ब्रेकिंग न्यूज़
शिरोमणि अकाली दल का चुनाव चिन्ह तकड़ी विवाद*चुनाव आयोग ने याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार किया

चंडीगढ़ (सत्ता संदेश)-शिरोमणि अकाली दल का चुनाव चिन्ह तकड़ी विवाद बढ़ सकता है। दो दिसंबर को श्री अकाल तख्त साहिब से जारी हुए हुकमनामे में शिअद के लिए नई लीडरशिप को आगे लाने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाकर जो भर्ती अभियान शुरू करने का आदेश जारी किया गया था, उसके बाद से ही पार्टी दोफाड़ हो गई थी। पार्टी के ज्यादातर वरिष्ठ नेता अकाली दल पुनर्सुरजीत बनाकर अलग हो गए और उन्होंने अपने आप को असल अकाली दल के रूप में पेश करते हुए निर्वाचन आयोग में एक याचिका दायर करके चुनाव चिन्ह तकड़ी की मांग की और साथ ही अपनी पार्टी का नाम अकाली दल रखने की इजाजत मांगी थी। पार्टी नेता ने पिछले साल 24 जुलाई को ज्यादातर पदाधिकारियों से हस्ताक्षर करवाकर याचिका दायर की है जिसमें संरक्षक के तौर पर सुखदेव सिंह ढींडसा के भी हस्ताक्षर हैं। सूत्रों की मानें तो चुनाव आयोग ने इस पर ऐतराज जताया कि एक जैसा नाम कैसे दिया जा सकता है। आप लोगों की नई पार्टी है तो आप कुछ अलग नाम रखो। यह भी कहा गया कि 1992 के बाद चुनाव आयोग ने पार्टियों के दोफाड़ होने पर एक जैसे नाम नहीं दिए हैं। अकाली दल पुनर्सुरजीत की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि पार्टी नई नहीं बनी है बल्कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के आदेश के बाद पार्टी दोफाड़ हो गई है और उसके ज्यादातर पदाधिकारियों ने सुखबीर बादल का साथ छोड़ दिया है, इसलिए पार्टी के चुनाव चिन्ह और नाम पर केवल उनका अधिकार है। इसके पीछे पार्टी की ओर से यह दलील दी कि पार्टी के पदाधिकारी जिस गुट के पास ज्यादा होते हैं उसे ही चुनाव चिन्ह और नाम मिलता है। दलीलों पर सहमति जताते हुए चुनाव आयोग ने याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है, हालांकि उधर शिरोमणि अकाली दल के उपप्रधान और पार्टी सचिव डा. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि उन्हें अभी चुनाव आयोग का कोई नोटिस नहीं मिला है। अगर मिला तो वह कानूनी तौर पर इसका जवाब देंगे।

पिता के निधन के बाद रिंकू सिंह का दिलेरी भरा फैसला: अंतिम संस्कार कर फिर टीम इंडिया से जुड़ेंगे; देश के लिए निभाएंगे जिम्मेदारी

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह इस समय अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और जिम्बाब्वे के बीच 26 फरवरी को हुए मुकाबले के कुछ ही घंटों बाद, 27 फरवरी की सुबह उनके पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। उनके पिता उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थे और लंबे समय से चौथी स्टेज के लिवर कैंसर से जूझ रहे थे।

टूर्नामेंट के बीच पहुंचे थे अस्पताल: रिंकू सिंह अपने पिता की बिगड़ती हालत को देखकर टूर्नामेंट के बीच में ही उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे, हालांकि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से एक दिन पहले वापस टीम में लौट आए थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में वह अंतिम एकादश (Playing-11) का हिस्सा नहीं थे, लेकिन एक सब्स्टिट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर उतरे थे। मैच खत्म होने के बाद शुक्रवार सुबह जब उन्हें पिता के निधन की खबर मिली, तो वह चेन्नई से सीधे अपने घर अलीगढ़ पहुंचे। वहां उन्होंने एक बेटे की जिम्मेदारी निभाते हुए पिता की अर्थी को कंधा दिया और अंतिम संस्कार की क्रियाएं पूरी कीं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले वापसी: व्यक्तिगत दुख के बावजूद रिंकू ने हिम्मत दिखाते हुए देश के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह शनिवार 28 फरवरी को कोलकाता में टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 1 मार्च को ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होना है।

