनहोनी होने पर उसके परिवार को अचानक आए आर्थिक संकट से बचाना है।

कैसे तय होती है ₹7 लाख की राशि? बीमा की राशि कर्मचारी की पिछले 12 महीनों की औसत बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) पर निर्भर करती है।नियम के अनुसार, इंश्योरेंस कवर औसत सैलरी का 35 गुना होता है।इसमें ₹1.75 लाख का बोनस भी जोड़ा जाता है।गणना के लिए सैलरी की अधिकतम सीमा ₹15,000 तय की गई है, जिसके आधार पर अधिकतम लाभ ₹7 लाख तक पहुँचता है।

क्लेम करने का तरीका और नियम: नौकरी के दौरान मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति (Nominee) या कानूनी वारिस ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय में फॉर्म 5 IF भरकर क्लेम कर सकते हैं। इसके लिए मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी जैसे दस्तावेज जरूरी हैं। विभाग का लक्ष्य रहता है कि दावा 30 दिनों के भीतर निपटा दिया जाए, अन्यथा देरी होने पर विभाग को दावेदार को 12% सालाना ब्याज देना पड़ता है।

ई-नॉमिनेशन है जरूरी: इस राशि पर पहला हक पीएफ खाते में दर्ज नॉमिनी का होता है। नॉमिनी न होने की स्थिति में जीवनसाथी या बच्चे भी इसके लिए दावा कर सकते हैं। इसलिए, यह बहुत जरूरी है कि पीएफ खाते में ई-नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूरी रहे ताकि परिवार को हक पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

अरिजीत सिंह की सुरीली वापसी: रिटायरमेंट के ऐलान के बाद पहली बार स्टेज पर आए नजर, अनुष्का शंकर के साथ जुगलबंदी

कोलकाता: बॉलीवुड के दिग्गज गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा के महज कुछ दिनों बाद ही स्टेज पर धमाकेदार वापसी की है। रविवार रात कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में हुए एक लाइव शो के दौरान अरिजीत को फिर से गाते देख उनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और कई प्रशंसक भावुक हो गए।

अनुष्का शंकर के साथ जुगलबंदी: अरिजीत सिंह ने मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के ‘चैप्टर्स टूर 2026’ में गेस्ट परफॉर्मर के तौर पर हिस्सा लिया। जैसे ही वे मंच पर आए, पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा। अरिजीत ने दर्शकों को संबोधित करते हुए मुस्कुराकर कहा कि वे काफी नर्वस महसूस कर रहे हैं।

इन गानों से जीता दिल: अरिजीत ने अनुष्का शंकर और तबला वादक बिक्रम घोष के साथ मिलकर एक बांग्ला रचना ‘माया भोरा राती’ पेश की, जिसे मूल रूप से लक्ष्मी शंकर ने गाया था। इसके बाद उन्होंने अनुष्का के साथ मिलकर ‘ट्रेसेस ऑफ यू’ का ड्यूएट वर्जन परफॉर्म किया। लगभग 20 मिनट तक चली इस शानदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भविष्य की योजनाएं: अरिजीत ने शो के दौरान खुलासा किया कि वे हाल ही में अनुष्का शंकर के घर गए थे, जहाँ दोनों ने मिलकर एक नई धुन पर काम किया है। इस खुलासे से फैंस को उम्मीद है कि भविष्य में यह जोड़ी कुछ खास लेकर आएगी। गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर सबको चौंका दिया था।