यह मैच भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और टीम की जरूरत को देखते हुए रिंकू ने तुरंत वापसी का फैसला लिया है। दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने भी रिंकू के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

थलपति विजय और संगीता के बीच 27 साल का रिश्ता टूटने की कगार पर: पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप; साउथ की ये एक्ट्रेस हुई ट्रोल

मनोरंजन डेस्क: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। खबरों के मुताबिक, उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने शादी के 27 साल बाद उनसे अलग होने का फैसला किया है और चेन्नई के चेंगलपट्टु फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी है।

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप: संगीता ने अपनी शिकायत में विजय पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता का कहना है कि अप्रैल 2021 से ही विजय का किसी साउथ एक्ट्रेस के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विजय ने इस रिश्ते को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जिससे उन्हें और उनके बच्चों को मानसिक और भावनात्मक दर्द के साथ-साथ सामाजिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। संगीता ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत तलाक के साथ-साथ स्थायी गुजारा भत्ता (Alimony) और ससुराल में रहने के हक की भी मांग की है।

तृषा कृष्णन को किया जा रहा ट्रोल: तलाक की खबरें सार्वजनिक होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सुराग ढूंढना शुरू कर दिया है। हालांकि कोर्ट की शिकायत में किसी एक्ट्रेस का नाम नहीं है, लेकिन नेटिजन्स तृषा कृष्णन को निशाना बना रहे हैं। विजय और तृषा की पुरानी तस्वीरें और विदेश यात्राओं के दावे इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं, जिसके कारण तृषा को बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा है।

करियर में भी चल रही है मुश्किल: निजी विवादों के साथ-साथ विजय अपने करियर में भी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायगन’, जो जनवरी 2026 में रिलीज होनी थी, वह लंबे समय से अटकी हुई है। विजय और संगीता की शादी साल 1999 में हुई थी।

दिल्ली में सुबह धूप निकली, वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह धूप निकली और न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 3.9 डिग्री सेल्सियस से अधिक 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 31.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 238 दर्ज किया गया, जो ‘‘खराब’’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता स्तर को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी लवलीना और निकहत

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और दो बार की विश्व चैंपियन निकहत ज़रीन 28 मार्च से 11 अप्रैल तक मंगोलिया में होने वाली एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की 20 सदस्यीय टीम की अगुवाई करेंगी।

भारत ने एक महीने तक चली गहन मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद 20 सदस्यीय टीम का चयन किया है। जनवरी में राष्ट्रीय चैंपियनशिप के बाद संभावित खिलाड़ियों को पटियाला में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में शामिल किया गया था।

चयन नीति के अनुसार एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिए चुना जाएगा। इससे इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप का महत्व बढ़ गया है।

स्पेन में हाल ही में बॉक्सम एलीट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली लवलीना (75 किग्रा) महिला टीम की अगुवाई करेंगी। स्पेन में स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्य खिलाड़ियों प्रीति (54 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और प्रिया (60 किग्रा) को भी टीम में शामिल किया गया है।

मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी (48 किग्रा) और जैस्मीन (57 किग्रा) भी टीम में शामिल हैं। महिला वर्ग में अन्य खिलाड़ियों में विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल की स्वर्ण पदक विजेता निकहत ज़रीन (51 किग्रा), अंकुशिता बोरो (65 किग्रा), पूजा रानी (80 किग्रा) और अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान (80 किग्रा से अधिक) को टीम में जगह दी गई है।

पुरुषों के वर्ग में विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल और बॉक्सम चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता सचिन (60 किग्रा) टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ आकाश (75 किग्रा) भी शामिल हैं, जिन्होंने स्पेन में स्वर्ण पदक जीता था।

स्पेन में रजत पदक जीतने वाले दीपक (70 किग्रा) और अंकुश (80 किग्रा) तथा स्पेन में कांस्य पदक विजेता और विश्व मुक्केबाजी फाइनल के रजत पदक विजेता जदुमणि सिंह मंडेंगबाम (55 किग्रा) भी टीम का हिस्सा हैं।

विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा), आदित्य प्रताप यादव (65 किग्रा), लोकेश (85 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा) और नरेंद्र (90 किग्रा से अधिक) टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी हैं।

भारतीय मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, ‘‘एशियाई चैंपियनशिप में हमेशा आपके कौशल और निरंतरता की अच्छी परीक्षा होती है। हमारा ध्यान ऐसे मुक्केबाजों के चयन पर रहा है जिन्होंने अच्छी फॉर्म, अनुशासन और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता दिखाई है। हमें विश्वास है कि यह टीम एशिया चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेगी।’’

खिलाड़ियों का मूल्यांकन मुख्य कोच सैंटियागो नीवा (महिला) और सीए कुट्टप्पा (पुरुष) की देखरेख में किया गया। भारतीय टीम ने स्पेन में बॉक्सम एलीट में नौ स्वर्ण पदक जीते थे।

एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम:

पुरुष: विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा), जदुमणि सिंह मंडेंगबाम (55 किग्रा), सचिन (60 किग्रा), आदित्य प्रताप यादव (65 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), आकाश (75 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), लोकेश (85 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा), नरेंद्र (90 किग्रा से अधिक)।

महिला: मिनाक्षी (48 किग्रा), निकहत ज़रीन (51 किग्रा), प्रीति (54 किग्रा), जैस्मिन (57 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा), अंकुशिता बोरो (65 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), पूजा रानी (80 किग्रा), अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान (80 से अधिक किग्रा)।

ट्रंप ने अमेरिकी एजेंसियों को एंथ्रोपिक की एआई तकनीक का इस्तेमाल बंद करने का आदेश दिया

वाशिंगटन, 28 फरवरी (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने शुक्रवार को देश की सभी सरकारी एजेंसियों को एआई कंपनी एंथ्रोपिक की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का उपयोग बंद करने का आदेश दिया और अन्य कड़े दंडात्मक कदम भी उठाए।

यह निर्णय सरकार और कंपनी के बीच एआई सुरक्षा को लेकर जारी विवाद के बाद लिया गया।

राष्ट्रपति ट्रंप, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अन्य अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर एंथ्रोपिक की आलोचना की। उनका आरोप है कि कंपनी ने शुक्रवार तक की समयसीमा के भीतर सेना को अपनी एआई तकनीक के असीमित उपयोग की अनुमति नहीं दी, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

इससे पहले, एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डारियो अमादेई ने इन चिंताओं को लेकर सेना के साथ काम करने से इनकार कर दिया था कि कंपनी के उत्पादों का उपयोग ऐसे तरीकों से किया जा सकता है जो उसके सुरक्षा उपायों का उल्लंघन करेंगे।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘हमें कंपनी की तकनीक की जरूरत नहीं है और भविष्य में उससे कोई कारोबार नहीं किया जाएगा।’’

रक्षा मंत्री हेगसेथ ने एंथ्रोपिक को ‘‘आपूर्ति श्रृंखला जोखिम’’ घोषित किया, जो आमतौर पर विरोधी देशों की कंपनियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला दर्जा है।

कंपनी ने इस कदम को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि किसी अमेरिकी कंपनी को इस तरह चिह्नित करना कानूनी रूप से गलत है और खतरनाक मिसाल बनेगा।

एंथ्रोपिक ने कहा कि कंपनी केवल यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि उसका एआई चैटबॉट ‘क्लाउड’ अमेरिकी नागरिकों की सामूहिक निगरानी या पूरी तरह स्वायत्त हथियारों में इस्तेमाल न किया जाए। हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने कहा कि तकनीक का उपयोग केवल कानूनी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा, लेकिन उसने बिना किसी सीमा के पहुंच की मांग की।

यह विवाद राष्ट्रीय सुरक्षा में एआई की भूमिका को लेकर बढ़ती बहस के बीच सामने आया है।

सिलिकॉन वैली में भी इस फैसले पर प्रतिक्रिया देखने को मिली।

ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कंपनी के सुरक्षा संबंधी रुख का समर्थन किया, जबकि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने ट्रंप प्रशासन का पक्ष लिया।

28 फरवरी : भौतिक विज्ञान में भारत की बड़ी उपलब्धि का दिन

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) देश में 28 फरवरी को विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। यही वह दिन है जब देश के महान वैज्ञानिक सी वी रमन ने ‘रमन प्रभाव’ का आविष्कार किया था, जिसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

महान भौतिक विज्ञानी सर चंद्रशेखर वेंकट रमन ने 28 फरवरी 1928 को भौतिकी के गंभीर विषय में एक महत्वपूर्ण खोज की थी। पारदर्शी पदार्थ से गुजरने पर प्रकाश की किरणों में आने वाले बदलाव पर की गई इस महत्‍वपूर्ण खोज के लिए 1930 में उन्हें भौतिकी के नोबेल पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया। वह यह पुरस्कार ग्रहण करने वाले भारत ही नहीं बल्कि एशिया के पहले वैज्ञानिक थे। इस खोज के सम्‍मान में 1986 से इस दिन को राष्‍ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाने का चलन है। वर्ष 1954 में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान भारत रत्‍न से नवाजा।

देश-दुनिया के इतिहास में 28 फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1568 : करीब चार महीने की घेराबंदी के बाद अकबर की सेना ने चितौड़गढ़ पर कब्जा किया।

1922 : मिस्र को एक स्वतंत्र राष्ट्र घोषित किया गया।

1928 : सी वी रमन ने रमन प्रभाव का आविष्कार किया, जिसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया।

1936 : देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पत्नी कमला नेहरू का निधन।

1942 : दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जापान की सेना ने जावा के द्वीप पर कब्जा किया और यह द्वीप 1945 तक उनके कब्जे में रहा।

1948 : भारत की आजादी के लगभग छह माह बाद ब्रिटिश सेना की अंतिम टुकड़ी अपने देश लौट गई।

1949 : राष्ट्रमंडल समूह के सुदूर पूर्व के देशों ने नयी दिल्ली में बैठक के दौरान बर्मा के गृह युद्ध में मध्यस्थता की पेशकश की।

1986 : स्वीडन के प्रधानमंत्री ओलोफ पाल्मे की स्टॉकहोम में गोली मार कर हत्या।

1991 : खाड़ी क्षेत्र में युद्ध विराम लागू।

1992 : भारत और ब्रिटेन ने आतंकवाद के विरुद्ध सहयोग के समझौते पर हस्ताक्षर किए।

1993 : ईरान में भारी पैमाने पर आई बाढ़ में करीब 500 लोगों की मौत। इसे देश की अब तक की सबसे घातक प्राकृतिक आपदा कहा गया।

2002 : यूरो जोन के देशों में उनकी राष्ट्रीय मुद्रा के चलन का अंतिम दिन। इसके बाद सभी देशों की मुद्रा यूरो हुई।

2013 : पोप बेनेडिक्ट 16 ने इस्तीफा दिया। लगभग 600 साल में यह पहला मौका था जब पोप ने अपना पद छोड़ा हो।

2020 : चीन में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस से दुनियाभर में 83,000 से अधिक लोग संक्रमित पाये गये।

2025 : बदरीनाथ के पास माणा में हिमस्खलन होने से 41 मजदूर बर्फ में दबे।

1 मार्च से बदल रहे हैं ये 6 बड़े नियम: रेल टिकट से लेकर UPI और व्हाट्सएप चलाने के अंदाज तक, सब कुछ बदल जाएगा

बिजनेस डेस्क: 1 मार्च 2026 से आम आदमी की जिंदगी और जेब से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहा है। ये बदलाव बैंकिंग, रेलवे, गैस और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित हैं, जो आपके मासिक खर्च और दैनिक कामकाज को प्रभावित कर सकते हैं।

1. रेलवे टिकट के लिए नया ‘RailOne’ ऐप भारतीय रेलवे 1 मार्च से अपना पुराना UTS ऐप बंद कर सकता है। इसकी जगह अब ‘RailOne’ ऐप पूरी तरह से एक्टिव हो जाएगा, जिस पर यात्री जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल यात्रा से जुड़ी सभी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।

2. सिम बाइंडिंग: बिना सिम नहीं चलेगा व्हाट्सएप डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए सरकार 1 मार्च से ‘सिम बाइंडिंग’ का नया नियम लागू कर रही है। इसके तहत व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप्स अब सीधे आपके सिम कार्ड से लिंक होंगे। यदि आप फोन से सिम निकालते हैं, तो ये ऐप्स तुरंत काम करना बंद कर देंगे; यहाँ तक कि इन्हें वाई-फाई के जरिए भी ऑपरेट नहीं किया जा सकेगा।

3. UPI पेमेंट के लिए अतिरिक्त सुरक्षा डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए अब बड़ी रकम का ऑनलाइन ट्रांसफर सिर्फ यूपीआई पिन (UPI PIN) से नहीं होगा। बैंक अब हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन के लिए अतिरिक्त बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य करने जा रहे हैं।

4. मिनिमम बैलेंस के नियम में राहत सरकारी बैंक 1 मार्च से न्यूनतम बैलेंस (Minimum Balance) के नियमों में बदलाव कर रहे हैं। अब किसी एक दिन अकाउंट में बैलेंस कम होने पर पेनल्टी नहीं लगेगी, बल्कि पेनल्टी की गणना एवरेज मंथली बैलेंस के आधार पर की जाएगी।

5. LPG और ईंधन की कीमतें हर महीने की पहली तारीख की तरह ही, तेल कंपनियां रसोई गैस (LPG), सीएनजी (CNG), पीएनजी (PNG) और विमान ईंधन (ATF) के दामों की समीक्षा करेंगी। पिछले महीने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर में ₹49 की बढ़ोतरी हुई थी, इस महीने भी कीमतों में बदलाव की संभावना है।

6. होली स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत त्योहारों के मद्देनजर रेलवे ने 10 और होली स्पेशल ट्रेनों की सूची जारी की है, ताकि यात्रियों को कंफर्म टिकट की समस्या न हो।

पाकिस्तान के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं और वे बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं: ट्रंप

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, 28 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके पाकिस्तान के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं और वह देश ‘‘बहुत अच्छा’’ प्रदर्शन कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं। आपके पास एक महान प्रधानमंत्री हैं, एक महान जनरल हैं। आपके पास एक अच्छा नेता हैं, दो ऐसे लोग जिनका मैं वास्तव में बहुत सम्मान करता हूं और मुझे लगता है कि पाकिस्तान बहुत बढ़िया प्रदर्शन कर रहा है।’’

ट्रंप से पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू किए गए ‘‘खुले युद्ध’’ को लेकर सवाल किया गया था और यह भी पूछा गया था कि क्या वह लड़ाई रोकने के लिए हस्तक्षेप करेंगे।

अमेरिका की राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री एलिसन हुकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने शुक्रवार को पाकिस्तान की विदेश मंत्री आमना बलूच से बात की तथा ‘‘पाकिस्तान और तालिबान के बीच हाल में हुए संघर्ष में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और तालिबान के हमलों के खिलाफ आत्मरक्षा करने के पाकिस्तान के अधिकार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हैं।’’

बोलिविया में भीषण विमान हादसा: पैसों से भरे एयरफोर्स के प्लेन के उड़ते ही उड़े नोट; 15 की मौत

नेशनल डेस्क: बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास एल अल्टो शहर में शुक्रवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा हुआ है,। बोलिविया एयर फ़ोर्स का एक हरक्यूलिस एयरक्राफ्ट, जो सेंट्रल बैंक से नए करेंसी नोट (बैंक नोट) लेकर दूसरे शहरों के लिए रवाना हुआ था, एयरपोर्ट के पास एक हाइवे पर क्रैश हो गया,। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं,।

सड़क पर बिखरे नोट और मची लूट : हादसा इतना भयानक था कि विमान के टकराते ही उसमें रखे नोटों के बंडल हवा में बिखर गए और चारों तरफ फैल गए,। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जहां एक तरफ रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोग बिखरे हुए पैसों को लूटने के लिए दौड़ पड़े। भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को वहां से हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

हाइवे पर मची तबाही : विमान हाइवे पर गिरा, जिससे वहां खड़ी 15 से ज्यादा गाड़ियां इसकी चपेट में आकर जल गईं,। प्रशासन अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाया है कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या सड़कों पर मौजूद गाड़ियों में थे। इस घटना के बाद एयरपोर्ट से सभी उड़ानों को फिलहाल के लिए रोक दिया गया है।